18/08/2026
चंबल भवन में आयोजित जनसुनवाई में 05 आवेदकों की समस्याएं सुनीं, त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश
चंबल भवन, मुरैना में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में चंबल संभाग आयुक्त श्री सुरेश कुमार के निर्देशानुसार संयुक्त आयुक्त (विकास) श्री बी.एस. जाटव ने आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता, संवेदनशीलता एवं आत्मीयता के साथ सुना। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 05 आवेदन प्राप्त हुए।
संयुक्त आयुक्त (विकास) श्री बी.एस. जाटव ने प्रत्येक आवेदन का परीक्षण करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर त्वरित, समयबद्ध एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए तथा शिकायतकर्ता को नियमानुसार राहत प्रदान की जाए।
जनसुनवाई में राजस्व एवं भूमि संबंधी विवाद, पुलिस विभाग से संबंधित प्रकरण, नगरीय क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था, अवरुद्ध नालियों, जलभराव तथा अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं एवं शिकायतों के आवेदन प्राप्त हुए। आवेदकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रकरण प्रेषित किए गए।
संयुक्त आयुक्त (विकास) श्री बी.एस. जाटव ने कहा कि जनसुनवाई शासन एवं आमजन के मध्य संवाद का एक प्रभावी मंच है, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्याओं और अपेक्षाओं को सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों के निराकरण में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित कर आमजन का प्रशासन पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ किया जाए।
Jansampark Madhya Pradesh