26/07/2026
ललित अकेडमी जाजरदेवल पिथौरागढ़ में कारगिल विजय दिवस पर भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन
ललित अकेडमी जाजरदेवल में कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक एडवोकेट मनोज कुमार जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने प्रेरक संबोधन में उन्होंने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों के अदम्य साहस, त्याग एवं राष्ट्रप्रेम को नमन करते हुए विद्यार्थियों से देशभक्ति, अनुशासन तथा राष्ट्रसेवा की भावना को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान नन्हें - मुन्ने विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, कविता, भाषण, लघु नाटिका तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों में देशभक्ति एवं राष्ट्रगौरव की भावना का संचार किया। विद्यालय परिवार ने कारगिल युद्ध के सभी वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके सर्वोच्च बलिदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में देशप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन तथा राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं समर्पण की भावना विकसित करना था। अंत में सभी ने भारत की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने की शपथ ली तथा पूरे उत्साह के साथ "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम्" के उद्घोष किए।
उल्लेखनीय है कि कारगिल विजय दिवस प्रत्येक वर्ष 26 जुलाई को वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में भारत की ऐतिहासिक विजय तथा वीर सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में पूरे देश में श्रद्धा एवं गौरव के साथ मनाया जाता है।