02/06/2026
स्थानीय संसाधनों का सही प्रबंधन ही भूमि सुधार की कुंजी - सांसद डॉ. राजेश मिश्रा
------
बायोचार निर्माण, कटहल प्रसंस्करण केंद्र एवं आजीविका गतिविधियों का किया निरीक्षण
-------
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने सोमवार को ग्राम उड़ैसा, सेमरिहा, धनौली एवं छुही का भ्रमण कर ग्रामीण आजीविका, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न विकास गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने भू-दृश्य पुनर्स्थापन (लैंडस्केप रेस्टोरेशन) एवं मूल्य श्रृंखला विकास परियोजनाओं के तहत संचालित नवाचारों की सराहना करते हुए स्थानीय संसाधनों के वैज्ञानिक उपयोग को ग्रामीण विकास की आधारशिला बताया।
महिलाओं ने किया बायोचार निर्माण का प्रदर्शन
ग्राम उड़ैसा में मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन जिला पंचायत सीधी एवं इंस्टीट्यूट ऑफ लाइवलीहुड रिसर्च एंड ट्रेनिंग (आईएलआरटी) द्वारा संचालित परियोजना अंतर्गत उत्पादक समूह की महिलाओं ने सांसद के समक्ष लैंटाना (गुलमेंहदी) से बायोचार निर्माण का सजीव प्रदर्शन प्रस्तुत किया।
प्रदर्शन का अवलोकन करते हुए सांसद डॉ. मिश्रा ने कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का वैज्ञानिक एवं प्रभावी उपयोग कर भूमि की गुणवत्ता और उत्पादकता में उल्लेखनीय सुधार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बायोचार मिट्टी की जलधारण क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ उसमें ऑर्गेनिक कार्बन की मात्रा को भी बढ़ाता है, जिससे कृषि उत्पादन में सकारात्मक परिणाम प्राप्त होते हैं। यह पहल छोटे किसानों एवं ग्रामीण महिलाओं के लिए अतिरिक्त आय का सशक्त माध्यम बन सकती है।
प्राकृतिक खेती अपनाने का किया आह्वान
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर और टिकाऊ कृषि विकास के विजन के अनुरूप किसानों को स्थानीय संसाधनों पर आधारित जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना चाहिए। इससे खेती की लागत कम होगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी।
कटहल प्रसंस्करण केंद्र से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
भ्रमण के दौरान सांसद ने ग्राम सेमरिहा में स्थापित कटहल प्रसंस्करण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि केंद्र के पूर्ण रूप से संचालित होने पर स्थानीय महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने इस पहल को ग्रामीण आजीविका संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
आईएफएससी एवं परामर्श केंद्रों की सराहना
सांसद ने ग्राम छुही एवं धनौली में स्थापित आईएफएससी एवं परामर्श केंद्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों में संचालित गतिविधियों, किसानों एवं ग्रामीण समुदाय को प्रदान की जा रही सेवाओं तथा आजीविका उन्मुख प्रयासों की प्रशंसा करते हुए इनके प्रभावी संचालन की सराहना की।
इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक पुष्पेंद्र सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी, विकासखंड प्रबंधक चंद्रकांत सिंह, अशोक पाण्डेय, संजीव सिंह, परियोजना प्रबंधक हिमांशु भारद्वाज, सब्जेक्ट मैटर एक्सपर्ट स्वामीशरण कुशवाहा, सरपंच रश्मी गुप्ता, राम शिरोमणि यादव, बृजेश चंद्र तिवारी, राजीव जायसवाल, राजबहोर दीवान, आशीष वर्मा, अनीता गुप्ता, शारदा केवट, लक्ष्मी ताम्रकार, ललिता सहित उत्पादक समूह की महिलाएं रामकली सिंह, सुनीता सिंह, मान सिंह, मौसम सिंह, राधा, लीलावती एवं शोनाकली उपस्थित रहीं।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh