11/12/2014
विशेष पुलिस टीम ने बुधवार को बोचहां थाना क्षेत्र में केनरा बैंक को लूटने आ रहे सरगना अमरेश ठाकुर समेत आधे दर्जन कुख्यात लुटेरों को गिरफ्तार किया है। ये सभी अंतरजिला लुटेरा गिरोह के सदस्य हैं। इनके पास से भारी मात्रा में हथियार, जिंदा बम, विस्फोटक पदार्थ, कारतूस, मोबाइल सेट व तीन बाइक समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं। बुधवार को पुलिस ऑफिस में प्रेस वार्ता कर एसएसपी रंजीत कुमार मिश्रा ने उक्त बातों की जानकारी दी। एसएसपी ने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर सभी को एतवारपुर इलाके से दबोचा गया है। दर्जन भर से अधिक आपराधिक घटनाओं में इनकी संलिप्तता सामने आई है।
टीम में शामिल पुलिस अधिकारियों व जवानों को पुरस्कृत करने की बात कही है।
इनकी हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार अपराधियों में पीयर थाना क्षेत्र के नुनफरा निवासी अमरेश ठाकुर (सरगना), औराई सगहरी रामपुर के कुमोद राम, औराई इंगलिश चक के विश्वनाथ कुमार राय, कटरा लगवारा के राजू सहनी, कटरा के मुन्ना कुमार और सीतामढ़ी रुन्नीसैदपुर इलाके के राकेश कुमार राय शामिल हैं।
ये सामान बरामद
चार देशी कट्टा, एक नाइन एमएम की पिस्टल, दो मैगजीन, 7.65 एमएम की एक पिस्टल, थ्री फिफ्टीन की पांच गोली, केएफ लिखा एक गोली, नाइन एमएम की तीन गोली, 7.65 एमएम की चार गोली, एक जिंदा बम, बम बनाने का सामान, सुतली व नील वगैरह, तीन मोटरसाइकिल (एक साइन, अपाचे व बजाज) व छह मोबाइल सेट बरामद किए गए हैं।
इन घटनाओं में संलिप्तता
- सीतामढ़ी के नानपुर में पेट्रोल पंप से लूट, रुन्नीसैदपुर पेट्रोल पंप से लूट, बाजपट्टी में पेट्रोल पंप से लूट, बोचहां में गैस एजेंसी से लूट, गायघाट के बेरुआ में बैंक लूट, रुन्नीसैदपुर में दोबारा पेट्रोल पंप लूट, अहियापुर में किराना दुकान से लूट, बड़ा जगन्नाथ में शराब दुकान से लूट, अहियापुर के झपहां रेलवे लाइन पर मोटरसाइकिल व राशि की लूट
दुष्कर्म का भी रहा आरोपी
लुटेरा गिरोह में शामिल औराई इलाके के कुमोद राय लूट की घटनाओं के साथ दुष्कर्म में भी शामिल रहा है। गत दिनों वह दुष्कर्म के एक मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जेल से निकलने के बाद बैंक लूट की योजना में शामिल हो गया।
छापेमारी टीम में रहे शामिल
एसएसपी के निर्देश पर पूर्वी डीएसपी एम अहमद के नेतृत्व में बोचहां थानाध्यक्ष शंभू भगत, ब्रह्मापुरा अभिषेक रंजन, नगर थानाध्यक्ष सुनील कुमार शर्मा, कथैया दिनेश कुमार यादव, गायघाट रमण कुमार, करजा अवनी भूषण व बोचहां के दारोगा प्रभात रंजन सक्सेना समेत एसआइटी के जवान समेत अन्य शामिल थे।
खंगाला जा रहा क्राइम रिकार्ड
इन सभी की गिरफ्तारी के बाद सीतामढ़ी समेत आसपास के जिलों के थाने की पुलिस भी अपने यहां के आपराधिक रिकार्ड को खंगाल रही है।
खदेड़ा व फाय¨रग
सूचना पर बोचहां थानाध्यक्ष शंभू भगत ने योजना के तहत सभी अधिकारियों को वहां बुलाया। इलाके में नाकेबंदी कर एतवारपुर पुल के निकट से पहले अमरेश को दबोचा। फिर एक-एक कर सभी लुटेरों को धर दबोचा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों व जवानों को खदेड़ने के साथ हवाई फाय¨रग भी करनी पड़ी।
बयान --
बोचहां इलाके में केनरा बैंक की लूट की योजना को विफल करते हुए छह लुटेरों को गिरफ्तार किया गया हैं। इन सभी से पूछताछ के बाद गिरोह में शामिल अन्य की तलाश में सघन रूप से कई जगहों पर छापेमारी की जा रही हैं।