02/08/2026
Dr. Prem Kumar Zee Bihar Jharkhand Bihar Tak News18 Bihar ABP Bihar
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक: 02.08.2026
विकसित भारत के निर्माण के लिए नशामुक्त युवा सबसे बड़ी शक्ति : डॉ. प्रेम कुमार
बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने विकसित भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित "नशा मुक्ति युवा अभियान" के शुभारंभ कार्यक्रम में भाग लिया। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस अभियान का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ किया गया, जिसे देशभर के लगभग एक करोड़ युवाओं ने सुना।
अपने संबोधन में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा स्वस्थ, संस्कारित और नशामुक्त होगा। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। यदि उनकी ऊर्जा शिक्षा, विज्ञान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में लगेगी तो भारत विश्वगुरु बनेगा, लेकिन यदि वही ऊर्जा नशे की गिरफ्त में चली गई तो परिवार, समाज और राष्ट्र—तीनों का भविष्य प्रभावित होगा।
उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार को तोड़ देता है। यह स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, आर्थिक स्थिति, सामाजिक प्रतिष्ठा और नैतिक मूल्यों को नष्ट कर देता है। इसलिए नशामुक्त समाज का निर्माण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
डॉ. प्रेम कुमार ने भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक ग्रंथों का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवद्गीता, ऋग्वेद, अथर्ववेद, रामायण और महाभारत सभी संयम, आत्मनियंत्रण और सदाचार का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने इन्द्रियों पर नियंत्रण को सफलता का मार्ग बताया है, जबकि भगवान बुद्ध ने पंचशील में मादक पदार्थों से दूर रहने का उपदेश दिया। भगवान महावीर ने संयम को जीवन की सबसे बड़ी साधना बताया तथा गुरु नानक देव, संत कबीर, स्वामी विवेकानन्द, महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अम्बेडकर एवं भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि महान विभूतियों ने सदैव अनुशासन, चरित्र निर्माण, शिक्षा और स्वस्थ जीवन को राष्ट्र की प्रगति का आधार माना है।
उन्होंने युवाओं को आगाह करते हुए कहा कि आज मादक पदार्थों का अवैध कारोबार युवाओं को लक्ष्य बना रहा है। सोशल मीडिया, गलत संगति और क्षणिक आनंद की चाह युवाओं को नशे की ओर धकेल रही है। शुरुआत जिज्ञासा से होती है, लेकिन धीरे-धीरे वही आदत लत बनकर जीवन, परिवार और भविष्य को बर्बाद कर देती है।
उन्होंने कहा कि नशे के कारण शारीरिक एवं मानसिक बीमारियां बढ़ती हैं, शिक्षा और करियर प्रभावित होता है, परिवार आर्थिक संकट में पड़ता है, अपराध एवं सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि होती है तथा समाज की उत्पादक शक्ति कमजोर होती है।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि नशा मुक्ति केवल सरकार का अभियान नहीं है, बल्कि इसमें परिवार, विद्यालय, विश्वविद्यालय, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं तथा प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से पाँच संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि वे स्वयं किसी भी प्रकार का नशा नहीं करेंगे, दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे, खेल, योग एवं रचनात्मक गतिविधियों को अपनाएंगे, नशे की लत से जूझ रहे लोगों की सहायता करेंगे तथा नशामुक्त भारत के जनजागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि "नशा नहीं, शिक्षा चुनेंगे। व्यसन नहीं, व्यायाम चुनेंगे। हताशा नहीं, आशा चुनेंगे। स्वार्थ नहीं, राष्ट्र निर्माण चुनेंगे।" साथ ही उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को यह आवाहन भी किया "मैं स्वयं नशा नहीं करूँगा, न किसी को करने दूँगा तथा स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाऊँगा।"
कार्यक्रम के अंत में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए इस्कॉन, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी,आर्ट ऑफ लिविंग,गायत्री परिवार,पतंजलि
सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि देश के भविष्य अर्थात युवाओं को नशे की लत से मुक्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के "नशामुक्त भारत" के संकल्प को साकार करने में वे सदैव सक्रिय सहयोग देते रहेंगे।