11/05/2026
“खेल-खेल में सीखेंगे बच्चे” : किशनगंज में स्कूल रेडीनेस मेला 2026 का भव्य शुभारंभ
किशनगंज, बिहार।
किशनगंज जिले में प्रथम संस्था एवं ICDS (आंगनबाड़ी सेविकाओं) के संयुक्त सहयोग से “स्कूल रेडीनेस मेला (SRM) 2026” का आयोजन उत्क्रमित मध्य विद्यालय, लहरा फुलबारी में उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य 4 से 6 वर्ष के बच्चों को विद्यालयी शिक्षा के लिए तैयार करना, उनमें सीखने के प्रति रुचि विकसित करना तथा अभिभावकों को बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा से सक्रिय रूप से जोड़ना है।
मेले में बड़ी संख्या में बच्चों, माताओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं, जीविका दीदियों, शिक्षकों एवं समुदाय के अन्य सदस्यों की सहभागिता देखने को मिली। पूरे विद्यालय परिसर में बच्चों की हँसी, उत्साह और रचनात्मक गतिविधियों का माहौल बना रहा। बच्चों के लिए खेल-आधारित 7 आकर्षक गतिविधि स्टॉल लगाए गए, जिनमें भाषा विकास, प्रारंभिक गणित, रंग पहचान, तार्किक सोच, शारीरिक संतुलन, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास से संबंधित गतिविधियाँ कराई गईं।
बच्चों ने खेल-खेल में सीखने की प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लिया। कहीं बच्चे चित्र पहचान रहे थे, तो कहीं गिनती एवं शब्दों की समझ विकसित कर रहे थे। कुछ गतिविधियों में बच्चों ने संतुलन एवं मोटर स्किल्स का प्रदर्शन किया, जबकि सामाजिक एवं भावनात्मक विकास से जुड़ी गतिविधियों ने बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने का कार्य किया। इन सभी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की सीखने की क्षमता का सहज, रोचक एवं आनंददायक तरीके से आकलन किया गया।
मेले के दौरान प्रत्येक बच्चे का रिपोर्ट कार्ड तैयार किया गया, जिसमें उसकी सीखने की प्रगति एवं विभिन्न क्षमताओं का उल्लेख किया गया। अभिभावकों को यह भी बताया गया कि वे घर पर बच्चों के साथ प्रतिदिन थोड़े समय तक खेल-आधारित गतिविधियाँ करें, जिससे बच्चों की सीखने की प्रक्रिया निरंतर जारी रह सके।
आज कार्यक्रम का उद्घाटन ICDS DPO श्रीमती अंकिता सिंह, सीडीपीओ किशनगंज श्री हर्ष हिमांशु, प्रथम संस्था के राज्य कार्यक्रम समन्वयक श्री मनोज कुमार तथा स्टेट टीम से श्री नकी अहमद द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन के दौरान अतिथियों ने विभिन्न गतिविधि स्टॉलों का अवलोकन किया तथा बच्चों एवं अभिभावकों से संवाद करते हुए कार्यक्रम की सराहना की।
इस अवसर पर मीडिया मित्र सलीम ज़फर, डिविजनल प्रतिनिधि श्री रितेश कुमार, जिला समन्वयक अफ्शाना खातून एवं आरती कुमारी उपस्थित रहीं। साथ ही प्रखंड स्तर से सभी CIM ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रथम संस्था के प्रतिनिधियों ने कहा कि “स्कूल रेडीनेस मेला” बच्चों को विद्यालय के वातावरण से जोड़ने, उनमें आत्मविश्वास विकसित करने तथा समुदाय को शिक्षा के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक बाल्यावस्था बच्चों के सीखने की सबसे महत्वपूर्ण अवस्था होती है और यदि इस उम्र में बच्चों को आनंददायक एवं सहभागितापूर्ण सीखने का वातावरण मिले, तो उनका शैक्षणिक विकास और अधिक बेहतर हो सकता है।
मेले के पश्चात अगले चार सप्ताह तक माताओं के व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से बच्चों के लिए दैनिक गतिविधियाँ साझा की जाएंगी। इन गतिविधियों के जरिए माताएँ घर पर बच्चों के साथ खेल-खेल में सीखने की प्रक्रिया को आगे बढ़ा सकेंगी।
किशनगंज जिले के 7 प्रखंडों में आयोजित होने वाला यह “स्कूल रेडीनेस मेला 2026” बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा एवं समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल साबित होगा।