01/09/2026
प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहन योजना अंतर्गत #लैपटॉप राशि अंतरित
सिवनी जिले के 1937 विद्यार्थी हुए योजना से लाभान्वित
#सिवनी/ प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना अंतर्गत विद्यार्थियों को लैपटॉप क्रय हेतु राशि अंतरित किए जाने का प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम मंगलवार को भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में लैपटॉप क्रय हेतु राशि का वन क्लिक के माध्यम से अंतरण किया गया।
सिवनी जिले से माध्यमिक शिक्षा मंडल की हायर सेकेंडरी परीक्षा सत्र 2025-26 की कक्षा 12वीं की जिले की प्रवीण्य सूची में चयनित एक छात्र एवं एक छात्रा प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में शामिल हुए। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सिवनी के छात्र सत्यम चन्द्रवंशी एवं मिशन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छपारा की छात्रा वंशिका जैन अपने संस्था के शिक्षक-शिक्षिका के साथ भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
योजना के अंतर्गत 75 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक अर्जित करने वाले पात्र विद्यार्थियों को लैपटॉप क्रय हेतु प्रति विद्यार्थी 25 हजार रुपये की राशि उनके बैंक खातों में वन क्लिक के माध्यम से अंतरित की गई।
प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत सिवनी जिले के कुल 1937 विद्यार्थी लाभान्वित हुए हैं। इनमें 715 बालक एवं 1222 बालिकाएं शामिल हैं। योजना के माध्यम से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं डिजिटल संसाधनों की दिशा में प्रोत्साहित करने के साथ उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों को आगे बढ़ाने का अवसर प्राप्त होगा। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने योजना से लाभान्वित सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं बेहतर शैक्षणिक उपलब्धियों की कामना की है। Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Department of School Education, Madhya Pradesh