23/02/2024
#एसएसबी जवानों के साथ डेल्ही पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति को लेकर निकाली जागरूकता रैली
48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल जयनगर के द्वारा शुक्रवार को नशा मुक्त भारत पखवाड़ा के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को 48 वीं मुख्यालय परिसर बाजार समिति से डिप्टी कमांडेंट विवेक ओझा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल एसएसबी जवानों व बच्चों ने प्रेरक नारों से लिखी तख्तियों एवं बैनरों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश देने के साथ लोगो को नशा मुक्ति के लिए प्रेरित किया।रैली के दौरान बच्चों ने "हम सभी का यही है नारा नशा मुक्त हो देश हमारा", "हमें यही बताना है, नशे को दूर भगाना है",बाल विवाह बंद करो आदि प्रेरक नारों से लिखी तख्तियों एवं बैनरों के माध्यम से लोगों को नशा मुक्ति के लिए प्रेरित किया। इसके बाद रैली डेल्ही पब्लिक स्कूल जयनगर कैम्प में पहुंचकर संपन्न हुई। इस मौके पर डिप्टी कमांडेंट विवेक ओझा ने कहा कि नशा मुक्ति से ही देश एवं समाज की तरक्की संभव है। नशे ने हमारे समाज को खोखला कर दिया है और हमारी युवा पीढ़ी को बर्बादी की कगार पर ले कर जा रहा है। भारत को नशा मुक्त बनाने के लिए हम सभी को जागरूक होकर समाज को भी जागरूक करना होगा।वहीं स्कूल के डायरेक्टर राजीव रंजन ने कहा कि नशीली दवा का लत हज़ारों लोगों को प्रभावित करती है। एसएसबी द्वारा सीमा सुरक्षा के साथ ही लोगों को भी नशा मुक्ति से प्रेरित करने को लेकर जागरूकता कार्यक्रम जो चलाया जा रहा है वह कार्यक्रम सराहनीय है।इस मौके पर ग्राम विकास युवा ट्रस्ट मधुबनी के सीएसडब्लू सविता देवी,पप्पू कुमार,डेल्ही पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर राजीव रंजन,प्रिंसिपल रागनी रंजन, असिटेंट प्रिंसिपल फरहान अहमद खान,लक्ष्मण यादव,आनंद कुमार,प्रभात कुमार,ज्योत्स्ना सिंह,अरविंद शास्त्री,लक्ष्मण यादव आदि सहित एसएसबी के अधिकारी, जवान व गणमान्य लोग मौजूद रहे।