30/05/2026
समाहरणालय,शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति 271, दिनांक
30.05.2026 ********************************
*सांसद, श्री अरुण कुमार भारती, महोदय की अध्यक्षता में संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, अधिकारियों को मिले कई निर्देश*
*****************************
जिला प्रशासन शेखपुरा के सौजन्य से समाहरणालय स्थित मंथन सभागार में 'संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति' की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में माननीय सांसद जमुई, माननीय विधायक श्री रणधीर कुमार सोनी, अपर समाहर्ता -सह-प्रभारी जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी महोदया को जल जीवन हरियाली का प्रतीक चिन्ह पौधे देकर सम्मानित किया गया। बैठक में जिले की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कई कड़े निर्णय लिए गए तथा पिछले बैठक को प्राथमिकताओं के अनुपालन की समीक्षा भी की गई। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि अनुपालन प्रतिवेदन से माननीय सांसद असंतुष्ट थें, और उनके द्वारा बताया गया है कि बैठक से अनुपस्थित रहने के कारण राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल (NH-333A) के कार्यपालक अभियंता को स्पष्टीकरण करने हेतु निर्देश दिया गया। जिला अंतर्गत जो भी योजनाएं सरकार की योजनाओं चल रही है उसको धरातल पर उतरने हेतु कहा गया है। चेवाड़ा मोड़ पर जाम तथा सड़क अतिक्रमण से मुक्ति दिलाने का निर्देश नगर कार्यपालक पदाधिकारी चेवाड़ा को निर्देश दिया गया। सड़क सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने इस वर्ष नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बड़े स्तर पर शमन (जुर्माना) की कार्रवाई की जा रही है और
नियमों की अनदेखी करने वाले कार्यवाही भी किया जा रहा है। जिलें में हेलमेट और सीट बेल्ट हेतु सघन जाँच अभियान के तहत 1,194 लोगों से हेलमेट न पहनने और 58 लोगों से सीट बेल्ट न लगाने पर क्रमशः 11,94,000 रुपये और 58,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने वाले 737 चालकों तथा बिना परमिट, बीमा व प्रदूषण प्रमाण पत्र के चल रहे सैकड़ों वाहनों पर कार्रवाई की गई है। साथ ही, अयोग्य चालकों के लाइसेंस निलंबित करने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों का निबंधन ब्लॉक करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
माननीय सांसद जी के निर्देश पर जिले के निजी स्कूलों में चलने वाले वाहनों की भौतिक व तकनीकी जाँच मोटरयान निरीक्षक और प्रवर्तन अवर निरीक्षकों द्वारा कराई गई। इस जाँच में कई स्कूल बसों में प्रदूषण, बीमा, परमिट और वी०एल०टी०डी० जैसी कमियां पाई गईं। जिला परिवहन पदाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए डिवाइन लाइट पब्लिक स्कूल, सेंट मैरी इंग्लिश स्कूल समेत जिले के 14 प्रमुख निजी स्कूलों को पत्र जारी कर अपने वाहनों के सभी कागजात जल्द से जल्द अद्यतन करने की कड़ी चेतावनी दी है। जिलें में दुर्घटनाओं के आंकड़ों में सुधार, जिले में कोई 'ब्लैक स्पॉट' नहीं
बैठक में साल 2025 और 2026 के दुर्घटना आंकड़ों की तुलनात्मक समीक्षा की गई। परिवहन विभाग के अनुसार, जनवरी से मई 2026 तक जिले में कुल 32 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 30 लोगों की मृत्यु हुई और 8 लोग घायल हुए। हालांकि, यह आंकड़ा पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में लगभग 3 प्रतिशत कम है। शहरी क्षेत्रों को जाम और अतिक्रमण से मुक्ति दिलाने हेतु निर्देश माननीय विधायक शेखपुरा द्वारा दिया गया। कॉलेज मोड़ और तीनमुहानी जैसे प्रवेश एवं निकास मार्गों पर सुबह 08:00 बजे से लेकर रात 08:00 बजे तक के लिए 'नो एंट्री' (No Entry) समय-सारणी के बोर्ड लगा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही दल्लू मोड़, चांदनी चौक, रेलवे स्टेशन और गिरहिंडा चौक जैसे भीड़-भाड़ वाले इलाकों से लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने को कहा गया। NH-333A पर सड़क किनारे गिट्टी-बालू और निर्माण सामग्री डंप करने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि यदि सामग्री सड़क पर पाई गई, तो 'बिहार खनिज नियमावली 2024' के तहत सीधे प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
जिले के कई संवेदनशील स्थलों जैसे चेवाड़ा अंबेडकर चौक, एकरामा मोड़, हटिया मोड़ और टाटी पुल आदि का सर्वे कर वहां रंबल स्ट्रिप, रेडियम रिफ्लेक्टिव टेप, साइन बोर्ड लगाने और सड़कों के किनारे पेड़ों की छंटाई करने की योजना बनाई है। इसके अलावा कुल चिन्हित 67 विद्यालयों/महाविद्यालयों में से 26 स्थलों पर जेब्रा क्रॉसिंग का निर्माण पूरा कर लिया गया है और शेष पर यथाशीघ्र पूर्ण कराने हेतु निर्देश दिया। 'हिट एंड रन' हादसे के पीड़ितों के लिए मुआवजा योजना के तहत तेजी से भुगतान किया जा रहा है। वहीं, सड़क दुर्घटना में घायलों को 'गोल्डन ऑवर' (स्वर्णिम घंटा) में अस्पताल पहुंचाने वाले मददगारों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार की 'राह वीर' (गुड सेमेरिटन) योजना के तहत 25,000 रुपये की पुरस्कार राशि और सम्मान पत्र देने की प्रक्रिया को और सुगम बनाया जा रहा है।
बैठक के अंत में अध्यक्ष महोदय ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर सड़क सुरक्षा नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, सांसद महोदय प्रतिनिधि, विधायक महोदय प्रतिनिधि, सभी नगर कार्यपालक पदाधिकारी, मोटर यान निरक्षक आदि उपस्थित थें।
*डी॰पी॰आर॰ओ॰,*
*शेखपुरा।*
Information & Public Relations Department, Government of Bihar District Administration Sheikhpura