14/06/2022
आईटीआई प्रांगण में तीन दिवसीय योगाभ्यास कार्यक्रम की शुरुआत
15 जून तक सुबह 6 से 7.30 बजे तक चलेगा योगाभ्यास कार्यक्रम
एक्टिव रहने के लिए हर रोज योग करें : उपायुक्त
नारनौल 13 जून। आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर सोमवार को आईटीआई प्रांगण में तीन दिवसीय योगाभ्यास कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ जयकृष्ण आभीर मौजूद रहे। यह योगाभ्यास कार्यक्रम 15 जून तक सुबह 6 से 7.30 बजे तक चलेगा। उपायुक्त के मार्गदर्शन में जिला महेंद्रगढ़ के सभी खंडों में इसी तरह से योगाभ्यास कार्यक्रम 9 से 11 जून तक आयोजित हो चुके हैं।
इस मौके पर उपायुक्त ने कहा कि आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में स्वस्थ रहने के लिए योग बहुत ही जरूरी है। शारीरिक मानसिक और आध्यात्मिक रूप से मजबूत व्यक्ति ही दिन भर अपने कार्य में एक्टिव रह सकता है। इसके लिए जरूरी है कि हम अपने लिए हर रोज थोड़ा समय निकालें।
जिला आयुर्वेद अधिकारी डा. अजीत सिंह ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 21 जून 2022 को प्रातः 7 से 8 बजे तक 8वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम आईटीआई ब्वाय में किया जाएगा। इसके अलावा राजकीय महाविद्यालय ग्राउंड महेंद्रगढ़, राजकीय महाविद्यालय ग्राउंड अटेली, नई अनाज मंडी नांगल चौधरी, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय सिहमा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कनीना, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय परिसर निजामपुर व खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय परिसर सतनाली में खंड स्तर पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इन प्रशिक्षण शिविरों में हजारों लोगों ने योग का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगा अभ्यास करवाया गया। उन्होंने बताया कि जिला में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम पतंजलि के सहयोग से किए जा रहे है। पतंजलि की ओर से योगाचार्य नीलेश व बजरंग जांगिड़ ने योग अभ्यास करवाया।
इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अशोक कुमार, ईश्वरीय विश्वविद्यालय से कमला दीदी, डा. सतीश, डा. भूपेंद्र व हंसराज डीपी के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद थे।
फोटो- योगाभ्यास कार्यक्रम में मौजूद उपायुक्त डा. जेके आभीर।