30/07/2026
सिकासेर बांध से 50 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद राजिम में प्रशासन अलर्ट, नदी किनारे क्षेत्रों का किया गया निरीक्षण
राजिम। अत्यधिक बारिश के चलते सिकासेर बांध में पानी का जलस्तर बढ़ने के कारण बांध से लगभग 50 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे नदी किनारे बसे गांवों के साथ-साथ राजिम नगर में भी बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन द्वारा अलर्ट जारी किया गया है।
बाढ़ की संभावित स्थिति को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रशासन, नगर पालिका परिषद राजिम, राजस्व विभाग एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने नदी किनारे स्थित क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर परिस्थितियों का जायजा लिया तथा आम जनता से सतर्कता बरतने की अपील की।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बच्चों को नदी किनारे न जाने दें, स्वयं भी सतर्क रहें और आसपास के लोगों को भी सावधान करें। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देते हुए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
संभावित बाढ़ की स्थिति में प्रभावित लोगों के ठहरने के लिए नगर पालिका परिषद राजिम द्वारा यादव ठेठवार भवन एवं मंगल भवन में आवश्यक व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही नगर में मुनादी कराकर नागरिकों को सावधानी बरतने एवं प्रशासन के साथ सहयोग करने की जानकारी दी जा रही है।
स्थल निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजिम श्री विशाल महाराणा, नायब तहसीलदार श्री तारेंद्र ठाकुर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री एस.के. विश्वकर्मा, थाना प्रभारी श्री अमृत लाल साहू, नगर पालिका परिषद राजिम के अध्यक्ष श्री महेश यादव, सभापति श्री आकाश सिंह राजपूत, श्री भारत यादव, पार्षद श्री सुरेश पटेल, आरक्षक श्री रेखु पटेल, श्री उमेश ध्रुव, श्री खेमचंद ध्रुव, श्री जितेंद्र साहू एवं श्रीमती कामनी साहू सहित प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तत्काल सूचना दें। आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।