05/09/2026
डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की जयंती एवं शिक्षक दिवस के अवसर पर आज लोक भवन, शिमला में राज्य स्तरीय शिक्षक दिवस समारोह आयोजित किया गया। समारोह में महामहिम राज्यपाल श्री कविंद्र गुप्ता जी एवं माननीय शिक्षा मंत्री श्री रोहित ठाकुर जी ने वर्ष 2025 के लिए 32 शिक्षकों को राज्य शिक्षक पुरस्कार तथा एक शिक्षक को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया। इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री राजेश धर्माणी जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
महामहिम राज्यपाल ने पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों को बधाई देते हुए शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में शिक्षकों एवं अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश ने PARAKH राष्ट्रीय सर्वेक्षण में शानदार प्रदर्शन किया है तथा फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी (FLN) में देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया है।
शिक्षा मंत्री श्री रोहित ठाकुर जी ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शिक्षा विभाग में 9,000 से अधिक नियुक्तियां की गई हैं। पहली कक्षा से अंग्रेजी शिक्षा शुरू करने के साथ स्थानीय भाषाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए रैशनलाइजेशन किया गया है और विद्यार्थियों को देश के विभिन्न हिस्सों में शैक्षणिक भ्रमण करवाए जा रहे हैं, वहीं शिक्षकों को भी विदेशी एक्सपोजर विजिट के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
शिक्षा और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। 🙏🌹
#शिक्षकदिवस