Collector Office Sidhi

Collector Office Sidhi Official handle of Collector Sidhi ,Government of Madhya Pradesh

05/09/2026
🏦 विशेष DLCC बैठक में शासकीय ऋण योजनाओं की समीक्षाजिला पंचायत सभागार में कलेक्टर विकास मिश्रा की अध्यक्षता में विशेष जिल...
05/09/2026

🏦 विशेष DLCC बैठक में शासकीय ऋण योजनाओं की समीक्षा

जिला पंचायत सभागार में कलेक्टर विकास मिश्रा की अध्यक्षता में विशेष जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (DLCC) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न शासकीय ऋण योजनाओं एवं बैंकिंग लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अर्धवार्षिक लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति के निर्देश दिए।

आजीविका मिशन के CCL ऋण लक्ष्यों की पूर्ति में उत्कृष्ट कार्य करने पर मध्यांचल बैंक, जमोड़ी शाखा को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सीधी सौम्या आनंद सहित संबंधित अधिकारियों एवं बैंक प्रबंधकों ने भी योजनाओं की प्रभावी प्रगति के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक, जिला परियोजना प्रबंधक एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागों एवं बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh

05/09/2026

🌸 गुरुओं के सम्मान में एक आत्मीय पहल 🌸

शिक्षक केवल पाठ नहीं पढ़ाते, वे पीढ़ियां गढ़ते हैं, संस्कार देते हैं और जीवन की दिशा दिखाते हैं। उनके दिए ज्ञान और संस्कार का ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता।

शिक्षक दिवस के अवसर पर जिले के उन सेवानिवृत्त शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की एक आत्मीय पहल की गई है, जिन्होंने अपने पूरे सेवाकाल में पूरी निष्ठा, समर्पण और सेवाभाव के साथ विद्यार्थियों एवं समाज के भविष्य को संवारने का कार्य किया।

कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा ऐसे लगभग 20 सेवानिवृत्त शिक्षकों को विशेष भोज के लिए सादर आमंत्रित किया गया है। यह आयोजन औपचारिक सम्मान से कहीं अधिक, उन गुरुजनों के साथ बैठकर उनके अनुभवों, स्मृतियों और जीवन यात्रा को सुनने का एक आत्मीय अवसर होगा।

👉स्थान — इंडियन कॉफी हाउस
👉दिनांक — 06 सितंबर 2026

जिन गुरुजनों ने अपना जीवन ज्ञान की रोशनी बांटने में लगा दिया, उनके साथ कुछ पल बिताना और उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करना अपने आप में गौरव का क्षण है।

CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh

05/09/2026

🌸 सीधी के लिए गौरव का क्षण 🌸

शिक्षक दिवस के अवसर पर सीधी के शिक्षक श्री शैलेंद्र प्रताप सिंह को माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी द्वारा ‘राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026’ से सम्मानित किया जाना हम सभी के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। शिक्षा के क्षेत्र में आपके समर्पण, निष्ठा और अनुकरणीय योगदान को राष्ट्रीय सम्मान मिलना पूरे जिले के लिए गौरव की बात है।

CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of School Education, Madhya Pradesh

कलेक्टर ने सक्षम सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास मधुरी में दिव्यांग बच्चों के साथ मनाई जन्माष्टमी------ बच्चों की श्रीकृष्ण झांक...
05/09/2026

कलेक्टर ने सक्षम सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास मधुरी में दिव्यांग बच्चों के साथ मनाई जन्माष्टमी
------
बच्चों की श्रीकृष्ण झांकी, बघेली सोहर और बधाई गीतों ने बांधा समां
-------

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर कलेक्टर विकास मिश्रा ने सक्षम सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास, मधुरी में दिव्यांग बच्चों के साथ जन्माष्टमी का पर्व आत्मीयता एवं हर्षाेल्लास के साथ मनाया। इस दौरान जिला परियोजना समन्वयक विनय मिश्रा भी उपस्थित रहे।

दिव्यांग बच्चों ने छात्रावास में भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी सजाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ आयोजन में सहभागिता की। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों द्वारा बघेली सोहर एवं बघेली बधाई गीतों का मनमोहक प्रस्तुतिकरण किया गया। लोक संस्कृति से जुड़ी इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विशेष और भावपूर्ण बना दिया।

इस अवसर पर कलेक्टर ने बच्चों के साथ आत्मीय संवाद किया तथा उनकी पढ़ाई, दिनचर्या और छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को समान अवसर, सम्मान और स्नेह मिलना चाहिए। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की प्रतिभा और क्षमताओं को प्रोत्साहित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।

कार्यक्रम के पश्चात सभी बच्चे एवं उपस्थित अभिभावक एक साथ बैठकर भोजन में शामिल हुए। इस दौरान कलेक्टर विकास मिश्रा ने स्वयं अपने हाथों से दिव्यांग बच्चों को भोजन परोसा और उन्हें भोजन कराया। कलेक्टर की इस आत्मीय पहल से बच्चों और उनके अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कलेक्टर ने छात्रावास की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वच्छता, पोषण एवं देखभाल का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भव्य भजन संध्या, भक्तिरस में डूबा गोपालदास मंदिर------ विधायक रीती पाठक ने दी जन्माष्टमी की शुभक...
05/09/2026

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भव्य भजन संध्या, भक्तिरस में डूबा गोपालदास मंदिर
------
विधायक रीती पाठक ने दी जन्माष्टमी की शुभकामनाएं, कलेक्टर सहित गणमान्यजन रहे उपस्थित
------

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा गोपालदास मंदिर आश्रम स्थित राम मंदिर में भव्य भजन संध्या एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक सीधी रीती पाठक एवं कलेक्टर विकास मिश्रा की उपस्थिति रही। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं संगीतप्रेमियों ने भजन संध्या में सहभागिता कर देर रात तक भक्ति संगीत का आनंद लिया।

इस अवसर पर विधायक ने जिलेवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें धर्म, सत्य, कर्तव्य और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। श्रीकृष्ण की शिक्षाएं आज भी जीवन में सकारात्मकता, सद्भाव और कर्म के प्रति समर्पण का संदेश देती हैं। उन्होंने कामना की कि जन्माष्टमी का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा लेकर आए।

भजन संध्या में गायक आदर्श मिश्र एवं गायिका मनीषा दुबे ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति से वातावरण को कृष्णमय बना दिया। श्रीकृष्ण के भजनों एवं भक्तिगीतों पर श्रद्धालु भक्तिभाव में झूमते नजर आए। तबला वादक हिमांशु उर्मलिया, परकुशन पर विकाश पाण्डेय तथा कीबोर्ड पर सुमित मोर्य ने शानदार संगीत संगत प्रदान की। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा।

कार्यक्रम का मंच संचालन रोशनी प्रसाद मिश्र ने किया, जबकि कार्यक्रम संयोजक विभु आदर्श मिश्र रहे। मंच संचालन के दौरान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व तथा भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके संदेशों पर प्रकाश डाला गया।

इस अवसर पर विश्वबंधुधर द्विवेदी, पंकज पाण्डेय, पुष्पराज सिंह, हीरालाल सिंह चंदेल सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, कला एवं संस्कृति प्रेमी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

श्रीकृष्ण जन्म के शुभ क्षण के नजदीक आते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया। जन्मोत्सव के साथ ही पूरा परिसर श्रीकृष्ण के जयघोष एवं ‘नंद के घर आनंद भयो’ के स्वरों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने बाल गोपाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम को सफल बनाने में भूपेंद्र पाण्डेय, श्रवण मिश्र एवं शुभम मिश्र का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

धार्मिक आस्था, भक्ति संगीत एवं सांस्कृतिक परंपराओं के सुंदर संगम के रूप में आयोजित यह श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समारोह श्रद्धालुओं एवं कला प्रेमियों के लिए यादगार बन गया।

Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh

नीट-जेईई अभ्यर्थियों से जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किया संवाद--------मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास को सफलता की कुं...
05/09/2026

नीट-जेईई अभ्यर्थियों से जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किया संवाद
--------
मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताते हुए विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
-------

शिक्षक दिवस के अवसर पर शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक उत्कृष्ट विद्यालय, मझौली में नीट एवं जेईई की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के साथ जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपनी पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और भविष्य के लक्ष्यों से जुड़े विषयों पर चर्चा की। इसी अवसर पर विद्यालय के नवीन भवन के 16 कक्षों को पठन-पाठन के लिए उपलब्ध कराया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षक दिवस के अवसर पर शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मझौली के नवीन भवन के 16 कक्षों में अनौपचारिक रूप से प्रवेश कराया गया। नवीन कक्षों के उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए अतिरिक्त एवं बेहतर शैक्षणिक सुविधा प्राप्त होगी। इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक कुंवर सिंह टेकाम, कलेक्टर विकास मिश्रा, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद, एसडीएम मझौली आकाश अग्रवाल, जनपद पंचायत सीईओ सुरभि श्रीवास्तव सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। विद्यार्थियों को अपने सपनों को लक्ष्य बनाकर पूरी लगन के साथ तैयारी करनी चाहिए। ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थी भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि संसाधनों की कमी को सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बनने देना चाहिए। सही दिशा में निरंतर प्रयास और कठिन परिश्रम से विद्यार्थी अपने लिए बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।

विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि सफलता किसी एक दिन की मेहनत का परिणाम नहीं होती, बल्कि निरंतर अभ्यास और धैर्य से हासिल होती है। विद्यार्थियों को असफलता से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ उठाना चाहिए। अच्छे अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी एवं छात्रवृत्ति जैसी सुविधाएं मिलती हैं। विद्यार्थियों के रहने, भोजन, किताब और कपड़ों की व्यवस्था के लिए भी शासन द्वारा प्रावधान किए गए हैं।

कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि ग्रामीण अंचलों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर मिले। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। विद्यार्थियों को अपनी क्षमता पर विश्वास रखते हुए बड़े लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए। उन्होंने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए विद्यार्थी अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर केंद्रित रहें। जिला प्रशासन उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध करा रहा है।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद ने कहा कि नीट और जेईई केवल परीक्षाएं नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने के अवसर हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी क्षमता पर विश्वास रखने, नियमित अध्ययन करने और लक्ष्य से विचलित न होने का आह्वान किया। उन्होंने सकारात्मक सोच, अनुशासन और निरंतर प्रयास को सफलता का आधार बताया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर संवाद किया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष शंकर लाल गुप्ता एवं जिला पंचायत सदस्य कृष्ण लाल पयासी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh

शासकीय मॉडल स्कूल मझौली में हर्षाेल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस------ सांसद, विधायक एवं कलेक्टर ने शिक्षकों को दी शुभका...
05/09/2026

शासकीय मॉडल स्कूल मझौली में हर्षाेल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस
------
सांसद, विधायक एवं कलेक्टर ने शिक्षकों को दी शुभकामनाएं
------

शासकीय मॉडल स्कूल मझौली में शिक्षक दिवस के अवसर पर गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक कुंवर सिंह टेकाम, कलेक्टर विकास मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद तथा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मझौली आकाश अग्रवाल की उपस्थिति रही। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को स्मरण करते हुए सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षकों का मार्गदर्शन विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ संस्कार, अनुशासन और जिम्मेदारी का भाव भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भी ‘परीक्षा पे चर्चा’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों से संवाद करते हैं और उनकी भावनाओं को समझते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि शिक्षक की जिम्मेदारी केवल विषय पढ़ाने तक सीमित नहीं है। एक शिक्षक विद्यार्थी का आत्मविश्वास बढ़ाने, उसकी जिज्ञासा को प्रोत्साहित करने और उसके सपनों को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन से विद्यार्थी अपने जीवन में बेहतर लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ते हैं।

कलेक्टर विकास मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिंदगी में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। मेहनत करनी होगी, असफलताओं से सीखना होगा और लगातार आगे बढ़ना होगा। यदि परीक्षा में कभी कम अंक आएं तो निराश नहीं होना चाहिए। असफलता यह नहीं बताती कि विद्यार्थी कमजोर है, बल्कि यह संकेत देती है कि उसे अपनी तैयारी को और बेहतर करने की आवश्यकता है।

कलेक्टर ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन में मार्गदर्शक की भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इस अवसर पर सीधी जिले के लिए गौरव की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए बताया कि शैलेंद्र प्रताप सिंह का राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 तथा राकेश कुमार द्विवेदी एवं सतीश कुमार पाण्डेय का राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए चयन हुआ है। उन्होंने कहा कि जिले के तीन शिक्षकों का राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर सम्मान के लिए चयन होना उनकी मेहनत, समर्पण और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है तथा जिले के अन्य शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का विषय है।

उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने तथा उनमें आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने का आह्वान किया। साथ ही विद्यार्थियों से शिक्षकों के मार्गदर्शन का सम्मान करते हुए अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास करने की अपील की।

शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए विशेष भोजन का आयोजन किया गया। सांसद, विधायक, कलेक्टर सहित अन्य अधिकारियों ने विद्यार्थियों के साथ बैठकर भोजन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सहज संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचियों और विद्यालय की गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली।

कार्यक्रम में गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण, जिला पंचायत सदस्य छोटू पयासी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सुरभि श्रीवास्तव, बीईओ मझौली शैलेन्द्र सिंह चौहान सहित विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh

जन-विश्वास अभियान के तहत जिलास्तरीय शिविर मझौली  में ----- सांसद-विधायक ने क्षेत्रीय समस्याओं पर अधिकारियों को दिए निर्द...
05/09/2026

जन-विश्वास अभियान के तहत जिलास्तरीय शिविर मझौली में
-----
सांसद-विधायक ने क्षेत्रीय समस्याओं पर अधिकारियों को दिए निर्देश
------
तीन समूहों को 18 लाख के स्वीकृति आदेश के साथ स्वास्थ्य शिविर, पौधरोपण और साइकिल वितरण
------

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत मझौली में आयोजित शिविर में ग्रामीणों की स्थानीय समस्याओं पर सीधी सुनवाई हुई। बिजली, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और विस्थापन से जुड़े मुद्दे सामने आए। अधिकारियों ने कई प्रकरणों का मौके पर निराकरण किया, जबकि शेष मामलों के लिए संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस दौरान तीन स्व-सहायता समूहों को 18 लाख रुपये के स्वीकृति आदेश, लाड़ली लक्ष्मी, संबल एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को स्वीकृति आदेश प्रदान किए गए। स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों की जांच एवं परामर्श किया गया, जबकि आईटीआई परिसर में पौधरोपण और बच्चों को साइकिल वितरण भी हुआ।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार सीधी जिले में 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत सेवाओं का समय-सीमा में प्रदाय सुनिश्चित करने के साथ शासन की योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर है।

सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने क्षेत्र में बिजली की समस्या को देखते हुए विद्युत विभाग को ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा। उन्होंने जल जीवन मिशन के कार्यों में गति लाने तथा पाइपलाइन का काम पूरा होने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। विस्थापन के संबंध में उन्होंने कहा कि प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावित ग्रामीणों को स्कूल, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाएं मिलती रहनी चाहिए। उन्होंने विस्थापन की राशि का सावधानीपूर्वक उपयोग करने और ठगी से बचने की सलाह दी।

सांसद ने मझौली क्षेत्र के स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने महुआ के लड्डू-बिस्कुट और कटहल चिप्स जैसे उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग तथा महिलाओं को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने की बात कही।

विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि अभियान का उद्देश्य शासन और नागरिकों के बीच सीधे संवाद के जरिए समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने आधार कार्ड में नाम एवं अन्य विवरण की अशुद्धियों के सुधार के लिए अभियान चलाने की आवश्यकता बताई, ताकि हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी न हो।

उन्होंने सम्मान निधि योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने, बांस रोपण के माध्यम से ग्रामीणों को आजीविका से जोड़ने, आपदा से हुए नुकसान का सर्वे कर मुआवजा दिलाने तथा क्षेत्र में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। स्कूलों का समय पर संचालन करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर विकास मिश्रा ने अधिकारियों से कहा कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का औपचारिक निराकरण करने के बजाय शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता दी जाए। लोक सेवा गारंटी के लंबित मामलों को निर्धारित समय-सीमा में निपटाने और उनकी नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को छोटे-छोटे कामों के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अधिकारी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करें।

मझौली के शासकीय आईटीआई कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में लक्ष्मी समूह पार्सिली, आदि शक्ति समूह गजरी और रमाबाई अंबेडकर समूह पांड को 6-6 लाख रुपये के स्वीकृति आदेश दिए गए। तीनों समूहों को कुल 18 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई। इसके अलावा लाड़ली लक्ष्मी योजना, संबल योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को भी स्वीकृति आदेश प्रदान किए गए।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी तथा पात्र हितग्राहियों की आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कराई।

कार्यक्रम के दौरान आईटीआई परिसर में पौधरोपण किया गया और पात्र स्कूली बच्चों को साइकिलें वितरित की गईं।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सौम्या आनंद, वनमंडलाधिकारी प्रीति अहिरवार, उप संचालक संजय टाइगर रिजर्व सीधी राजेश कन्ना टी. सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अध्यक्ष नगर परिषद मझौली शंकरलाल गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य छोटू पयासी, एसडीएम मझौली आकाश अग्रवाल, जनपद पंचायत सीईओ सुरभि श्रीवास्तव सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh

Address

जिला कलेक्टर एवं मजिस्ट्रेट
Sidhi
486661

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Collector Office Sidhi posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Organization

Send a message to Collector Office Sidhi:

Shortcuts

Share