03/09/2026
#सेवा_संकल्प_अभियान की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री ने की समीक्षा
➖
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में होंगे विभिन्न जनभागीदारी कार्यक्रम
➖
#सिवनी/प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने एवं विकसित भारत-2047 के संकल्प को लेकर मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक “सेवा संकल्प अभियान” संचालित किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी जिलों के कलेक्टर्स एवं कमिश्नर्स के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में सिवनी से कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह, अपर कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि अभियान के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ तथा ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान जिले में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के साथ नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों एवं स्वयंसेवकों को विभिन्न सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, पोषण जागरूकता, सड़क सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
वहीं ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ के तहत शिविर आयोजित कर नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी, पात्रता की जांच तथा आवेदन संबंधी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके। CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav