14/09/2026
प्रेस नोट
जनगणना-2027 की प्रगति की समीक्षा हेतु केंद्रीय एवं राज्य जनगणना अधिकारियों ने किया रोहड़ू उपमंडल का दौरा
रोहड़ू, 14 सितम्बर 2026।
जनगणना-2027 के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति एवं जमीनी स्तर पर कार्य की स्थिति का जायजा लेने के लिए उप महानिदेशक, जनगणना, भारत सरकार श्री बिस्वजीत दास एवं निदेशक, जनगणना संचालन, हिमाचल प्रदेश श्रीमती दीप शिखा ने आज रोहड़ू उपमंडल का दौरा किया। इस अवसर पर जनगणना संचालन निदेशालय, हिमाचल प्रदेश के अन्य अधिकारी भी उनके साथ उपस्थित रहे।
इस अवसर पर चांशल कॉन्फ्रेंस हॉल, एसडीएम कार्यालय रोहड़ू में दोपहर 2:00 बजे समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपमंडल रोहड़ू के सभी चार्ज अधिकारी, 55 पर्यवेक्षक (Supervisors) एवं 238 गणनाकर्ता (Enumerators) उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान रोहड़ू उपमंडल में अब तक किए गए जनगणना कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता को संतोषजनक पाया तथा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों एवं फील्ड स्टाफ को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जनगणना-2027 के अंतर्गत वर्तमान कार्य की निर्धारित समय-सीमा 01 सितम्बर 2026 से 30 सितम्बर 2026 तक है। अधिकारियों ने सभी पर्यवेक्षकों एवं गणनाकर्ताओं को निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए कार्य को सटीकता एवं गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों एवं फील्ड स्टाफ के साथ संवाद किया गया तथा उनके द्वारा बताई गई शिकायतों, समस्याओं एवं सुझावों को सुना गया। विशेष रूप से जनगणना कार्य के लिए उपयोग किए जा रहे मोबाइल ऐप में आ रही तकनीकी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
तकनीकी समस्याओं के समाधान एवं फील्ड स्टाफ को आवश्यक तकनीकी सहायता उपलब्ध करवाने के लिए NIC द्वारा तकनीकी अधिकारियों/विशेषज्ञों की नियुक्ति की गई है, ताकि मोबाइल ऐप सहित अन्य तकनीकी दिक्कतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके और जनगणना कार्य में अनावश्यक बाधा न आए।
इसके अतिरिक्त, रोहड़ू उपमंडल के बर्फबारी प्रभावित एवं स्नो-बाउंड गांवों में किए जा रहे जनगणना कार्य के सत्यापन हेतु निदेशक, जनगणना संचालन, हिमाचल प्रदेश द्वारा फील्ड विजिट भी किया गया। इस दौरान संबंधित क्षेत्रों में जनगणना कार्य की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया गया तथा फील्ड स्टाफ से आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई। कठिन भौगोलिक एवं मौसम संबंधी परिस्थितियों के बावजूद किए जा रहे कार्य की सराहना की गई।
बैठक में जनगणना कार्य की शुद्धता, गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों ने सभी फील्ड कर्मियों को पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर जनगणना कार्य पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
उपमंडल जनगणना अधिकारी-सह-उपमंडलाधिकारी (ना.), रोहड़ू द्वारा आश्वस्त किया गया कि जनगणना-2027 से संबंधित समस्त कार्य भारत सरकार एवं हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण किए जाएंगे तथा फील्ड स्टाफ को आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध करवाया जाएगा।
यह उल्लेखनीय है कि जनगणना-2027 देश की एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सांख्यिकीय प्रक्रिया है। इसकी सफलता के लिए फील्ड स्तर पर कार्य कर रहे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ आमजन का सहयोग भी आवश्यक है। आमजन से अपील की गई है कि वे जनगणना कर्मियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाकर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सहयोग प्रदान करें।
#जनगणना2027 #जनगणना_2027 #रोहड़ू #जनगणना_कार्य #राष्ट्रीय_कार्य
Jvn Vision Tv Jvn Tv