05/08/2026
राज्य स्तरीय “जल-जीवन-हरियाली दिवस” का आयोजन
दिनांक: 05 अगस्त, 2026
आज दिनांक 05.08.2026 को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बिहार, पटना द्वारा संजय सभागार, अरण्य भवन, पटना में राज्य स्तरीय “जल-जीवन-हरियाली दिवस” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय मंत्री, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बिहार सरकार, डॉ. राम चन्द्र प्रसाद द्वारा की गई।
कार्यक्रम में श्री आनंद किशोर, भा.प्र.से., अपर मुख्य सचिव, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, श्री अरविंदर सिंह, भा.व.से., प्रधान मुख्य वन संरक्षक (HoFF), बिहार, श्री सुमित कुमार, मिशन निदेशक, जल-जीवन-हरियाली मिशन, श्री राम कुमार पोद्दार, उप मिशन निदेशक, जल-जीवन-हरियाली मिशन सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित परिचर्चा का मुख्य विषय “आज पौधशाला, कल वन—भविष्य का हरित निवेश” रहा। परिचर्चा में पौधशालाओं के विकास, गुणवत्तापूर्ण पौध उत्पादन, वृहद स्तर पर पौधरोपण तथा पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने में हरित आवरण की भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया। जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों से निपटने, जैव विविधता के संरक्षण, मृदा एवं जल संरक्षण तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में वृक्षों एवं वनस्पतियों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया। साथ ही, पौधशालाओं से लेकर पौधरोपण एवं उसके पश्चात पौधों के संरक्षण तक संपूर्ण प्रक्रिया को वैज्ञानिक एवं सहभागी दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाने पर बल दिया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य जल-जीवन-हरियाली अभियान के माध्यम से जल संरक्षण, हरित आवरण के विस्तार एवं पर्यावरणीय संतुलन के प्रति जनभागीदारी को और अधिक सुदृढ़ करना तथा हरित एवं जलवायु-अनुकूल बिहार के निर्माण की दिशा में सामूहिक प्रयासों को गति प्रदान करना रहा।
ीवन_हरियाली_दिवस
#ग्रामीण_विकास_विभाग
Rural Development Department, Government of Bihar Department of Environment, Forest & Climate Change, Govt. of Bihar