17/10/2022
महिलाएं समाज की महत्वपूर्ण कड़ी है और महिलाओं की सुरक्षा की हम सब की जिम्मेदारी है
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित वन स्टॉप सेंटर (सखी) योजना के प्रचार प्रसार हेतु श्री ओम प्रकाश पांडे जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास के निर्देशन पर शासकीय महाविद्यालय शिवपुर में जन अभियान परिषद द्वारा संचालित एमएसडब्ल्यूएम बीएसडब्ल्यू की क्लास में वन स्टॉप सेंटर की टीम के द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें शालिनी शुक्ला सोशल केस वर्कर और निलेश गौतम आईटी केस वर्कर के द्वारा अभ्यर्थियों को वन स्टॉप सेंटर की के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की और शालिनी शुक्ला के द्वारा बताया गया कि वन स्टॉप सेंटर एक ऐसा स्थान है जहां पर एक छत के नीचे महिलाओं/बालिकाओं को सभी प्रकार की सहायता प्रदान की जाती है यह महिलाओं के लिए 24 घंटे कार्य करने वाला सेंटर है, जहां पर महिला किसी भी समय आ कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकती है। इसी क्रम में निलेश गौतम के द्वारा बताया गया कि सेंटर पर हम लोग महिलाओं को परामर्श सहायता, पुलिस सहायता, विधिक सहायता, आपातकालीन सहायता, चिकित्सा सहायता एवं आश्रय सहायता प्रदान करते हैं कोई भी महिला अपने ऊपर हो रही हिंसा के लिए महिला हेल्पलाइन नंबर 181 या वन स्टॉप सेंटर का मोबाइल नंबर 87178 11241 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकती हैं। वन स्टॉप सेंटर के संबंध में अभ्यार्थियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रकार के सवालों के जवाब दिए। इस कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक नेहा सिंह एवं साथी परामर्शदाता तथा वन स्टॉप सेंटर की ओर से शालिनी शुक्ला , निलेश गौतम और एमएसडब्ल्यू/ बीएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।