DPRO Sirmaur

DPRO Sirmaur This page has been created with a vision to make maximum people aware about the development and welf

प्रेस विज्ञप्ति- क्रमांक-56उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने 36 पशु मित्रों को नियोजन पत्र किए वितरितनाहन 31 अगस्त। उपायुक्त सि...
31/08/2026

प्रेस विज्ञप्ति- क्रमांक-56
उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने 36 पशु मित्रों को नियोजन पत्र किए वितरित
नाहन 31 अगस्त। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने आज उपायुक्त कार्यालय सभागार मे पशु पालन विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए चयनित 36 पशु मित्रों को नियोजन पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एकता काप्टा व उप निदेशक पशुपालन विभाग सिरमौर डा. राजीव वालिया भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपायुक्त ने नव नियुक्त पशु मित्रों को बधाई देते हुए कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि सभी पशु मित्र अपने दायित्वों का निष्ठा एवं पूर्ण इमानदारी से निर्वाहन करते हुए विभागीय गतिविधियों एवं पशुपालकों के हित में बेहतर कार्य करेंगे। उन्होंने पशु मित्रों से नए चयनित बीपीएल परिवारों को विभिन्न विभागीय योजनाओं जानकारी प्रदान करने तथा उन्हें प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने के लिए कहा।
उपायुक्त ने कहा कि पशु मित्र विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मार्गदर्शन में कार्य करते हुए पशु स्वास्थ्य एवं पशुपालन संबंधी गतिविधियों में सहयोग प्रदान करेेंगे इससे विशेष रूप से दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सेवाएं तथा कार्यक्षमता को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
इस दौरान उप निदेशक डा. राजीव वालिया ने बताया कि जिला में 05 उपमंडलीय पशु अस्पताल, 27 पशु अस्पताल, 04 केंद्र पशु चिकित्सा औषधालय, 01 पशु चिकित्सा पाॅलीक्लिनिक तथा 197 पशु औषधालय संचालित है। नियुक्त किए गए 36 पशु मित्रों को सिरमौर जिला के सभी पांच उपमंडलों में विभिन्न पशु फार्मों, पशु चिकित्सालयों तथा पशु औषधालयों में लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पशु मित्रों की नियुक्ति से पशुपालन विभाग की सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। कार्यक्रम में नवनियुक्त पशु मित्रों को उनके दायित्वों तथा विभाग के कार्य के संबंध में आवश्यक जानकारी भी प्रदान की गई।

ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : हर्षवर्धन चौहानशिलाई विध...
30/08/2026

ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : हर्षवर्धन चौहान

शिलाई विधानसभा क्षेत्र के टिटयाना में सुनी जन समस्याएं

नाहन, 30 अगस्त। उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास कार्यक्रम के दौरान आज शिलाई विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत टिटयाना में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
जनसभा को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र को विकास की नई दिशा देने के उद्देश्य से योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक बेहतर सड़क संपर्क, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुदृढ़ स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल उपलब्धता तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने कहा कि इन महत्वाकांक्षी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगभग 400 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है और अधिकांश परियोजनाओं पर तेजी से कार्य जारी है, जिससे क्षेत्र के लोगों को आने वाले समय में व्यापक लाभ मिलेगा।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से शिलाई में 100 बिस्तरों वाले आधुनिक नागरिक अस्पताल भवन का निर्माण तेजी से चल रहा है, निर्माण पूरा होते ही इसे क्षेत्र की जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिलाई अस्पताल क्षेत्र का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र बन चुका है, जहां प्रतिदिन लगभग 350 से 400 मरीज उपचार के लिए पहुँचते हैं। जिसके दृष्टिगत अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित 10 डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध हैं, जिनमें ईएनटी, मेडिसिन, अस्थि रोग तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ शामिल हैं।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के बुनियादी ढांचे का व्यापक विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कमरऊ, सतौन, चाँदनी और कोटा पाब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा कांटी मशवा में पीएचसी का लोकार्पण कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि आज विधानसभा क्षेत्र के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सक व फार्मासिस्ट तैनात हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपने आसपास ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
उद्योग मंत्री ने कहा कि शिक्षा का स्तर बेहतर बनाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में सुदृढ़ आधारभूत ढांचे का विकास, आधुनिक शिक्षण सुविधाओं की उपलब्धता तथा योग्य शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित की जा रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्राप्त हो सके।
उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण विकास तथा किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से अनेक योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है, प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने प्राकृतिक खेती से तैयार की गई फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रदान किया है। राज्य सरकार ने प्राकृतिक खेती से तैयार की गई फसलों की एमएसपी में भी उल्लेखनीय वृद्धि की है।

उद्योग मंत्री ने कहा कि कुछ समय पहले प्रदेश सरकार को अस्थिर करने का षड्यंत्र रचा गया, परंतु हिमाचल में यह षड्यंत्र असफल साबित हुआ। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार पर विश्वास जताते हुए पुनः बहुमत प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में आपदा के समय भारी क्षति होने से प्रदेश को आर्थिक नुक़सान हुआ। इसके उपरांत केंद्र सरकार से प्रदेश को मिलने वाली राशि में भी कटौती की गई है। उन्होंने कहा कि राजस्व घाटा अनुदान सरकार का नहीं, प्रदेश के लोगों का अधिकार है।

कार्यक्रम के दौरान उद्योग मंत्री ने क्षेत्रवासियों से संवाद कर उनकी जनसमस्याओं और विकास संबंधी सुझावों पर चर्चा की। इस अवसर पर विभिन्न पंचायतों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं, सड़क, पेयजल, विद्युत तथा अन्य विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं तथा मांगें उनके समक्ष रखीं।
उद्योग मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक मांग और समस्या का गंभीरता से परीक्षण कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के समग्र विकास और जनकल्याण से जुड़े सभी उचित प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाएगा।
इस अवसर पर अध्यक्ष मार्केटिंग कमेटी सीता राम शर्मा, शिलाई ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कल्याण धामटा, अध्यक्ष पंचायत समिति प्रियंका शर्मा, जिला परिषद् सदस्य खत्री सिंह, पूर्व जिला परिषद् सदस्य रणजीत नेगी तथा जगत सिंह नेगी, पंचायत समिति सदस्य विपुल शर्मा व नेत्र चौहान, अनिल शर्मा, राजेश नेगी, निमा देवी तथा सतपाल ठाकुर, ओएसडी अत्तर राणा, तोता राम शर्मा कमांडेंट होमगार्ड, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश शर्मा, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति शिलाई पदम् प्रकाश, बीडीओ राजेश नेगी, ई. आई. उद्योग काका राम शर्मा, प्रधान टिटयाना पूनम शर्मा, पूर्व प्रधान रमेश शर्मा व पार्वती शर्मा तथा जयंती देवी, प्रधान बोकाला पाब गीता राम शर्मा, प्रधान ठोंठा जाखल रतन सिंह, शिलाई जॉन अध्यक्ष गीता राम भंडारी, पूर्व पंचायत समिति सदस्य रमेश नेगी, तोताराम शर्मा नंबरदार, प्रधान महिला मंडल बबीता देवी, रमेश शर्मा, संतराम शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

प्रेस विज्ञप्ति- क्रमांक-4823 सितंबर से 25 सितंबर तक आयोजित होगा राज्य स्तरीय वामन द्वादशी सराहां मेला-उपायुक्त राज्यस्त...
25/08/2026

प्रेस विज्ञप्ति- क्रमांक-48
23 सितंबर से 25 सितंबर तक आयोजित होगा राज्य स्तरीय वामन द्वादशी सराहां मेला-उपायुक्त
राज्यस्तरीय वामन द्वादशी मेले के सफल आयोजन के लिए तैयारियां तेज

नाहन, 25 अगस्त। राज्यस्तरीय वामन द्वादशी मेले के सफल आयोजन को लेकर आज उपायुक्त एवं राज्यस्तरीय वामन द्वादशी मेला समिति की अध्यक्ष प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के आयोजन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त एवं मेला समिति की अध्यक्ष प्रियंका वर्मा ने बताया कि राज्यस्तरीय वामन द्वादशी मेला 23 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक सराहां में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान श्री वामन भगवान की भव्य शोभा यात्रा, खेल प्रतियोगिताएं, दंगल तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहेंगे।
उन्होंने मेले के सफल एवं सुचारू आयोजन के लिए समीतियों का गठन करने के निर्देश दिए तथा विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए। उन्होंने मेले के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था, परिवहन एवं बस सेवाओं, साफ-सफाई, अग्निशमन तथा चिकित्सा सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा लोगों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
उन्होंने बताया कि राज्यस्तरीय वामन द्वादशी मेले के दौरान उपमंडलाधिकारी, पच्छाद को मेला अधिकारी तथा पुलिस उप अधीक्षक, पच्छाद को मेला पुलिस अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उपमंडलाधिकारी पच्छाद प्रियंका चंद्रा ने बैठक का संचालन किया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं मेला आयोजन से जुड़े अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

शिलाई विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को मिल रही गति - हर्षवर्धन चौहानबिंदला दिगवा ग्राम पंचायत में सुनी जन समस्याएंन...
23/08/2026

शिलाई विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को मिल रही गति - हर्षवर्धन चौहान

बिंदला दिगवा ग्राम पंचायत में सुनी जन समस्याएं

नाहन, 23 अगस्त। उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास कार्यक्रम के दौरान आज ग्राम पंचायत बिंडला दिगवा के गांव पंजाह में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की तथा पूर्व विधायक मंसूरी जोत सिंह गुनसोला विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल रहे।
उद्योग मंत्री ने पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि पंचायत प्रतिनिधि सरकार और जनता के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं तथा गांवों के विकास का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना उनका दायित्व है। उन्होंने कहा कि उन पर विश्वास जता कर मतदाताओं ने उन्हें विजयी बनाया है इसलिए उन्हें भी पूरी ईमानदारी के साथ निष्पक्ष रूप से अपनी पंचायतों का विकास सुनिश्चित करना चाहिए।
उद्योग मंत्री ने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने छ: बार विधायक बनाया तथा इस बार विधायक बनने के उपरांत उन्हें प्रदेश सरकार में मंत्री पद मिला है। उन्होंने कहा कि शिलाई का विकास उनकी नैतिक ज़िम्मेवारी है जिसके मद्देनज़र शिलाई विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि टिंबी जॉन भी इससे अछूता नहीं है अभी तक के इस कार्यकाल में उनके द्वारा कोऑपरेटिव बैंक की शाखा, जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह का निर्माण, वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बकरास में 50 लाख की लागत से अतिरिक्त कमरों का निर्माण, बमराड में 25 लाख की लागत से पुल का निर्माण, 50 लाख की लागत से खलेंटी रोड का निर्माण, कोटापाब में पीएचसी का निर्माण, वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टिंबी में 10 लाख की लागत से कंप्यूटर लैब व 10 लाख की लागत से साइंस लैब, स्कूल में अतिरिक्त कमरों का निर्माण तथा 10 लाख से ग्राउंड का जीर्णोद्धार कार्य किया गया इसके अतिरिक्त अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए बहुत से कार्य प्रगति पर हैं।
उद्योग मंत्री ने सामुदायिक भवन पंजाह के लिए 3 लाख, लिंक रोड बिंडला को पास करने सहित राजकीय उच्च विद्यालय दिगवा में दो अतिरिक्त कमरों के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने संबंधित अधिकारी को लिंक रोड दिगवा से खलेंटी का पुनः टेंडर कर शीघ्र निर्माण कार्य आरंभ करने के भी आदेश दिए।

इस दौरान उद्योग मंत्री ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं, लोगों ने सामूहिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं के अतिरिक्त विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित विकासात्मक मांगें उनके समक्ष रखीं।उद्योग मंत्री ने अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया तथा शेष मामलों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए उनके समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े सभी उचित कार्यों एवं विकासात्मक मांगों को चरणबद्ध ढंग से शीघ्र पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर अध्यक्ष मार्केटिंग कमेटी सीता राम शर्मा, शिलाई ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कल्याण धामटा, ओएसडी अत्तर राणा, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश शर्मा, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति शिलाई पदम् प्रकाश, ई. आई. उद्योग काका राम शर्मा, महा सचिव जिला कांग्रेस कमेटी रविन्द्र राणा, उपाध्यक्ष मंडल यूथ कांग्रेस नेत्र सिंह, पूर्व पार्षद मंसूरी रमेश भंडारी, शिलाई जॉन अध्यक्ष गीता नाम भंडारी, पंचायत समिति सदस्य मिल्ला से राधा देवी व हलॉं से यशपाल ठाकुर, प्रधान बिंडला दिगवा इन्द्रा चौहान, प्रधान मिल्ला विजमा ठाकुर, पूर्व पंचायत समिति सदस्य रमेश नेगी, पूर्व प्रधान बिंडला दिगवा संत राम चौहान व पूर्व उपप्रधान संत राम, गीता राम, दुल्ला राम, रण सिंह, इन्द्र सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

13/08/2026

प्रेस विज्ञप्ति- क्रमांक-30
नाहन में 17 अगस्त को कैंपस इंटरव्यू होगा
नाहन 13 अगस्त। जिला रोजगार अधिकारी देविन्द्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मेसर्ज बारबीक्यू नेशन हाॅस्पिटैलिटी लि0 कोलकाता पश्चिम बंगाल द्वारा दिल्ली, पुणे, मुंबई, गुजरात, चिन्नेई और बैंगलोर स्थित रेस्तरां के लिए किचन हेल्पर/फूड एंड बेवरेज स्टीवर्ड के 500 पदों को रोजगार कार्यालय के माध्यम से भरा जाना है जिसके लिए रोजगार कार्यालय नाहन में कैम्पस इंटरव्यू 17 अगस्त, 2026 को आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए शैक्षिणक योग्यता 10वीं/12वीं, आयु 18 से 30 वर्ष रखी गई है। इच्छुक अभयर्थी अपने साथ अपनी शैक्षिणक तथा योग्यता संबंधी सभी दस्तावेज स्थायी हिमाचली प्रमाण पत्र, आधारकार्ड, 2 पासपोर्ट साईज फोटो सहित कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते है। इन पदों के लिए न्यूनतम वेतन 16 हजार सीटीसी/20 हजार सीटीसी (डिपलोमा होल्डर इन होटल मेनेजमैंट व समकक्ष) सहित खाना व मुफ्त आवास सुविधा प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अभियर्थियों के चयन होने के उपरांत दिल्ली में सात दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा जिसके खर्च का पूरा निर्वाहन कंपनी द्वारा किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नं0-88106 37785 पर भी संपर्क कर सकते है।

13/08/2026

प्रेस विज्ञप्ति- क्रमांक- 31
उपायुक्त ने जिला वासियों से की अपील सर्वेक्षण कार्य में करें पूर्ण सहयोग, सही व पूर्ण जानकारी दें
नाहन 13 अगस्त। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार के आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग द्वारा आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (Periodic Labour Force Survey -PLFS) का कार्य जिला सिरमौर में गत जुलाई माह से किया जा रहा है। इस सर्वेक्षण के माध्यम से रोजगार, बेरोजगारी तथा श्रम बल में जनसंख्या की भागीदारी से संबंधित महत्वपूर्ण एवं विश्वसनीय जानकारी एकत्रित की जाएगी तथा प्राप्त आंकडे सरकार को रोजगार सृजन तथा सामाजिक-आर्थिक विकास से संबंधित प्रभावी नीतियां एवं कार्यक्रम बनाने में सहायक होंगे।
उन्होंने बताया कि सर्वेक्षण के माध्यम से प्राप्त सभी जानकारी को पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा तथा इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय उदेश्यों के लिए किया जाएगा।
उपायुक्त ने जिला वासियों तथा ग्राम पंचायतों, नगर परिषदों व नगर पंचायतों से अपील की है कि वह अपने क्षेत्र में सरकार द्वारा नियुक्त क्षेत्रीय कर्मचारियों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें तथा सर्वेक्षण के लिए सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाएं ताकि जिला में सर्वेक्षण का कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवतापूर्ण एवं सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके

13/08/2026

प्रेस विज्ञप्ति- क्रमांक-33
जिला की सभी पंचायतों में 15 अगस्त को होगी विशेष ग्राम सभा- उपायुक्त
नाहन 13 अगस्त। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने यह आदेश जारी करते हुए बताया कि 15 अगस्त, 2026 को जिला की समस्त ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा बैठक आयोजित की जाएगी।
आदेशों में बताया गया कि 15 अगस्त, 2026 को सभी ग्राम पंचायतों में एग्रीस्टैक पोर्टल के अन्तर्गत विशेष किसान पंजीकरण शिविर का आयोजन किया जाना है जिसके लिए यह विशेष ग्राम सभा बैठक निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि विशेष ग्राम सभा में कोरम को पूर्ण करने की आवश्यकता नहीं है।

विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा ढांचे को किया जा रहा सुदृढ़- हर्षवर्धन चौहानहलॉं में डिजिटल लाइब्रेरी व प्...
11/08/2026

विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा ढांचे को किया जा रहा सुदृढ़- हर्षवर्धन चौहान

हलॉं में डिजिटल लाइब्रेरी व प्राथमिक पाठशाला भवन का किया लोकार्पण

नाहन, 11 अगस्त। उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास कार्यक्रम के दौरान आज शहीद कल्याण सिंह राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हलॉं में 11 लाख 25 हज़ार रुपये की लागत से निर्मित डिजिटल लाइब्रेरी का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला हलॉं-II के लिए 28 लाख 50 हज़ार रुपये की लागत से नवनिर्मित भवन का भी लोकार्पण किया।
जिनके माध्यम से इन स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करने वाले क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ-साथ बेहतर अध्ययन वातावरण मिलेगा।

जनसभा को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री ने कहा कि स्कूल शिक्षा का मंदिर होते हैं और विद्यार्थी हमारा भविष्य है, विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सरकार द्वारा कई महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध करवाना है। इसी दृष्टिकोण के तहत सरकारी विद्यालयों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम शुरू किया गया है।उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए 150 सरकारी विद्यालयों में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू किया गया है, जिनमें शिलाई विधान सभा क्षेत्र के तीन स्कूल कफोटा, सतौन तथा शिलाई भी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में राजीव गांधी राजकीय आदर्श डे-बोर्डिंग स्कूल खोले जा रहे हैं, जिस के अंतर्गत शिलाई विधान सभा क्षेत्र के सतौन में डे-बोर्डिंग स्कूल का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य है कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र के सभी स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध हों, जिसके लिए वह हमेशा प्रयासरत रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा विधानसभा क्षेत्र के सभी स्कूलों में 2500 से अधिक डेस्क मुहैया करवाए गए हैं तथा लगभग 30 करोड़ की लागत से स्कूलों में अतिरिक्त कमरों व भवनों का निर्माण किया गया है।उन्होंने बताया कि आज विधानसभा क्षेत्र में टीजीटी आर्ट्स के सभी पद भरे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि विधानसभा क्षेत्र में तीन कॉलेज है जोकि कांग्रेस सरकार की ही देन है, जिनके माध्यम से क्षेत्र के बच्चे घर द्वार पर ही उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा को अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से डॉ. वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना’ के अंतर्गत मात्र एक प्रतिशत ब्याज दर पर 20 लाख रुपये तक के शिक्षा ऋण की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जा रहा है तथा विद्यालयों के शैक्षणिक ढांचे को और सुदृढ़ किया जा रहा है।
उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। इसके परिणामस्वरूप हिमाचल प्रदेश 99.30 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ पूर्ण साक्षर राज्य बना है, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति प्रदेश की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर केंद्र सरकार को कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा न होने के कारण देशभर के युवाओं एवं छात्रों में निराशा का माहौल बना है, जिसके कारण आंदोलन का जन्म हुआ।उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी पूर्व सरकार के कार्यकाल के दौरान पेपर लीक, भर्ती घोटालों और सरकारी नौकरियों में अनियमितताओं के कई गंभीर मामले सामने आए थे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रदेश की बागडोर संभालने के बाद सरकारी भर्तियों में हुई अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित संस्थाओं की जवाबदेही तय की और हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग को तत्काल प्रभाव से भंग किया गया। पूर्व सरकार के कार्यकाल में हुई भर्ती अनियमितताओं की गहन जांच सुनिश्चित की गई तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की गई।
उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश में राज्य चयन आयोग के माध्यम से पूरी पारदर्शिता के साथ भर्ती परीक्षाएं आयोजित करवाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की गई है। सरकार ने प्रदेश के युवाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए योग्यता एवं मेरिट के आधार पर सरकारी क्षेत्र में भर्ती सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए हैं।

लोकार्पण कार्यक्रम के उपरांत उद्योग मंत्री ने हलॉं में नव निर्वाचित पंचायत समिति सदस्य यशपाल ठाकुर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भी भाग लिया।
इस अवसर पर अध्यक्ष मार्केटिंग कमेटी सीता राम शर्मा, शिलाई ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कल्याण धामटा, उपनिदेशक प्रारम्भिक शिक्षा राजीव ठाकुर, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश शर्मा, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति शिलाई पदम् प्रकाश, एक्सईएन एचपीएसआईडी पंकज चौधरी, सीबीईओ अरुण कुमार पासी, प्रधानाचार्य सुरेश गौतम, ओएसडी अत्तर राणा, प्रधान हलॉं मोनिका देवी, पंचायत समिति सदस्य मनोज पोस्टा, प्रधान लॉजा मानल प्रदीप मन्यान, पूर्व जिला परिषद सदस्य जितेंद्र राणा, पूर्व पंचायत समिति सदस्य रमेश नेगी, पूर्व प्रधान मदन शर्मा, अध्यक्ष एसएमसी केवल राम तथा सरिता देवी, दलीप सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र सरस्वती, गीता राम भंडारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

विकास खंड नाहन के बीपीएल परिवारों से विधायक अजय सोलंकी ने किया संवादनाहन 11 अगस्त। विधायक नाहन अजय सोलंकी की अध्यक्षता म...
11/08/2026

विकास खंड नाहन के बीपीएल परिवारों से विधायक अजय सोलंकी ने किया संवाद
नाहन 11 अगस्त। विधायक नाहन अजय सोलंकी की अध्यक्षता में खंड विकास कार्यालय नाहन में विकास खंड के नव चयनित बीपीएल परिवारों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ।
इस अवसर पर विधायक अजय सोलंकी ने संबोधित करते हुए बताया कि इस कार्यक्रम का उदेश्य बीपीएल परिवारों के साथ बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान करना तथा प्रदेश सरकार सरकार द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी गरीब परिवारों व दूर दराज के क्षेत्रों तक पहुंचाना है ताकि इन परिवारों के उत्थान एवं कल्याण के साथ-साथ सुधार हेतु नई योजनाओं को भी तैयार किया जा सके। संवाद कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विकास खंड नाहन की ग्राम पंचायत नेहली धीड़ा, बनेठी, नावनी, पंजाहल, धगेड़ा, रामाधौण, सैन की सेर तथा अबंवाला सैनवाला के 166 बीपीएल परिवारों की समस्याओं को सुना व संबंधित विभागों को त्वरित कार्यवाही के आदेश भी दिए।
इस दौरान उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने बताया कि यह संवाद कार्यक्रम 10 अगस्त से 12 अगस्त, 2026 तक आयोजित किया जा रहा है जिसमें विकास खंड नाहन की 28 पंचायतों के लगभग 596 बीपीएल परिवार शामिल होंगे। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इन परिवारों की आवास, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, पेन्शन संबंधी समस्याओं का शीघ्र निवारण सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग से चिकित्सा अधिकारी धगेड़ा डाॅ. जयंत ने हिम केयर योजना, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम की जानकारी दी। जिला कल्याण अधिकारी ने विभागीय जानकारी देते हुए अंतर्जातिय विवाह योजना, वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयोजित विभिन्न केंैपों के आयोजन तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस पवन कुमार ने सुख आश्रय योजना, मुख्य मंत्री सुख शिक्षा योजना, पशु पालन विभाग के उप निदेशक डा. राजीव ने लम्पी वायरस की पहचान व रोकथाम के उपायों बारे, गाभीन गाय व भैंस के लिए फीड अनुदान, मुर्गी पालन योजना बारे जानकारी दी।
इसी प्रकार श्रम कल्याण अधिकारी पारितोष तोमर ने उनके विभाग द्वारा निर्माण कार्यो में लगे श्रमिकों के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर अध्यक्ष पंचायत समिति नाहन रमेश चंद, एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान, सहायक आयुक्त विकास एवं खंड विकास अधिकारी नाहन राहुल धीमान, सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग प्रदीप ठाकुर, कार्यकारी अधिकारी उद्योग मंजीत सिंह, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व संबंधित पंचायतों के प्रधान व उप प्रधान उपस्थित रहे।

सफलता की कहानी-नाहन 07 अगस्त- हिमाचल प्रदेश सरकार बागवानी क्षेत्र को बढ़ावा देने तथा बागवानों की आर्थिकी सुदृढ़ करने के लि...
07/08/2026

सफलता की कहानी-
नाहन 07 अगस्त- हिमाचल प्रदेश सरकार बागवानी क्षेत्र को बढ़ावा देने तथा बागवानों की आर्थिकी सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी कड़ी में बागवानी विभाग के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के तहत बागवानों को गुणवत्तायुक्त फलदार पौधे रियायती एवं अनुदान आधारित दरों पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, ताकि कृषि के साथ-साथ बागवानी को भी आजीविका का सशक्त माध्यम बनाया जा सके।
वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान जिला सिरमौर में अब तक कुल 3,675 फलदार पौधों का वितरण किया जा चुका है। बागवानों को वितरित किए गए पौधों में आम, नींबू, अमरूद, अनार, किन्नू, जामुन, कटहल तथा अंजीर सहित विभिन्न फलदार प्रजातियों के पौधे शामिल हैं।
जिला सिरमौर के नाहन विकास खंड में 830 फलदार पौधे अनुदान के आधार पर वितरित किए गए, जबकि पांवटा साहिब में 300, शिलाई में 1,203, राजगढ़ में 400 तथा पच्छाद में 942 पौधे वितरित किए गए हैं।
बागवानी विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों एवं बागवानों को आधुनिक बागवानी अपनाने के लिए प्रेरित करना है, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो तथा प्रदेश में फल उत्पादन को नई गति मिल सके। सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाकर जिला सिरमौर के बागवान भी बागवानी के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होने के साथ-साथ क्षेत्र में बागवानी का दायरा भी लगातार विस्तृत हो रहा है।
जिला सिरमौर के ग्राम नागोली के काकूराम ने सरकार द्वारा बागवानी विभाग के माध्यम से अनुदान पर गुणवत्तायुक्त फलदार पौधे उपलब्ध करवाए जाने से किसानों को मिल रहे लाभ के लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है।
इसी प्रकार ग्राम सैन की सेर की सीमा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा अनुदान पर गुणवत्तायुक्त फलदार पौधे उपलब्ध करवाए जाने से उन्हें बागवानी करने का अच्छा अवसर मिला है। उन्होंने प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन पौधों से भविष्य में फल उत्पादन बढ़ेगा जिससे उनकी अतिरिक्त आय का एक सशक्त स्रोत विकसित होगा।
ग्राम सेन की सेर के सुरेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार की इस योजना के तहत कम लागत पर गुणवत्तायुक्त फलदार पौधे उपलब्ध हो रहे हैं, जिससे बागवानी को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अच्छी पैदावार और आय में वृद्धि की उम्मीद है। इसके लिए उन्होंने प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।
ग्राम सैन की सैर के विक्रम ने बताया कि उन्होंने बागवानी विभाग से लगभग 100 फलदार पौधे प्राप्त किए हैं। उन्होंने कहा कि अनुदान पर गुणवत्तायुक्त पौधे मिलने से किसानों का उत्साह बढ़ा है। उन्हें विश्वास है कि इससे उनकी बागवानी और अधिक सुदृढ़ होगी, उत्पादन बढ़ेगा तथा आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। इस जनहितकारी योजना के लिए उन्होंने प्रदेश सरकार एवं बागवानी विभाग का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

Address

Office Of DPRO Sirmaur, Housing Board Colony
Nahan
173001

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when DPRO Sirmaur posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Organization

Send a message to DPRO Sirmaur:

Shortcuts

Share