01/01/2026
गवाली पंचायत में महिला मंडलों ने शुरू किया घर-घर सूखा कचरा संग्रहण अभियान
ग्राम पंचायत गवाली में मंगलवार दिनांक 30/12/2025 को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में महिला मंडलों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्कूली बच्चों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
अभियान के दौरान गवाली पंचायत के अंतर्गत आने वाले पुंदल, निचला पुंदल, चतरील, मुलसू, सरवाला एवं परयाड़ा महिला मंडलों की सदस्यों द्वारा घर-घर जाकर सूखे कचरे का संग्रहण किया गया। इसके साथ ही गवाली बाजार क्षेत्र, विद्यालय परिसर तथा उसके आसपास फैले प्लास्टिक, बोतलें, पॉलीथिन व अन्य अपशिष्ट को एकत्र किया गया। इस स्वच्छता अभियान में स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों ने समीपवर्ती जंगल क्षेत्र में जाकर वहां लोगों द्वारा फेंके गए कचरे को भी इकट्ठा किया। इस दौरान फॉरेस्ट गार्ड राम कृष्ण एवं अनिल कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और अभियान में सहयोग किया।
इस अवसर पर पंचायत प्रधान सुनील डोगरा ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत ने यह निर्णय लिया है कि अब महिला मंडलों की सदस्याएं नियमित रूप से घर-घर से सूखा कचरा एकत्र कर पंचायत घर में जमा करेंगी। इस कचरे को आगे पंचायत के माध्यम से अधिकृत कचरा संयंत्र भेजा जाएगा। उन्होंने महिलाओं एवं स्कूली बच्चों से अपील की कि वे खुले में कचरा न फेंकें तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें। उन्होंने कहा कि “गंदगी यदि हम सबने फैलाई है, तो उसे हटाने की जिम्मेदारी भी हम सभी की है।”
वहीं उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान जंगल में भारी मात्रा में कचरा फेंका जा रहा है, जोकि पधर बाजार व आसपास के लोगों द्वारा फैंका जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में यदि कोई खुले में कचरा फेंकते हुए पकड़ा जाता है तो उसका चलान किया जाएगा और कानूनी कार्यवाही भी अम्ल में लाई जाएगी।
इस अभियान से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। कार्यक्रम के अंत में महिला मंडलों के सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने इस अभियान को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।