14/08/2026
मितव्ययिता का संदेश देते हुए बस से नेगुवा पहुंचे कलेक्टर एवं सीईओ
गांव में रहा उत्सव का माहौल
जनविश्वास शिविर में ग्रामीणों से सीधा संवाद
अधिकारियों ने गांव में तीन किलोमीटर पैदल चलकर देखी व्यवस्थाएं
========
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में 7 अगस्त 2026 से प्रारंभ हुए प्रदेशव्यापी जनविश्वास अभियान के अंतर्गत जिले का दूसरा जनविश्वास शिविर ग्राम पंचायत नेगुवा में आयोजित किया गया।
मितव्ययिता और ईंधन बचत का दिया संदेश
मितव्ययिता, ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ श्री गजेन्द्र सिंह नागेश सहित जिला प्रशासन के अधिकारी गोटेगांव जनपद पंचायत परिसर से एक ही यात्री बस में सवार होकर जनविश्वास शिविर के लिए रवाना हुए। यहां जनपद पंचायत सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती सिंह ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक लेकर जन विश्वास अभियान के तहत सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई में आई शिकायतों एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत शिकायतों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की।
फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों से ग्रामीणों ने किया आत्मीय स्वागत
अधिकारियों के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उत्साह और आत्मीयता के साथ उनका स्वागत किया। फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के बीच हुए स्वागत से गांव में उत्सव जैसा माहौल नजर आया। अधिकारियों का ग्रामीणों के बीच पहुंचना जनविश्वास अभियान की भावना के अनुरूप प्रशासन और आमजन के बीच सीधे संवाद की मजबूत कड़ी बना।
एक ही परिसर में योजनाओं की जानकारी और समस्याओं का समाधान
जनविश्वास शिविर में लगभग 26 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई। शिविर में समग्र आईडी एवं ई-केवायसी, कॉमन सर्विस सेंटर, प्रधानमंत्री आवास समाधान कैंप, जनसमस्या शिकायत निवारण शिविर, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, पशुपालन विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, पंचायती राज, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा सामाजिक न्याय विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। इसका उद्देश्य क्षेत्र के पात्र हितग्राहियों का पंजीयन कर उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाना था।
कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने शिविर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति और ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और प्राप्त समस्याओं एवं आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। शिविर में 23 आवेदन ग्रामीणों के द्वारा प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर निराकरण करने के निर्देशित किया।
विद्यार्थियों ने निकाली तिरंगा रैली, गूंजे राष्ट्रभक्ति और स्वच्छता के नारे
शिविर के दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने तिरंगा रैली निकाली। हाथों में तिरंगा लेकर गांव की गलियों से निकली रैली में विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति और स्वच्छता के संदेश दिए। भारत माता की जय, वंदे मातरम् और स्वच्छता से जुड़े नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
तीन किलोमीटर पैदल चले अधिकारी, घर-घर पहुंचकर देखी आवासों की प्रगति
कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने अधिकारियों के साथ गांव की गलियों में लगभग तीन किलोमीटर पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए जा रहे आवासों की प्रगति की जमीनी स्थिति देखी। अधिकारियों ने निर्माणाधीन एवं अधूरे आवासों का मौके पर जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष आवासों को समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने हितग्राहियों से चर्चा कर आवास निर्माण में आ रही कठिनाइयों की जानकारी भी ली और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्रामीणों के बीच पहुंचकर मजबूत हुआ जनविश्वास
जनविश्वास शिविर केवल योजनाओं की जानकारी देने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रशासन स्वयं ग्रामीणों के बीच पहुंचा और उनकी समस्याओं को करीब से समझा। बस से सामूहिक यात्रा, शिविर में विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण, ग्रामीणों से सीधा संवाद और गांव की गलियों में तीन किलोमीटर पैदल भ्रमण—इन सभी गतिविधियों ने प्रशासन की सादगी, संवेदनशीलता और आमजन के प्रति जवाबदेही का संदेश दिया।
स्वच्छता और नशामुक्ति का संदेश लेकर छात्राओं ने दी जागरूकता प्रस्तुति
इस अवसर पर स्वच्छता अभियान के अंतर्गत स्कूली छात्राओं ने आकर्षक प्रस्तुति के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। छात्राओं ने स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के लिए स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और आसपास के वातावरण को साफ रखने का आह्वान किया। इसके साथ ही छात्राओं ने ‘नशे से दूरी है जरूरी’ विषय पर प्रभावी प्रस्तुति देकर नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। उन्होंने युवाओं एवं विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सहयोग करने का संदेश दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नेगुवां में आयोजित शिविर में लगाए गए आधार कैम्प में कुल 20 नागरिकों के आधार कार्ड अपडेट व नए आधार कार्ड बनाए गए। इनमें 13 नागरिकों के आधार अपडेट और 7 नागरिकों के नए आधार कार्ड बनाए गए। इसके अलावा जन विश्वास शिविर में 14 मछुआ किसान क्रेडिट कार्ड के स्वीकृत कर वितरण किए गए।
ुक्रवार_जनता_के_नाम
Jansampark Madhya Pradesh Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh General Administration Department, MP