20/08/2026
आम आदमी पार्टी, सिवनी
प्रेस विज्ञप्ति
20 अगस्त, 2026
*सिवनी को संभाग बनाने के दावे, लेकिन जिला अस्पताल के गेट की गंदगी ने खोल दी व्यवस्था की पोल - आप*
सिवनी। आम आदमी पार्टी यूथ विंग जिला उपाध्यक्ष कमलेश राजपूत ने वीडियो जारी कर गांधी जिला चिकित्सालय सिवनी के मुख्य गेट के सामने पसरी गंदगी और बदहाली ने नगर पालिका की सफाई व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। जिस अस्पताल में रोजाना सैकड़ों मरीज और उनके परिजन इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, उसी के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने कचरा और अव्यवस्था का यह आलम जिम्मेदारों के मुंह पर तमाचा है। कमलेश राजपूत ने इस मामले को लेकर नगर पालिका प्रशासन, सांसद और विधायक पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सिवनी की जनता को अब भाषण नहीं, जमीन पर काम चाहिए। जब जिला अस्पताल जैसे प्रमुख स्थान की सफाई व्यवस्था तक जिम्मेदार नहीं संभाल पा रहे हैं, तो शहर के बाकी हिस्सों की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। आखिर सफाई के नाम पर होने वाला खर्च कहां जा रहा है और जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी कब निभाएंगे?
*विधायक के रोज के रास्ते पर गंदगी, फिर भी आंखों पर पट्टी क्यों*
कमलेश राजपूत ने कहा कि जिला अस्पताल के सामने का यह इलाका कोई सुनसान गली नहीं है, बल्कि शहर का प्रमुख और सबसे संवेदनशील सार्वजनिक स्थान है। इसी मार्ग से विधायक दिनेश राय मुनमुन के आवास की ओर प्रतिदिन आवागमन होता है, इसके बावजूद अस्पताल के मुख्य गेट के सामने महीनों जैसी स्थिति बनी रहना गंभीर सवाल खड़े करता है। सांसद भारती पारधी और विधायक दिनेश राय मुनमुन को भी जनता के इन सवालों का जवाब देना चाहिए कि क्या उन्हें अपने ही शहर की यह तस्वीर दिखाई नहीं देती? नगर पालिका का काम केवल कागजों में सफाई दिखाना नहीं, बल्कि शहर की सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों को वास्तव में साफ रखना है। आम आदमी पार्टी यूथ विंग ने साफ कहा कि अब जिम्मेदारों को एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर बचने नहीं दिया जाएगा। जनता टैक्स देती है, इसलिए जनता को साफ शहर और बेहतर व्यवस्था मांगने का पूरा अधिकार है। जिला अस्पताल के गेट पर गंदगी देखकर भी अगर जिम्मेदारों की नींद नहीं खुलती, तो यह केवल लापरवाही नहीं बल्कि जनता के प्रति संवेदनहीनता है।
*संभाग का सपना दिखाने वालों पहले सिवनी की नाली-कचरा व्यवस्था संभालो*
आम आदमी पार्टी यूथ विंग के जिला उपाध्यक्ष कमलेश राजपूत ने कहा कि सिवनी को संभाग बनाने की बातें करने वालों को पहले शहर की बुनियादी व्यवस्था ठीक करके दिखानी चाहिए। जिस शहर में जिला अस्पताल के मुख्य गेट के सामने सफाई व्यवस्था की यह हालत हो, वहां बड़े-बड़े प्रशासनिक सपने दिखाना जनता के साथ मजाक है। कमलेश राजपूत ने कहा कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए भी यह समय केवल सोशल मीडिया पर पोस्ट देखने, लाइक करने और एक-दूसरे का मुंह देखने का नहीं है। अगर पार्टी जनता के मुद्दों की लड़ाई लड़ने का दावा करती है तो हर कार्यकर्ता को सड़क पर उतरकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। जनता के बीच रहकर सवाल उठाना, मौके पर जाकर अव्यवस्था दिखाना और जिम्मेदारों से जवाब मांगना ही असली राजनीति है। सिवनी की जनता अब चुप बैठने वाली नहीं है—जिला अस्पताल के गेट से लेकर शहर की हर गली तक सफाई व्यवस्था की जवाबदेही तय करनी होगी। पहले शहर साफ और व्यवस्थित बनाइए, फिर संभाग के सपने दिखाइए।
*निवेदक :- प्रफुल्ल बिटले (जिला प्रवक्ता)*
*आम आदमी पार्टी, सिवनी*
*7489416030*