23/07/2026
🌊 जिला गंगा समिति, शामली की मासिक बैठक (जुलाई 2026)
आज जिलाधिकारी महोदय शामली की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला वृक्षारोपण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में पर्यावरण संरक्षण, नदियों की स्वच्छता, प्रदूषण नियंत्रण, वृक्षारोपण एवं जल संरक्षण से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में जिला वृक्षारोपण समिति के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी महोदय ने निर्देश दिए कि जनपद में लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित की जाए। पौधों को आवश्यकता के अनुसार सिंचाई उपलब्ध कराने के साथ ही उनकी सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके उपरांत जिला गंगा समिति के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी महोदय ने गंगा एवं जल स्रोतों के संरक्षण को लेकर जन जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदूषणकारी नालों के जल की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने तथा आवश्यकतानुसार नालों पर बायोरेमेडिएशन की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। जिलाधिकारी महोदय ने खोखरी नदी के जीर्णोद्धार कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित खंड विकास अधिकारी को उपजिलाधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए खोखरी नदी के जीर्णोद्धार कार्य को शीघ्रता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि नदी के पुनर्जीवन एवं जल संरक्षण के उद्देश्य को प्रभावी रूप से प्राप्त किया जा सके।बैठक में प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी महोदय ने जल निगम को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति लाने तथा कार्य को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण के लिए आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी शामली, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, परिवहन विभाग, भूगर्भ जल विभाग, लोक निर्माण विभाग, प्रदूषण नियंत्रण विभाग, उद्योग विभाग, जिला परियोजना अधिकारी, जिला गंगा समिति, बेसिक शिक्षा विभाग, ग्रामीण जलापूर्ति विभाग, सिंचाई विभाग, उद्यान विभाग, अधिशासी अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी एवं जिला पंचायती राज अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
"स्वच्छ नदी – सुरक्षित भविष्य"
आइए, हम सभी मिलकर अपनी नदियों के संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में सहभागी बनें। 🌿💧