15/08/2026
स्वतंत्रता दिवस पर पॉलीथीन-प्लास्टिक मुक्त पालमपुर अभियान का हुआ आगाज
पालमपुर उपमंडल में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
एसडीएम ने बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने जमाया रंग
पालमपुर, 15 अगस्त
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पालमपुर उपमंडल प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर महत्वपूर्ण अभियान का आगाज किया है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने संबोधन में एसडीएम डॉ. ओपी यादव ने कहा कि पालमपुर को प्लास्टिक कचरे से मुक्त करने के लिए पॉलीथीन और प्लास्टिक मुक्त पालमपुर जन-अभियान को जन जन तक पहुंचाया जाएगा। इसके तहत सड़कों और खुले स्थानों पर फैलते प्लास्टिक कचरे से मुक्ति दिलाने के लिए प्रत्येक गाँव एवं शहरी वार्ड में कम से कम दो संग्रह केंद्र स्थापित किए जाएँगे।
स्थानीयविसायों, पर्यटकों और वाहन चालकों की सुविधा के लिए इन सभी प्लास्टिक संग्रह केंद्रों को गूगल मैप पर टैग व चिन्हित किया जाएगा ताकि निकटतम केंद्र की पहचान आसानी से की जा सके।
प्लास्टिक को एक निश्चित आर्थिक मूल्य तथा व्यवस्थित कलेक्शन चैनल से जोड़ा जाएगा, जिससे लोग इसे कचरे में फेंकने के बजाय केंद्रों पर जमा कराने के लिए प्रेरित हों। इस अभियान में नगर निकायों, पंचायतों, व्यापारिक संस्थानों, स्कूलों-कॉलेजों, युवा संगठनों और आम जनता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
एसडीएम ने कचरा सड़क पर नहीं, सही स्थान पर और प्लास्टिक को समस्या नहीं, संसाधन बनाना है का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के अवसर पर पुलिस विभाग की अगुआई में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के सैंकड़ों छात्रों ने शानदार परेड प्रस्तुत कर देशभक्ति का संदेश दिया। शहीद कैप्टन सौरव कालिया, शहीद कैप्टन विक्रम बतरा, शहीद मेजर सुधीर वालिया के परिजनों को सम्मानित भी किया गया। इसके पश्चात विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी छात्रों को स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र आदि देकर सम्मानित किया गया। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को इस मौके पर विशेष तौर पर उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गय।
नगर निगम पालमपुर की महापौर राधा सूद, उपमहापौर नीलम मलिक, पार्षदगण, तहसीलदार साजन बग्गा, शहीद परिवारों के सदस्य, प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी, पालमपुर के स्थानीय लोग इस दौरान उपस्थित रहे।