31/08/2026
मशोबरा स्थित राज्य पंचायत संसाधन केंद्र को मिला डिजिटल स्टूडियो
मशोबरा स्थित राज्य पंचायती राज प्रशिक्षण एवं संसाधन केंद्र (SIRD&PR) में ₹33.37 लाख की लागत से स्थापित डिजिटल स्टूडियो का आज ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्री अनिरुद्ध सिंह ने उद्घाटन किया।
यहां पंचायती राज और ग्रामीण विकास से जुड़े प्रशिक्षण एवं संचार की डिजिटल सामग्री तैयार, रिकॉर्ड और प्रसारित की जा सकेगी।
इस स्टूडियो का इस्तेमाल होगा—
▪️ प्रशिक्षण व्याख्यान, प्रस्तुतियों और विशेषज्ञ वार्ताओं की रिकॉर्डिंग के लिए।
▪️ ई-लर्निंग और डिजिटल प्रशिक्षण मॉड्यूल तैयार करने के लिए।
▪️ ऑनलाइन प्रशिक्षण, वेबिनार और वीडियो कॉन्फ्रेंस के लिए।
▪️ इंटरव्यू, पैनल चर्चा और जागरूकता कार्यक्रम रिकॉर्ड करने के लिए।
▪️ प्रशिक्षण कार्यक्रमों और महत्वपूर्ण आयोजनों की लाइव स्ट्रीमिंग के लिए।
▪️ वेबसाइट, आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के लिए ऑडियो-विजुअल सामग्री तैयार करने के लिए।
स्टूडियो में साउंड-प्रूफिंग और अकॉस्टिक ट्रीटमेंट की सुविधा भी है, ताकि रिकॉर्डिंग में बाहरी शोर कम हो और आवाज़ स्पष्ट रहे।
सबसे महत्वपूर्ण बात—एक बार तैयार की गई प्रशिक्षण सामग्री को अलग-अलग जिलों और ब्लॉकों में बार-बार इस्तेमाल किया जा सकेगा।
इस तरह विशेषज्ञों का ज्ञान और प्रशिक्षण सामग्री किसी एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि डिजिटल माध्यम से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंच सकेगी।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग निदेशक श्री राघव शर्मा, अतिरिक्त सचिव पंचायती राज श्री मती नीलम दुलटा सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।