16/06/2026
रेत माफियाओं ने पार की हद ! अवैध खनन से बाहर आने लगे शव और कंकाल
धमतरी। जिले के खरेंगा गांव में अवैध रेत उत्खनन का भयावह मामला सामने आया है। रेत माफियाओं द्वारा महानदी किनारे किए गए गहरे खनन से श्मशान घाट की जमीन धंस गई, जिससे दफन शव और मानव कंकाल बाहर निकल आए।
ग्रामीणों के मुताबिक अब तक करीब 10 शव और कंकाल बाहर आ चुके हैं, जिससे इलाके में भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि लगातार अवैध उत्खनन के बावजूद प्रशासन और खनिज विभाग कार्रवाई नहीं कर रहा था।
मामला सामने आने के बाद विभाग ने पांच ट्रैक्टर जब्त किए हैं, लेकिन अब तक माफियाओं और चालकों के खिलाफ FIR दर्ज नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं।