PRO Singrauli

PRO Singrauli PROjansampark Singrauli, Government of Madhya Pradesh
(1)

जन विश्वास शिविर में आम जनता को मिल रहे हैं कई लाभ - राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह जिले के दूरस्थ क्षेत्र बगदरा में पहुं...
21/08/2026

जन विश्वास शिविर में आम जनता को मिल रहे हैं कई लाभ - राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह
जिले के दूरस्थ क्षेत्र बगदरा में पहुंचा प्रशासन, आयोजित हुआ तीसरा जन विश्वास शिविर
सिंगरौली, 21 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जिले में आयोजित किए जा रहे शिविरों की कड़ी में चितरंगी जनपद के दूरस्थ क्षेत्र बगदरा में जिले के तीसरे जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह की गरिमामय उपस्थिति में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए। शिविर में आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई कर उनके निराकरण की कार्यवाही की गई तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर का शुभारंभ करते हुए राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आम जनता की समस्याओं का मौके पर निराकरण करने, शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा शासन-प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान प्रारंभ किया है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से प्रशासन स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुन रहा है और संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा आवेदनों पर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जन विश्वास शिविर आमजन और प्रशासन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इन शिविरों में जिला एवं विकासखण्ड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुन रहे हैं। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितलाभ से लाभान्वित किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूर-दराज के कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम हुई है और उन्हें एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों से संबंधित सेवाएं एवं जानकारी उपलब्ध हो रही है। राज्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का भी प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। प्रत्येक आवेदन पर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए आवेदक को संतुष्टिपूर्ण समाधान उपलब्ध कराया जाए।उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। अधिकारी क्षेत्र में सक्रिय रहकर पात्र हितग्राहियों को चिन्हित करें तथा उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले को शिकायतों से मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास करें।
राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उसका लाभ जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का आह्वान किया। जन विश्वास शिविर के अवसर पर राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधरोपण किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया गया। राज्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की देखभाल भी सुनिश्चित करनी चाहिए। शिविर में जनपद सदस्य सुषमा सिंह, पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम., जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे, सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी, जिला आपूर्ति अधिकारी पी.सी. चन्द्रवंशी, उपायुक्त सहकारिता पी.के. मिश्रा, उप संचालक कृषि मनोज सिंह, डीपीसी आर.एल. शुक्ला, महिला बाल विकास अधिकारी जीतेन्द्र गुप्ता, जनपद चितरंगी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मान सिंह सैयाम सहित जिला एवं खण्ड स्तर के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जन्म जयंती वर्ष पर समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभगुरु रविदास जी के समत...
20/08/2026

संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जन्म जयंती वर्ष पर समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ
गुरु रविदास जी के समतामूलक समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं : राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह
सिंगरौली, 20 अगस्त 2026/ संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जन्म जयंती वर्ष के पावन अवसर पर राज्य सरकार द्वारा प्रदेशभर में सामाजिक समरसता, समानता एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ किया जा रहा है। इसी क्रम में सिंगरौली जिले में अटल सामुदायिक भवन, बिलौजी में आयोजित कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन की पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह, सिंगरौली विधानसभा के विधायक श्री राम निवास शाह, देवसर विधानसभा के विधायक श्री राजेन्द्र मेश्राम, महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष सुन्दर लाल शाह, सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा अभियान का शुभारंभ
किया गया। समरसता संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों के बीच सामाजिक समानता, आपसी भाईचारे, बंधुत्व एवं सौहार्द की भावना को सुदृढ़ करना है। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी के समतामूलक समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से अभियान के माध्यम से सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश दिया जा रहा है। गुरु रविदास महाराज जी के प्रसिद्ध संदेश “ऐसा चाहूँ राज मैं, जहाँ मिले सबन को अन्न। छोट-बड़ो सब सम बसें, रविदास रहे प्रसन्न।” को अभियान का आधार बनाया गया है। यह संदेश समानता, सामाजिक न्याय और समाज के प्रत्येक व्यक्ति के सम्मान की भावना को प्रेरित करता है।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी ने समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी सामाजिक समरसता एवं समतामूलक समाज के निर्माण के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने जिलेवासियों से समरसता संकल्प अभियान एवं कलश यात्रा में अधिक से अधिक सहभागिता कर सामाजिक एकता, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।इस अवसर पर संगरौली विधायक श्री रामनिवास शाह ने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी ने समाज को समानता, मानवता और भाईचारे की राह दिखाई। उनके विचारों को आत्मसात कर हम समाज में आपसी सद्भाव और सामाजिक समरसता को और मजबूत कर सकते हैं। देवसर विधायक श्री राजेन्द्र मेश्राम ने कहा कि समरसता संकल्प अभियान समाज के सभी वर्गों को एकजुट करने और भाईचारे की भावना को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान से जुड़कर संत रविदास जी के समतामूलक समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रदेशभर में भव्य कलश यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। इन यात्राओं के माध्यम से संत रविदास जी के विचारों, शिक्षाओं एवं सामाजिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में राज्यमंत्री ने 20 अगस्त से 10 सितम्बर तक आयोजित होने वाली कलश यात्रा को रवाना किया। कलश यात्रा सामाजिक एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक चेतना के प्रसार का प्रभावी माध्यम बनेगी। अभियान के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर समरस, समान एवं सौहार्दपूर्ण समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया जाएगा।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh

19/08/2026

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में मैहर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 'लाड़ली बहना योजना' के अंतर्गत लाड़ली बहनों के खातों में राशि का अंतरण एवं विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण

ा_रक्षाबंधन_उपहार

कर चोरी पर अंकुश लगाने शुरू हुआ ‘नागरिक सूचना डैशबोर्ड’डिजिटल पहल से आम नागरिक दे सकेंगे संदिग्ध करदाताओं और अपंजीकृत व्...
18/08/2026

कर चोरी पर अंकुश लगाने शुरू हुआ ‘नागरिक सूचना डैशबोर्ड’
डिजिटल पहल से आम नागरिक दे सकेंगे संदिग्ध करदाताओं और अपंजीकृत व्यवसायों की जानकारी
सिंगरौली, 18 अगस्त 2026/ उपायुक्त वाणिज्यिक कर, सिंगरौली द्वारा अवगत कराया गया है कि मध्यप्रदेश शासन के वाणिज्यिक कर विभाग द्वारा कर चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं राजस्व की सुरक्षा के उद्देश्य से ‘नागरिक सूचना डैशबोर्ड’ नामक ऑनलाइन पोर्टल प्रारंभ किया गया है। वाणिज्यिक कर कार्यालय, वृत्त वैढ़न-सिंगरौली की उपायुक्त श्रीमती शीतल मिश्रा द्वारा जारी जानकारी के अनुसार इस पोर्टल के माध्यम से आम नागरिक संदिग्ध करदाताओं, अपंजीकृत व्यवसायों, फर्जी बिलिंग, कर चोरी, संदिग्ध गोदामों तथा संदिग्ध वाहनों से संबंधित सूचनाएं एवं शिकायतें सीधे विभाग को ऑनलाइन भेज सकते हैं। इस डिजिटल पहल की महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि शिकायत अथवा सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान एवं व्यक्तिगत जानकारी को पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा। नागरिक अपने मोबाइल अथवा कंप्यूटर के माध्यम से पोर्टल पर जाकर सरल प्रक्रिया के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं। पोर्टल पर नई शिकायत दर्ज करने के साथ-साथ पूर्व में दी गई सूचना की प्रगति की जानकारी भी देखी जा सकती है।
वाणिज्यिक कर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बिजली चोरी की शिकायत के लिए शुरू किए गए पोर्टल की तर्ज पर अब वाणिज्यिक कर की चोरी करने वालों के विरुद्ध भी आम नागरिकों की मदद ली जाएगी। नागरिकों द्वारा दी गई सूचनाओं के आधार पर विभाग द्वारा आवश्यक जांच एवं कार्रवाई की जाएगी। शिकायतकर्ता का नाम एवं मोबाइल नंबर सार्वजनिक नहीं किया जाएगा तथा सूचना को गोपनीय रखा जाएगा।विभाग के अनुसार यदि किसी दुकानदार द्वारा ग्राहकों को सामान बेचने के बाद दुकान का पक्का बिल नहीं दिया जाता है अथवा फर्जी बिल, गलत जीएसटी नंबर या बिना जीएसटी नंबर के बिल जारी किए जाते हैं, तो इसकी सूचना पोर्टल के माध्यम से दी जा सकती है। इसी प्रकार संदिग्ध गोदामों, वाहनों से संबंधित कर चोरी अथवा बिना जीएसटी पंजीयन के व्यवसाय किए जाने की जानकारी भी विभाग तक पहुंचाई जा सकेगी। विशेष रूप से 40 लाख रुपये से अधिक वार्षिक टर्नओवर वाले कारोबारियों द्वारा जीएसटी में पंजीयन नहीं कराने अथवा पंजीयन के बाद भी कर संबंधी अनियमितता किए जाने की शिकायत भी पोर्टल पर की जा सकती है।
वाणिज्यिक कर विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे प्रत्येक खरीदारी पर दुकानदार से पक्का जीएसटी बिल अवश्य प्राप्त करें। बिल पर दर्ज जीएसटी नंबर एवं अन्य आवश्यक विवरण की जांच करें। यदि दुकानदार बिल देने से मना करता है अथवा बिल में अनियमितता प्रतीत होती है, तो इसकी शिकायत नागरिक सूचना डैशबोर्ड के माध्यम से की जा सकती है। विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे कर चोरी जैसी गतिविधियों की जानकारी उपलब्ध कराकर शासन के राजस्व की सुरक्षा एवं पारदर्शी कर व्यवस्था स्थापित करने में सहयोग करें। नागरिकों द्वारा दी गई प्रत्येक सूचना को गोपनीय रखते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Jansampark Madhya Pradesh

18/08/2026

सिंगरौली में तेज बारिश का दौर जारी है और कुछ स्थानों पर तेज बहाव की स्थिति भी बन रही है। आवश्यक कार्य न हो तो घर पर ही रहें। नदी, नाले, रपटे, झरनों, पुल-पुलियाओं एवं तेज बहाव वाले स्थानों के पास जाने से बचें तथा ऐसे क्षेत्रों में पिकनिक या घूमने बिल्कुल भी न जाएं। जहां सड़क, रपटे या पुलिया के ऊपर पानी बह रहा हो, वहां किसी भी स्थिति में उसे पार करने का प्रयास न करें। जलभराव वाले मार्गों से दूरी रखें, बच्चों को ऐसे स्थानों के आसपास न जाने दें और पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। हमें आपकी परवाह है—कृपया सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।

🇮🇳 सिंगरौली 15 अगस्त 2026/स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्य कार्यक्रम स्थल राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम में माननीय राज्य मं...
15/08/2026

🇮🇳 सिंगरौली 15 अगस्त 2026/स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्य कार्यक्रम स्थल राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम में माननीय राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह ने ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी । 🇮🇳
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh

15/08/2026

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में लाल परेड मैदान, भोपाल में आयोजित 'राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह'

*मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत अटल सामुदायिक भवन बिलौजी में द्वितीय जनविश्वास शिविर आयोजित*आमजन की कठिनाइयों को द...
15/08/2026

*मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत अटल सामुदायिक भवन बिलौजी में द्वितीय जनविश्वास शिविर आयोजित*

आमजन की कठिनाइयों को दूर करना सुशासन की सही पहल है – राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह
सिंगरौली, / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार जिले में संचालित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत नगर निगम क्षेत्र के अटल सामुदायिक भवन बिलौजी में द्वितीय जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ मध्यप्रदेश शासन की पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह, सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री रामनिवास शाह, नगर निगम की महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल, नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय, कलेक्टर श्री गौरव बैनल, पुलिस अधीक्षक श्री सियाज के.एम., सहित जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
शिविर में उपस्थित आमजन को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस अभियान के माध्यम से आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। जिन कार्यों के लिए नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, उनका समाधान शिविरों के माध्यम से किया जा रहा है। आमजन की कठिनाइयों को दूर करना ही सुशासन की सही पहल है। उन्होंने कहा कि जन विश्वास अभियान के तहत अधिकारी आमजन से सीधे संवाद करने के साथ स्वरोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए उद्यमियों से संवाद भी कर रहे हैं। अभियान के दौरान शासन की योजनाओं एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रभावी मॉनीटरिंग की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कार्यालयों, छात्रावासों, अस्पतालों, विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों सहित विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण किए जाने से व्यवस्थाओं में और अधिक सुधार आएगा।
शिविर में उपस्थित आमजन को संबोधित करते हुए सिंगरौली विधायक श्री रामनिवास शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि एवं प्रशासन मिलकर नागरिकों की समस्याओं का समाधान करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं आवश्यकताएं अधिकारियों के समक्ष रखें तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
नगर निगम की महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल ने कहा कि जन विश्वास शिविर आमजन और प्रशासन के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम है। शिविर के माध्यम से नागरिकों को नगर निगम एवं अन्य विभागों की योजनाओं का लाभ सहजता से मिल रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे शिविर में उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाते हुए अपनी समस्याओं का निराकरण कराएं।नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय ने कहा कि जन विश्वास अभियान से नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान संभव हो रहा है। शासन की योजनाओं को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए ऐसे शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
शिविर में कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान से प्रशासनिक गतिशीलता एवं मॉनीटरिंग को बढ़ावा मिलेगा। जनसंवाद के माध्यम से आमजन की कठिनाइयों को समझकर उनके निराकरण की कार्यवाही की जा रही है। आर्थिक विकास को गति देने के लिए उद्यमियों के साथ उद्यम संवाद भी आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिला एवं विकासखंड स्तर के सभी अधिकारी शिविरों के माध्यम से विभागीय योजनाओं की प्रगति एवं क्रियान्वयन की लगातार मॉनीटरिंग कर रहे हैं। अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ प्रशासन को और अधिक संवेदनशील एवं जवाबदेह बनाना है। शिविर के दौरान अतिथियों द्वारा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विभागीय काउंटरों का अवलोकन किया गया। उन्होंने अधिकारियों से विभागीय योजनाओं एवं शिविर के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली तथा आमजन को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने की कार्यवाही की गई।

13/08/2026

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट ने दो आदतन अपराधियों को किया 1-1 वर्ष के लिए जिलाबदर

सिंगरौली, 12 अगस्त 2026। सिंगरौली जिले में आमजन की सुरक्षा, शांति एवं लोक व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला मजिस्ट्रेट श्री गौरव बैनल ने दो आदतन अपराधियों के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाया है। जिला मजिस्ट्रेट, सिंगरौली द्वारा जारी आदेश के अनुसार, थाना विंध्यनगर एवं नवानगर क्षेत्र के दो शातिर एवं आदतन अपराधियों को मध्य प्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 5 (क) एवं (ख) के तहत एक वर्ष की अवधि के लिए जिलाबदर कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक सिंगरौली द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन एवं आपराधिक इतिहास के आधार पर यह निष्कासन आदेश पारित किया गया है।
अनावेदक गोविन्दा बर्मा, उम्र 25 वर्ष, पिता रामकृपाल बर्मा, निवासी ग्राम बनौली, थाना विंध्यनगर को पुलिस अधीक्षक के प्रतिवेदन के अनुसार, निरंतर आपराधिक गतिविधियों में लिप्त है। इसके विरुद्ध थाना विंध्यनगर एवं नवानगर में गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी, रंगदारी (अवैध वसूली) तथा अवैध हथियार (आर्म्स एक्ट) रखने जैसे कुल 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। लगातार की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयों के बावजूद उसकी आदतों में कोई सुधार नहीं आया था। इसी प्रकार, अनावेदक शारदा प्रसाद साहू, उम्र 41 वर्ष, पिता स्व. भुआल दास साहू, निवासी ग्राम अमझर, थाना नवानगर के विरुद्ध भी जिलाबदर की कार्रवाई की गई है। अनावेदक वर्ष 2017 से लगातार चोरी, नकबजनी, मारपीट, आर्म्स एक्ट, एससी/एसटी एक्ट, एनडीपीएस एक्ट एवं आबकारी एक्ट जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त रहा है। इसके विरुद्ध विभिन्न थानों में कुल 14 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। अनावेदक के भय एवं आतंक के कारण क्षेत्र की आम जनता स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही थी।
जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी आदेशानुसार, दोनों अपराधियों को आदेश प्राप्ति के 24 घंटे के भीतर सिंगरौली जिले की समस्त सीमाओं से बाहर जाने के निर्देश दिए गए हैं। निष्कासन की एक वर्ष की अवधि के दौरान दोनों अनावेदकों को प्रत्येक माह अपने निवास स्थान की जानकारी लिखित रूप से संबंधित थाना प्रभारी (विंध्यनगर/नवानगर) को डाक द्वारा भेजनी होगी। यदि निष्कासित व्यक्तियों के विरुद्ध सिंगरौली जिले के किसी दांडिक न्यायालय में मामले विचाराधीन हैं, तो वे नियत पेशी पर न्यायालय में उपस्थित हो सकेंगे। इसके लिए उन्हें जिले में प्रवेश करने से पूर्व संबंधित थाना प्रभारी को लिखित सूचना देनी होगी और पेशी समाप्त होते ही तुरंत जिले की सीमा से बाहर जाना होगा। इस आदेश का उल्लंघन करने अथवा बिना सक्षम आदेश के जिले में प्रवेश करने पर मध्य प्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 14 के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश दिनांक 12 अगस्त 2026 की शाम 5:00 बजे से प्रभावी हो गया है।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh

तिरंगे के साथ उमड़ा जनसैलाब, भारत माता के जयघोष से गूंजा निवासतिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, ब...
13/08/2026

तिरंगे के साथ उमड़ा जनसैलाब, भारत माता के जयघोष से गूंजा निवास

तिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है- कुवर सिंह टेकाम

सिंगरौली, / स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिले में संचालित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को देवसर विकासखंड के मंडल निवास में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। धौहनी विधायक श्री कुंवर सिंह टेकाम की अगुवाई में निकली तिरंगा यात्रा में विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, समाजसेवियों एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में लहराते तिरंगे और ‘भारत माता की जय’ तथा ‘घर-घर तिरंगा’ के नारों से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। तिरंगा यात्रा निगरी जगत चौराहे से प्रारंभ होकर निवास यूनियन बैंक मेन रोड होते हुए शासकीय प्राथमिक शाला पापल पहुंची, जहां यात्रा का भव्य समापन हुआ। यात्रा में बाबा विश्वनाथ इंटरनेशनल स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। तिरंगा लेकर सड़कों पर निकले नौनिहालों में देशभक्ति का गजब का उत्साह देखने को मिला।
यात्रा के दौरान धौहनी विधायक श्री कुंवर सिंह टेकाम एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा तिरंगा यात्रा में शामिल विद्यार्थियों एवं नागरिकों पर पुष्पवर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के नारों और भारत माता के जयघोष से गुंजायमान रहा। समापन अवसर पर धौहनी विधायक ने कहा कि तिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह हमारी एकता, अखंडता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की पहचान है। उन्होंने तिरंगा यात्रा में शामिल सभी नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए प्रत्येक परिवार से अपने घर पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति के इस महापर्व में सहभागी बनने की अपील की। एसडीएम देवसर श्री सौरभ मिश्रा ने कहा कि निवास में आयोजित तिरंगा यात्रा महज एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता, जनभागीदारी और देश के प्रति समर्पण का जीवंत संदेश है। तिरंगे के साथ उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति की भावना पूरी शिद्दत के साथ विद्यमान है। उन्होंने तिरंगा यात्रा में सहभागी सभी नागरिकों का हृदय से आभार व्यक्त किया। तिरंगा यात्रा में तहसीलदार सरई श्री धर्म प्रकाश मिश्रा, थाना प्रभारी सरई श्री मोतीलाल प्रजापति, श्री द्रोपदी सिंह, श्री युवराज सिंह, श्री जय प्रकाश साहू, श्री राकेश सोनी, श्री दिलीप जायसवाल, श्री भैयालाल साहू, श्री जीवधन साहू सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, निगरी चौकी एवं निवास चौकी प्रभारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh

Address

कलेक्ट्रेट कार्यालय
Singrauli
486889

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when PRO Singrauli posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Organization

Send a message to PRO Singrauli:

Shortcuts

Share