District Collector & Magistrate - Sawai Madhopur

District Collector & Magistrate - Sawai Madhopur Contact information, map and directions, contact form, opening hours, services, ratings, photos, videos and announcements from District Collector & Magistrate - Sawai Madhopur, Government Official, Collectrate sawai madhopur, Sawai Madhopur.

Official Handle of District Collector and District Magistrate Madhopur #सवाईमाधोपुर
District Collectorate +919530314000 ,
07462-220201

Police Control Room 07462-225999 whatsapp helpline 9530437072

07/07/2026
सवाई माधोपुर में मानसून के दृष्टिगत जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन, कन्ट्रोल रूम कार्यशीलकलक्टर ने उपखण्ड स्तर तक आपदा प्रबंधन...
15/06/2026

सवाई माधोपुर में मानसून के दृष्टिगत जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन, कन्ट्रोल रूम कार्यशील
कलक्टर ने उपखण्ड स्तर तक आपदा प्रबंधन योजना तैयार करने के निर्देश दिए
सवाई माधोपुर, 15 जून। आगामी मानसून के दौरान संभावित बाढ़, अतिवृष्टि एवं जलभराव की स्थितियों से निपटने के लिए जिला कलक्टर काना राम ने सोमवार को जिला आपदा प्रबंधन योजना पर जिला, उपखण्ड एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। जिला आपदा प्रबंधन की बैठक में जिला प्रमुख सुदामा मीणा भी उपस्थित थी।
बैठक में काना राम ने कहा कि आपदा की स्थिति में जनसुरक्षा जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता रहती है। इसलिए सभी विभागीय अधिकारी एवं कार्मिक हर स्तर पर आपसी समन्वय के साथ मानसून पूर्व तैयारियां सुनिश्चित करें, ताकि आगामी दिनों में जिले में बाढ़, अतिवृष्टि एवं जलभराव की स्थिति से निपटा जा सके। उन्होंने उपखंड अधिकारियों एवं तहसीलदारों को उनके अधिकार क्षेत्र में आपदा प्रबंधन के लिए मानव संसाधनों सहित जरूरी साजो-सामान की व्यवस्था, जलभराव संभावित क्षेत्रों का चिन्हीकरण कर निरीक्षण करने, चेतावनी व्यवस्था को दुरस्त करने और आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
कलक्टर ने आपदा से प्रभावित हो सकने वाले सम्भावित क्षेत्रों, जल स्रोतो, भवनों और कारणों की जल्द से जल्द पहचान कर उनको सूचीबद्ध करने तथा प्रबंधन के लिए उपलब्ध साजो-सामान और आवश्यकताओं की जानकारी जिला स्तर पर साझा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नदी, नालों, बांधों, एनिकट एवं तालाबों आदि पर जलभराव की स्थिति से संबंधित चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं तथा आपात हालात में बांधों के रख-रखाव एवं सुरक्षा, आबादी क्षेत्रों में राहत एवं बचाव तथा पानी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष योजना तैयार की जाए तथा इसके लिए स्वयंसेवकों तथा कार्मिकों को समुचित प्रशिक्षण दिया जाए।
24 घंटे सक्रिय रहेंगे नियंत्रण कक्ष:- कलक्टर ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं बाढ़ कंटिजेंसी योजना की समीक्षा के दौरान बताया कि जिला स्तर पर 24 घण्टे नियंत्रण कक्ष सक्रिय किया गया है। उन्होंने उपखण्ड स्तर पर भी आपदा प्रबंधन के लिए अधिकारियों एवं कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया दी जा सके। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय होने से राहत एवं बचाव कार्य त्वरित और प्रभावी रूप से सुनिश्चित किए जा सकेंगे।
जिला कलक्टर ने जल संसाधन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, सार्वजनिक निर्माण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, जलदाय, विद्युत, ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, नगरीय निकाय आदि सभी विभागों के अधिकारियों को मानसून के दौरान सतर्क रहकर एवं योजनाबद्ध तरीके से आपदा की स्थिति से निपटने की तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में किसी विकट स्थिति के दौरान सभी अधिकारी एवं कार्मिक राज्य सरकार एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को मॉक ड्रिल, संसाधनों के परीक्षण एवं आपदा प्रबंधन योजनाओं को अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए।
ग्राम पंचायत स्तर तक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश:- जिला कलक्टर ने विकास अधिकारियों को प्रत्येक ग्राम पंचायत में जेसीबी की उपलब्धता सुनिश्चित करने, गोताखोरों की सूची तैयार कर संपर्क स्थापित करने तथा राहत एवं बचाव संसाधनों की अग्रिम व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग को एफआरटी टीमों को सक्रिय रखने एवं क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों व खंभों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा।
नालों की सफाई और सरकारी भवनों का निरीक्षण करें:- बैठक में नगरीय निकायों एवं संबंधित विभागों को नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा संभावित जलभराव क्षेत्रों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी विभागीय अधिकारियों को सरकारी भवनों की छतों, परिसरों एवं जल निकासी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने को कहा गया।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, एसडीएम गौरव मिŸाल, नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया, एसीईओ शैलेन्द्र सिंह, डॉ. सरोज बैरवा, सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी तथा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उपखंड अधिकारी, विकास अधिकारी एवं तहसीलदार उपस्थित रहे।
---000---

कलक्टर ने मुख्यमंत्री के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिएग्रामीण-शहरी सेवा शिविरों को सेवा एवं समाधान का...
15/06/2026

कलक्टर ने मुख्यमंत्री के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए
ग्रामीण-शहरी सेवा शिविरों को सेवा एवं समाधान का महाभियान बनाएं: जिला कलक्टर
सवाई माधोपुर, 15 जून। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के प्रभावी संचालन, आमजन को त्वरित राहत प्रदान करने तथा सुशासन को घर-घर पहुंचाने के संबंध में दिए गए निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए जिला कलक्टर काना राम ने सोमवार को जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार की मंशानुरूप आयोजित ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली, पेयजल, चिकित्सा एवं अन्य जन-आवश्यकताओं से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक नागरिक की समस्या का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए।
शिविरों की नियमित मॉनिटरिंग और औचक निरीक्षण किया जाए:- समीक्षा बैठक में कलक्टर ने कहा कि शिविरों में प्राप्त होने वाली अतिक्रमण संबंधी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को शिविरों में कार्मिकों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन तथा समयबद्ध प्रकरण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शिविरों की प्रभावी मॉनिटरिंग, औचक निरीक्षण एवं प्राप्त प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया।
शिकायत निवारण की निगरानी के लिए नई व्यवस्था:- जिला कलक्टर ने राजस्थान सम्पर्क पोर्टल, त्रिस्तरीय जनसुनवाई और मुख्यमंत्री कार्यालय में प्राप्त परिवादों के समयबद्ध निस्तारण के भी निर्देश दिए। उन्होंने जन अभाव अभियोग से जुड़े विभागों के अधिकारियों से कहा कि पोर्टल पर दर्ज होने वाले सभी प्रकरणों की उच्च स्तर पर निगरानी राज्य सरकार द्वारा की जा रही है। इस क्रम में समय पर निस्तारित नहीं होने या शिकायत कर्ताओं द्वारा असंतुष्टि जाहिर करने पर संबंधित अधिकारियों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय करने के लिए नई व्यवस्था शुरू की गई है। इसके तहत राज्य सरकार के स्तर पर चिन्हित शिकायतों को जिला कलक्टर के माध्यम से जांच कराया जाना तय किया गया है। ऐसे में परिवादों के निस्तारण में देरी होने अथवा झूठी सूचनाओं के आधार पर निस्तारण होने पर सख्त प्रशासनिक कार्यवाही की जाएगी।
सफलता की कहानियों का करें व्यापक प्रचार-प्रसार:- जिला कलक्टर ने कहा कि शिविरों के माध्यम से लाभान्वित होने वाले नागरिकों की सफलता की कहानियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिकाधिक लोग राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विशेष रियायतों का लाभ उठा सकें।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, एसीईओ जिला परिषद शैलेन्द्र सिंह, नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया, डॉ. सरोज बैरवा, सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
---000---

अतिक्रमण पर नगर परिषद की कार्रवाईमुख्यमंत्री एवं जिला कलक्टर जनसुनवाई में प्राप्त परिवादों का त्वरित निस्तारणसवाई माधोपु...
15/06/2026

अतिक्रमण पर नगर परिषद की कार्रवाई
मुख्यमंत्री एवं जिला कलक्टर जनसुनवाई में प्राप्त परिवादों का त्वरित निस्तारण
सवाई माधोपुर, 15 जून। मुख्यमंत्री जनसुनवाई एवं जिला कलक्टर जनसुनवाई में प्राप्त अतिक्रमण संबंधी परिवादों पर नगर परिषद द्वारा प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जों को हटाया गया। नगर परिषद आयुक्त के निर्देशन में गठित टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में वर्षों से किए गए अतिक्रमण हटाकर आमजन को राहत प्रदान की।
प्राप्त परिवाद के अनुसार श्रीराम वाटिका लवकुश कॉलोनी में सरकारी ट्यूबवेल की लगभग 100 फीट भूमि पर जसराम मीना द्वारा लंबे समय से अवैध कब्जा कर रखा था। साथ ही सार्वजनिक मार्ग पर गोबर का रेवड़ा डालकर आम रास्ते को अवरुद्ध कर रखा था। नगर परिषद टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटवाते हुए रास्ते को सुचारू कराया।
इसी प्रकार बालमंदिर कॉलोनी स्थित चर्च के सामने सार्वजनिक सड़क पर कमलेश मीना ने अवैध रूप से टीनशेड लगाकर भैंसों का तबेला बना लिया था, जिससे आमजन एवं राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नगर परिषद की कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन के माध्यम से उक्त अतिक्रमण को भी हटाया गया।
नगर परिषद आयुक्त के निर्देशन में गठित टीम में राजस्व अधिकारी विजेन्द्र मीना प्रभारी, सह प्रभारी मनोज कुमार मीना, कनिष्ठ अभियंता नरेन्द्र कुमार मीना, स्वास्थ्य निरीक्षक शिवराम मीना सहित समस्त जमादार शामिल रहे।
---000---

15/06/2026

अनुसूचित जाति वर्ग को स्वरोजगार के लिए मिलेगा 50 हजार रुपये तक अनुदान
पोप, ई-रिक्शा, डेयरी एवं मुद्रा योजनाओं में ऋण पर निगम देगा सहायता
सवाई माधोपुर, 15 जून। राजस्थान अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास सहकारी निगम लिमिटेड, जिला परिषद परिसर सवाई माधोपुर द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न बैंकिंग ऋण योजनाओं का संचालन किया जा रहा है।
अनुजा निगम सवाई माधोपुर के परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार गहलोत ने बताया कि निगम द्वारा ऐसे अनुसूचित जाति वर्ग के बीपीएल अथवा समकक्ष परिवार, जिनकी वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये से कम है, उन्हें स्वरोजगार स्थापित करने के लिए विशेष आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि कार्यालय में संचालित योजनाओं में पोप शहरी, पोप ग्रामीण, ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा, उन्नत भैंस, गाय पालन तथा मुद्रा योजना शामिल हैं। इन योजनाओं के तहत संबंधित बैंकों द्वारा ऋण स्वीकृत होने के बाद प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-एजेएवाई) के तहत इकाई लागत का 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 50 हजार रुपये तक का अनुदान निगम द्वारा प्रदान किया जाएगा। इच्छुक पात्र व्यक्ति निगम कार्यालय में संपर्क कर योजनाओं के अंतर्गत आवेदन प्रस्तुत कर स्वरोजगार योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
---000---

15/06/2026

दो मेडिकल्स स्टोर्स के खुदरा औषधि अनुज्ञापत्र निलम्बित
सवाई माधोपुर, 15 जून। सहायक औषधि नियन्त्रक एवं अनुज्ञापन प्राधिकारी चन्द्र प्रकाश जाटव ने गंगापुर सिटी के दो मेडिकल स्टोर्स पर निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए उनके खुदरा औषधि अनुज्ञापत्र निलम्बित किए हैं।
सहायक औषधि नियन्त्रक ने औषधि एवं प्रसाधन सामग्री नियम, 1945 के नियम 66 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए मैसर्स सतीश मेडिकल्स, गंगापुर सिटी का खुदरा औषधि अनुज्ञापत्र 22 जून से 24 जून, 2026 तक तीन दिवस के लिए तथा मैसर्स मोहन मेडिकल्स, गंगापुर सिटी का अनुज्ञापत्र 22 जून से 26 जून, 2026 तक पांच दिवस के लिए निलम्बित किया गया है।
---000---

15/06/2026

जिले में 16 जून से 31 जुलाई तक चलेगा स्टॉप डायरिया कैम्पेन
डायरिया की रोकथाम, सफाई और ओआरएस से रखें अपना ध्यान, थीम पर होंगे व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम
सवाई माधोपुर, 15 जून। जिले में बच्चों को दस्त रोग से सुरक्षित रखने तथा दस्त जनित मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा 16 जून से 31 जुलाई तक “स्टॉप डायरिया कैम्पेन” का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी तथा स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा घर-घर पहुंचकर बच्चों के लिए ओआरएस और जिंक की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। इस वर्ष अभियान की थीम, डायरिया की रोकथाम, सफाई और ओआरएस से रखें अपना ध्यानश् निर्धारित की गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जेमिनी ने बताया कि मानसून के दौरान जलजनित एवं संक्रामक रोगों की आशंका बढ़ जाती है, जिनमें दस्त रोग प्रमुख है। पांच वर्ष तक के बच्चों में दस्त रोग गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है। समय पर उचित उपचार एवं जागरूकता के माध्यम से दस्त से होने वाली जटिलताओं और मृत्यु को रोका जा सकता है। इसी उद्देश्य से जिले में स्टॉप डायरिया कैम्पेन का प्रभावी संचालन किया जाएगा।
घर घर वितरण करेंगे ओआरएस और जिंक की गोली:- अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा स्वास्थ्य कर्मियों की टीमों द्वारा घर-घर संपर्क कर परिवारों को दस्त रोग की पहचान, बचाव एवं उपचार संबंधी जानकारी दी जाएगी। आशाएं प्रत्येक घर पर जाकर ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन) के पैकेट एवं जिंक की गोलियों का वितरण करेंगी तथा इनके सही उपयोग की जानकारी भी प्रदान करेंगी। जिले के सभी राजकीय चिकित्सा संस्थानों पर ओआरएस कॉर्नर स्थापित किए जाएंगे, जहां दस्त रोग से पीड़ित बच्चों एवं उनके परिजनों को तत्काल परामर्श, ओआरएस घोल तथा आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। चिकित्सा संस्थानों में ओआरएस और जिंक की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के तहत लोगों को हाथ धोने की सही विधि, स्वच्छ पेयजल के उपयोग, भोजन को ढंककर रखने, खुले में शौच से बचने तथा अपनाने के प्रति प्रेरित किया जाएगा। साथ ही दस्त होने पर बच्चे को भोजन और स्तनपान जारी रखने तथा निर्जलीकरण के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र से संपर्क करने की सलाह दी जाएगी।
सीएमएचओ ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि दस्त रोग को सामान्य बीमारी समझकर नजरअंदाज न करें। दस्त होने पर तुरंत ओआरएस घोल देना शुरू करें तथा चिकित्सकीय परामर्श अनुसार जिंक की गोलियां दें। समय पर उपचार और स्वच्छता के उपाय अपनाकर दस्त रोग से होने वाले गंभीर परिणामों से बचा जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी चिकित्सा अधिकारियों, आशा सहयोगिनियों, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा संबंधित विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जिले के प्रत्येक परिवार तक दस्त नियंत्रण एवं बचाव का संदेश
---000---

15/06/2026

शहरी सेवा शिविर के तहत विभिन्न वार्डों में लगेंगे शिविर
सवाई माधोपुर, 15 जून। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले के सभी स्थानीय निकायों में 12 जून से 15 जुलाई, 2026 तक शहरी सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविर में विभागीय अधिकारियों द्वारा आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान एवं उनके कार्य सम्पादित किए जा रहे हैं।
जिला कलक्टर काना राम के शिविरों के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर वार्डों में विशेष सफाई अभियान, नाला-नाली सफाई, सड़क मरम्मत, सार्वजनिक स्थलों के सौन्दर्यीकरण तथा स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सहित आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान करना सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे अपने वार्ड संबंधी शहरी सेवा शिविर में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाएं।
16 जून इन वार्डो में लगेंगे शिविर:- 16 जून को नगर परिषद सवाई माधोपुर के वार्ड 1 से 6 के लिए, नगर पालिका खण्डार के वार्ड से 25 के लिए, नगर परिषद गंगापुर सिटी के वार्ड 7 से 12 के लिए, नगर पालिका वजीरपुर के वार्ड 3 के लिए, नगर पालिका बामनवास के वार्ड 3 के लिए शिविर आयोजित होंगे।
शहरी सेवा शिविर में सम्पादित किए जाने वाले विभिन्न कार्य:- शिविरों में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाईट मरम्मत, नई लाइट लगाना, टूटे फेरो कवर व क्रास सही करना, ब्लैक स्पॉट सही करवाना, पेचवर्क, पार्कों की सफाई, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई व मरम्मत, सीवरेज कनेक्शन व मरम्मत, लम्बित पत्रावलियों का निस्तारण, विभिन्न प्रकार के पट्टे, स्टेट ग्रांट, कच्ची बस्ती 69ए, कृषि भूमि भू-उपयोग परिवर्तन, खांचा भूमि, नामांतरण, भवन निर्माण मंजूरी, ट्रेड लाईसेंस, फायर एनओसी, स्ट्रीट वेंडर रजिस्ट्रेशन, उप विभाजन-एकीकरण, लीज मुक्ति प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु, विवाह प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, पीएम स्वनिधि योजना के आवेदन, प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत आवेदन, एसबीएम 2.0 के अंतर्गत घरेलू शौचालय निर्माण के आवेदन प्राप्त कर त्वरित गति से निस्तारित किए जा रहे हैं।
---000---

15/06/2026

16 व 18 जून को ग्राम पंचायतों में आयोजित होंगे ग्रामीण सेवा शिविर
सवाई माधोपुर, 15 जून। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले के सभी उपखण्ड क्षेत्रों में ग्राम पंचायत के अनुसार 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे है। शिविर में प्रातः 10 बजे से सांय 6 बजे तक विभागीय अधिकारियों द्वारा ग्रामीण जनों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान और उनके कार्य सम्पादित किए जा रहे है।
जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि 16 जून को गंगापुर सिटी की बाढकलां, बरनाला की बिछोछ, बामनवास की जाहिरा, चौथ का बरवाड़ा की भगवतगढ़, रजवाना, मित्रपुरा की बपूई, बौंली की बड़ागांव सरवर, खण्डार की गोठडा, कुरेडी, सवाई माधोपुर की पढ़ाना, आटून कलां, मलारना डूंगर की तारनपुर, डिडवाडा, वजीरपुर की पीलोदा में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इसी प्रकार 18 जून को गंगापुर सिटी की खूटला सलौना, बामनवास की सीतोड, बरनाला की सुमेल, चौथ का बरवाड़ा की शिवाड़, मित्रपुरा की मोरन, खण्डार की बालेर, सवाई माधोपुर की लोरवाड़ा, रामड़ी, मलारना डूंगर की मलारना चौड़ एवं वजीरपुर की बगलाई में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
---000---

अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्षता में बोर्ड ऑफ विजिटर्स ने जिला कारागृह का त्रैमासिक निरीक्षण कर जांची व्यव...
15/06/2026

अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्षता में बोर्ड ऑफ विजिटर्स ने जिला कारागृह का त्रैमासिक निरीक्षण कर जांची व्यवस्थाएं
सवाई माधोपुर, 15 जून। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (जिला एवं सेशन न्यायाधीश) सवाई माधोपुर देवेंद्र दीक्षित की अध्यक्षता में बोर्ड ऑफ विजिटर्स द्वारा सोमवार को सर्वाेच्च न्यायालय द्वारा रिट पिटीशन संख्या 1404/2023 सुकन्या सांथा बनाम यूनियन ऑफ इण्डिया एवं अन्य में दिए गए निर्देशों की पालना में जिला कारागृह सवाई माधोपुर का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कुल 99 बंदी उपस्थित पाएं गए, देवेंद्र दीक्षित अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं बोर्ड ऑफ विजिटर्स के अन्य सदस्यों समीक्षा गौतम सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अनिल जैमिनी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, गोविन्द सहाय मीना अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग, मनोज कुमार गहलोत उपनिदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, हरकेश मीना जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक एवं लखपत लाल मीना संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार द्वारा बंदियों से वार्ता कर जाति या धार्मिक आधार पर रसोईघर या भोजन पकाने का प्रबंधन, जाति या धार्मिक आधार पर बंदियों को दिया जाने वाला विशेष उपचार एवं बंदियों के समूह का वर्गीकरण, जेल के अंदर पंजीकृत विचाराधीन या दोषी बंदियों से संबंधित रजिस्टर में जाति का कॉलम तथा जाति, लिंग व विकलांगता के आधार पर बंदियों के साथ भेदभाव आदि के संबंध में पूछताछ कर उनकी समस्याओं को सुना गया। निरीक्षण के दौरान जिला कारागृह में लिंग, जाति या धार्मिक आधार पर बंदियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना पाया गया।
साथ ही बोर्ड ऑफ विजिटर्स द्वारा मौके पर उपस्थित जिला कारागृह के जेलर ताराचन्द शर्मा से जिला कारागृह की साफ-सफाई, बंदियों के पीने योग्य पानी की व्यवस्था, बंदियों के लिए उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाएं, नए प्रवेश करने वाले बंदियों के नाम एवं पता, उनके मुकदमों, संबंधित थाना एवं न्यायालय आदि के संबंध में पूछताछ की गई। निरीक्षण के दौरान कारागृह में नल से पानी लीकेज हो रहा था, देवेन्द्र दीक्षित ने गोविन्द सहाय मीना अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग को लीकेज को अविलम्ब ठीक करने के संबंध में निर्देश प्रदान किये गयें।
साथ ही प्रिजन लीगल एड क्लीनिक के माध्यम से बंदियों को प्राप्त विधिक सहायता तथा जेल विजिटिंग लॉयर एवं जेल विजिटिंग अधिकार मित्र द्वारा की गई कार्यवाही आदि के संबंध में पूछताछ की गई। दौराने निरीक्षण चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल राधेश्याम जोगी एवं कारागृह स्टाफकर्मी आदि उपस्थित रहे।
---000---

Address

Collectrate Sawai Madhopur
Sawai Madhopur
322001

Website

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when District Collector & Magistrate - Sawai Madhopur posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Share