28/08/2026
रक्षाबंधन पर शिवगढ़ ब्लॉक के दहिगवां स्कूल व अन्य विद्यालयों में सजी भाई-बहन के प्रेम की मिसाल, तिथि भोज में बच्चों ने मनाया पर्व, रक्षाबंधन के पावन पर्व को यादगार बनाने के लिए उच्च प्राथमिक विद्यालय दहिगवां में तिथि भोज का आयोजन किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी ऋचा सिंह के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिनेश सिंह ने बच्चों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं।
तिथि भोज के दौरान बच्चों को खीर, पूरी, छोला-चावल, लड्डू और केला प्रेमपूर्वक परोसा गया। स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। बच्चों ने उत्साह और उमंग के साथ सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण किया।
कार्यक्रम के दौरान रक्षाबंधन पर्व की विशेष झलक भी देखने को मिली। विद्यालय की छात्राओं ने छात्रों की कलाई पर राखी बांधी और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की खुशियां साझा कीं। छात्रों ने भी बहनों की सुरक्षा, सम्मान और सहयोग का संकल्प लिया। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि तिथि भोज केवल भोजन कराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों के साथ खुशियां बांटने और उनमें अपनत्व की भावना विकसित करने का माध्यम है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आपसी प्रेम, भाईचारा, सामाजिक समरसता, सहयोग तथा भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।
रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने बच्चों को पर्व की खुशी के साथ संस्कार, प्रेम और भाईचारे का संदेश भी दिया।।