30/08/2026
*नैना टिककर पंचायत के मेहली में दलित व्यक्ति से मारपीट व जातिसूचक गाली-गलौज पर दलित शोषण मुक्ति मंच ने जताया रोष, पुलिस की त्वरित कार्रवाई का किया स्वागत*
______________________
दलित शोषण मुक्ति मंच ने ग्राम मेहली, डाकघर नैना टिक्कर, तहसील पच्छाद में दलित समुदाय से संबंधित व्यक्ति के साथ कथित जातिसूचक गाली-गलौज, मारपीट एवं धमकी की घटना पर कड़ा रोष व्यक्त किया है। मंच ने इस मामले में पुलिस थाना पच्छाद द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज करने का स्वागत किया है तथा पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
मंच ने कहा कि शिकायत प्राप्त होने के बाद पुलिस द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए 29 अगस्त 2026 को एफआईआर संख्या 0063 दर्ज करना सराहनीय कदम है। एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 121(1), 132 एवं 351(3) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(r) एवं 3(1)(s) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता बाला राम पुत्र नानक राम निवासी गांव मेहली के अनुसार 29 अगस्त को जल शक्ति विभाग से संबंधित कार्य के दौरान उसके साथ कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया तथा मारपीट की गई। शिकायत में सिर पर डंडे से चोट पहुंचाने और धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
दलित शोषण मुक्ति मंच ने कहा कि पुलिस द्वारा तत्काल एफआईआर दर्ज करना कानून के प्रति उसकी गंभीरता को दर्शाता है। मंच पुलिस प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई का स्वागत करता है और उम्मीद करता है कि जांच को इसी गंभीरता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
मंच ने मांग की है कि मामले में उपलब्ध सभी साक्ष्यों, मेडिकल रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान एवं घटनास्थल की परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच की जाए। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो सभी दोषियों के खिलाफ SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम सहित लागू सभी कानूनी प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मंच ने यह भी कहा कि पीड़ित और उसके परिवार पर किसी भी प्रकार का दबाव या धमकी न बने, इसके लिए आवश्यक सुरक्षा प्रदान की जाए।
दलित शोषण मुक्ति मंच ने स्पष्ट किया कि दलितों के सम्मान, समानता और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए मंच हमेशा आवाज उठाता रहेगा। साथ ही मंच ने पुलिस प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए पीड़ित को न्याय सुनिश्चित करने की अपेक्षा की है।
जारीकर्ता:----
दलित शोषण मुक्ति मंच
जिला सिरमौर, हिमाचल प्रदेश