15/08/2026
केडी मेडिकल कॉलेज में हर्षोल्लास से मना स्वतंत्रता दिवस
राष्ट्रोत्थान का संकल्प ले युवा पीढ़ीः कुलाधिपति डॉ. रामकिशोर अग्रवाल
मथुरा। शनिवार को केडी विश्वविद्यालय के चिकित्सा शिक्षा संस्थान के.डी. मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और उमंग के बीच मनाया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक देशभक्तिपूर्ण कार्यक्रम पेश किए। ध्वजारोहण डीन और प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका ने किया।
कुलाधिपति डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने सभी शिक्षकों, छात्र-छात्राओं तथा कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि यह आजादी हमें अमर शहीदों के त्याग और बलिदान से मिली है। इस दिन हमें राष्ट्र निर्माण, देश के विकास व रक्षा का संकल्प लेने के साथ महात्मा गांधी के सत्य व अहिंसा के सिद्धांतों को जीवन में उतारना चाहिए। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि हम भाग्यशाली हैं कि हमारे पूर्वजों ने शांति और खुशी की धरती दी है, जहां हम बिना भेदभाव के रह सकते हैं। उन्होंने युवा पीढ़ी से राष्ट्रोत्थान का संकल्प लेने का आह्वान किया।
प्रति-कुलाधिपति मनोज अग्रवाल ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि हमारा देश आज तेजी से हर क्षेत्र में विकास कर रहा है, यह आजादी बिना कतई सम्भव नहीं था। उन्होंने कहा कि यह दिन केवल एक राष्ट्रीय अवकाश नहीं है, बल्कि आजादी, आत्मसम्मान एवं देशभक्ति का प्रतीक है। इस दिन का महत्व प्रत्येक भारतीय के हृदय में विशेष स्थान रखता है, क्योंकि यह हमारी पराधीनता से मुक्ति एवं एक स्वतंत्र लोकतांत्रिक राष्ट्र के रूप में भारत के नवनिर्माण की याद दिलाता है।
डीन और प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका ने अपने सम्बोधन में कहा कि भारत, लगभग 200 वर्षों तक ब्रिटिश शासन के आधीन रहा। इसका भारतीय समाज, राजनीति, संस्कृति एवं अर्थव्यवस्था पर गहरा प्रभाव पड़ा था। डॉ. अशोका ने बताया कि देश की आजादी के लिए जहां एक ओर गांधीजी अहिंसात्मक मार्ग पर चल रहे थे वहीं दूसरी ओर कई क्रांतिकारी, सशक्त क्रांति के रास्ते पर आगे बढ़े।
डॉ. अशोका ने कहा कि भगतसिंह, चंद्रशेखर आजाद, राजगुरु, सुखदेव, वीर सावरकर जैसे महान क्रांतिकारियों ने आजादी के लिए अपने जीवन की आहूति दी, जिनका देश के लिए बलिदान हमें हमेशा स्मरण रहेगा। इसके अलावा नेताजी सुभाषचंद्र बोस एवं उनकी आजाद हिन्द फौज ने देश के बाहर से आजादी की लड़ाई को समर्थन दिया और अंग्रेजों को यह संदेश दिया कि भारत हर हाल में स्वतंत्र होगा। उन्होंने मेडिकल छात्र-छात्राओं से कहा कि आजादी का मतलब मौज-मस्ती नहीं बल्कि राष्ट्रोत्थान होना चाहिए। देश के जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमें हर पल, हर क्षण किसी भी आपात स्थिति के लिये तैयार रहना चाहिए।
डॉ. अशोका ने कहा कि आज हम जब तकनीकी और वैश्विक विकास की ओर बढ़ रहे है। स्वतंत्रता दिवस का अर्थ सिर्फ उत्सव तक सीमित नहीं रह गया, आज यह आत्म-मंथन और राष्ट्र निर्माण का अवसर बन गया है। आजादी का अर्थ केवल विदेशी शासन से मुक्ति नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक के लिए गरिमा, अधिकार और जिम्मेदारी की भावना से जुड़ा हुआ है। आज के समय में सच्ची स्वतंत्रता तब मानी जाएगी, जब प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता मिलेगी।
स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर हमें नवजागरण की आवश्यकता है एवं हमें उस भारत का निर्माण करना है, जिसका सपना हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने देखा था। हमें आत्मनिर्भर भारत, हरित भारत एवं समानता पर आधारित समाज की दिशा में ठोस कदम उठाने होंगे। यह दिन हमें प्रेरित करता है कि हम केवल स्वतंत्र नागरिक न बनें, हमें सजग, उत्तरदायी एवं देशप्रेम से पूर्ण स्वरूप से व्याप्त नागरिक की जिम्मेदारी निभानी है।
उप प्राचार्या डॉ. गगनदीप कौर ने छात्र-छात्राओं का कुछ मुख्य बातों की तरफ ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने स्वच्छता, लैंगिक समानता, एक-दूसरे का सहयोग और सम्मान आदि का अपने व्यवहार में सम्मिलित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर डॉ. वीपी पांडेय ने भी स्वतंत्रता दिवस के मायने समझाए। इस अवसर पर देशभक्तिपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम डॉ. अमनजोत कौर एवं डॉ. सुधाकर राय के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुए। स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में डॉ. मंजू पांडेय, डॉ. अचल शर्मा, डॉ. शिप्रा तिवारी, डॉ. जयेश, डॉ. संध्या, डॉ. आकांक्षा माथुर, कर्नल संदीप ढींगरा, अमित शर्मा, सुनील गौतम, शीला एलेक्स, अखिलेश शुक्ला, डॉ. सोनू शर्मा आदि उपस्थित रहे। आभार डॉ. सौरभ कुलकर्णी ने माना।
https://kdhospitalmathura.org/Blogs/80th-independence-day-celebrated-with-great-enthusiasm-at-kd-medical-college/