District Public Relations Office Solan

District Public Relations Office Solan District Public Relations Office Solan creates awareness of policies and programmes of the Government

12/07/2024

सोलन दिनांक 12.07.2024
नगर निगम सोलन की आयुक्त पुनरीक्षण प्राधिकारी नियुक्त
नगर निगम निर्वाचन नियम 2012 के तहत प्रदत्त शक्तियों और राज्य चुनाव आयुक्त हिमाचल प्रदेश की ओर से जारी अधिसूचना की अनुपालना में निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी नगर निगम- सह- एसडीएम, सोलन पूनम बंसल की ओर से आयुक्त, नगर निगम सोलन एकता काप्टा को मतदाता सूची (जहां रिक्तियां हैं) के अद्यतनीकरण और तैयारी (दावों और आपत्तियों की प्राप्ति और निपटान) के लिए पुनरीक्षण प्राधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है।
इस बारे में जारी आदेशों के अनुसार आयुक्त, नगर निगम सोलन से हिमाचल प्रदेश नगर निगम नियम, 2012 में निहित प्रावधानों का अक्षरशः और सही भावना से पालन करने और राज्य चुनाव आयोग, हिमाचल प्रदेश द्वारा निर्धारित समय सीमा में उचित प्रक्रिया का पालन करते हुए इस कार्य को पूरा करने का आग्रह किया गया है।
-0-

12/07/2024

सोलन दिनांक 12.07.2024

नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के उप-चुनाव की मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूर्ण

ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने बताया कि 51-नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के उप-चुनाव की मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उप-चुनाव की मतगणना का कार्य राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ में किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मतगणना के लिए 14 टेबल स्थापित किए गए हैं। इस कार्य के लिए 63 अधिकारियों व कर्मचारियों को तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि एक टेबल पोस्टल बैलेट (डाक मत पत्र) की मतगणना के लिए भी स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि मतगणना का कार्य 13 जुलाई को प्रात 8ः00 बजे से शुरू हो जाएगा।

मनमोहन शर्मा ने बताया कि 51-नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के उप-चुनाव में कुल 93,831 मतदाताओं में से 74,166 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिनमें 36,310 महिला, 37,854 पुरूष व 02 तृतीय लिंगी मतदाता शामिल हैं।
.0.

क्रमांक 360/2023     सोलन     दिनांक 22.05.2023तकनीकी प्रगति के साथ संस्कृति और परम्पराओं का ज्ञान भी आवश्यक - संजय अवस्...
22/05/2023

क्रमांक 360/2023 सोलन दिनांक 22.05.2023

तकनीकी प्रगति के साथ संस्कृति और परम्पराओं का ज्ञान भी आवश्यक - संजय अवस्थी

मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग) संजय अवस्थी ने कहा कि युवा पीढ़ी को तकनीक के क्षेत्र में हुई प्रगति के साथ-साथ अपनी संस्कृति और परम्पराओं का ज्ञान होना आवश्यक है। संजय अवस्थी आज सोलन ज़िला के अर्की विधानसभा क्षेत्र के प्रसिद्ध माता बनिया देवी मेला समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।

संजय अवस्थी ने इससे पूर्व माता बनिया देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि मेले एवं त्यौहार हमारी परम्पराओं और संस्कृति की धरोहर को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सूचना क्रांति के वर्तमान युग में हालांकि आपसी मेलजोल घट रहा है किंतु पहाड़ी क्षेत्रों में मनाए जाने वाले मेले एवं त्याहौर आज भी अपनी प्रासांगिकता बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी का यह दायित्व है कि वो अपनी धरोहर को भूले नहीं। उन्होंने कहा कि युवाओं को याद रखना होगा कि अपनी परम्पराओं, संस्कृति और हस्तशिल्प को संरक्षित रख ही विकास के मार्ग पर सशक्त कदम बढ़ाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे वरिष्ठ नागरिकों को युवाओं को संस्कृति और परम्पराओं की जानकारी देनी होगी।

संजय अवस्थी ने कहा कि आज का समय प्रतिस्पर्धा का है। ऐसे समय में युवाओं को तकनीक की जानकारी के साथ-साथ अपने क्षेत्र में भी महारत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस युग में वही युवा सफल हो सकते है जो तकनीक के माध्यम से अपनी विशेषज्ञता को सिद्ध कर सकें। इसके लिए आवश्यक है कि युवा लक्ष्य बनाकर परिश्रम करें और लक्ष्य प्राप्ति के लिए अपने पाठ्यक्रम को आत्मसात करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस दिशा में सघन प्रयास कर रही है। वर्ष 2023-24 में हाईड्रो इंजीनियरिंग विद्यालय बिलासपुर में कम्प्यूटर साईंस एवं इंजीनियरिंग विषय में बी.टेक पाठ्यक्रम आरम्भ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पाठ्यक्रम में विशेष रूप से आर्टीफीशियल इंटेलीजेंस विषय को समाहित किया जाएगा ताकि युवा भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकंे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के 13 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में इस वर्ष में ऐसे पाठ्यक्रम आरम्भ किए जाएंगे जो युवाओं को बेहतर रोज़गार और स्वरोज़गार देने में सक्षम होंगे।

संजय अवस्थी ने कहा कि अगले पांच वर्षों में अर्की विधानसभा क्षेत्र को प्रदेश में आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में स्थापित करने के लिए उन्हें सभी क्षेत्रवासियों का सहयोग चाहिए। उन्होंने विश्वास दिलाया कि विधानसभा क्षेत्र की सभी जायज़ मांगों एवं समस्याओं का समयबद्ध निपटारा किया जाएगा।

संजय अवस्थी ने इस अवसर पर पाम्परिक दंगल का शुभारम्भ भी किया।

उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि से मेला समिति को 31 हजार रुपये, महिला मण्डल बनिया देवी को 11 हजार रुपये तथा युवक मण्डल बनिया देवी को 11 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने मंदिर प्रागंण के सौंदर्यकरण के लिए 05 लाख तथा बनिया देवी से साकली तक सम्पर्क मार्ग के लिए एक लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की।

मुख्य संसदीय सचिव ने स्थानीय निवासियों की समस्याएं सुनी और इसके समयबद्ध निपटारे के निर्देश दिए।

इस अवसर पर खण्ड कांग्रेस अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, ग्राम पंचायत कोठी की प्रधान बलविन्द्र कौर, ग्राम पंचायत हाटकोट के प्रधान जगदीश कुमार, ग्राम पंचायत कुनिहार के प्रधान राकेश कुमार, ग्राम पंचायत बनोह के प्रधान कृष्ण दास, ग्राम पंचायत मान के प्रधान सुरेन्द्र ठाकुर, ग्राम पंचायत देवरा के प्रधान रूप सिंह, मेला समिति माता बनिया देवी के प्रधान लेख राम चौधरी, समाज सेवी जीत राम चैधरी, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी, उपमण्डलाधिकारी अर्की योगिन्द्र पाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा स्थानीय निवासी उपस्थित थे। 0.

क्रमांक 357/2023     सोलन     दिनांक 20.05.2023सिपेट बद्दी की प्रवेश परीक्षा 11 जून, 2023 को60-60 सीटों के तीन पाठ्यक्रम...
20/05/2023

क्रमांक 357/2023 सोलन दिनांक 20.05.2023

सिपेट बद्दी की प्रवेश परीक्षा 11 जून, 2023 को
60-60 सीटों के तीन पाठ्यक्रमों के लिए 28 मई तक करें ऑनलाइन आवेदन

सोलन ज़िला के नालागढ़ उपमण्डल के बद्दी स्थित केन्द्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सिपेट-सेन्ट्रल इन्स्टिटूट आॅफ पेट्रोकेमिकल एंजीनिरिंग एण्ड टेक्नोलाॅजी) में विभिन्न डिप्लोमा एवं पोस्ट ग्रेस्जुएट डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया आरम्भ हो गई है। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने आज यहां यह जानकारी दी।

मनमोहन शर्मा ने कहा कि सिपेट में तीन पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि डिप्लोमा इन प्लास्टिक मोल्ड टेक्नोलाॅजी (डी.पी.एम.टी), डिप्लोमा इन प्लास्टिक टेकनोलाॅजी (डी.पी.टी) तथा पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन प्लास्टिक्स प्रोसेसिंग एवं टेस्टिंग (पी.जी.डी-पी.पी.टी) में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा 11 जून, 2023 को आयोजित की जाएगी। आवेदन करने की अंतिम तिथि 28 मई, 2023 निर्धारित की गई है।

उपायुक्त ने कहा कि यह सभी पाठ्यक्रम युवाओं को बेहतर रोज़गार प्रदान करने में सक्षम हैं। इन पाठ्यक्रमों में 85 प्रतिशत सीटें हिमाचली उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं।

मनमोहन शर्मा ने कहा कि तीन वर्ष की अवधि के डिप्लोमा इन प्लास्टिक मोल्ड टेक्नोलाॅजी (डी.पी.एम.टी) तथा डिप्लोमा इन प्लास्टिक टेकनोलाॅजी (डी.पी.टी) पाठ्यक्रमों के लिए उम्मीदवार 10वीं कक्षा पास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि दो वर्ष के पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन प्लास्टिक्स प्रोसेसिंग एवं टेस्टिंग (पी.जी.डी-पी.पी.टी) पाठ्यक्रम में उम्मीदवार विज्ञान में 03 वर्ष की पूर्णकालीन डिग्री उपाधि प्राप्त होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी पाठ्यक्रमों में कोई आयुसीमा निर्धारित नहीं की गई है। तीनों पाठ्यक्रमों में 60-60 सीटें भरी जाएंगी।

उपायुक्त ने कहा कि सभी पाठ्यक्रमों में छात्र एवं छात्राओं के लिए अलग-अलग छात्रावास सुविधा उपलब्ध है। यह सभी पाठ्यक्रम अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद से मान्यता प्राप्त है।

उन्होंने कहा कि सिपेट प्रवेश परीक्षा-2023 के लिए उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। ऑनलाइन आवेदन वेबसाइट www.cipet.gov.in पर किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि केन्द्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के रसायन एवं पेट्रोरसायन विभाग के अंतर्गत कार्यरत सिपेट संस्थान पाॅलिमर तकनीक के क्षेत्र में एक विश्वसनीय नाम है। उन्होंने कहा कि पाॅलिमर तकनीक वर्तमान समय की मांग के अनुरूप है और बद्दी स्थित सिपेट संस्थान का अपने छात्रों को रोज़गार दिलाने का रिकाॅर्ड उत्कृष्ट है।

मनमोहन शर्मा ने प्रदेश के युवाओं से आग्रह किया कि सिपेट बद्दी में तीन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 28 मई, 2023 तक आवेदन कर अपना भविष्य सुरक्षित बनाएं।

इन पाठ्यक्रमों की जानकारी के लिए मोबाईल नम्बर 89770-33373 तथा 91995-54078 पर सम्पर्क अथवा [email protected] या [email protected] पर ई-मेल कर सम्पर्क किया जा सकता है। 0.

CIPET | Central Institute of Petrochemicals Engineering & Technology | Department of Chemicals & Petrochemicals, Ministry of Chemicals & Fertilizers, Government of India

18/05/2023

क्रमांक 352/2023 सोलन दिनांक 18.05.2023

20 मई को विद्युत आपूर्ति बाधित

हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड लिमिटिड के प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 केवी फीडर सोलन-2 की मुरम्मत के दृष्टिगत 20 मई, 2023 को सोलन के विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी प्रदेश विद्युत बोर्ड के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता राहुल वर्मा ने दी।

राहुल वर्मा ने कहा कि 20 मई, 2023 को प्रातः 11.00 बजे से दोपहर 03.00 बजे तक वेयरहाउस न्यू कथेड़, क्लीन, नज़दीक 132 के.वी. उप केन्द्र, हाउसिंग बोर्ड, साईंटिस्ट कालोनी, जुब्बड़ एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।

उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति अथवा किसी अन्य अपरिहार्य कारणों से उपरोक्त तिथि व समय में बदलाव किया जा सकता है।

उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
0.

क्रमांक 351/2023     सोलन     दिनांक 18.05.20232.60 करोड़ की लागत से नवनिर्मित यूको आरसेटी भवन का शुभारम्भज़िला सोलन के अग...
18/05/2023

क्रमांक 351/2023 सोलन दिनांक 18.05.2023

2.60 करोड़ की लागत से नवनिर्मित यूको आरसेटी भवन का शुभारम्भ

ज़िला सोलन के अग्रणी यूको बैंक द्वारा 2.60 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित आरसेटी भवन का उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने आज यहां शुभारम्भ किया।

मनमोहन शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि वर्तमान समय में शिक्षित बेरोज़गार युवाओं की संख्या में बढ़ौतरी हो रही है। इसी दिशा में बेरोज़गार युवाओं को स्वरोज़गार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से यूको बैंक ग्रामीण स्वरोज़गार प्रशिक्षण संस्थान सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा 18 से 45 आयु वर्ग के युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्थान में भोजन और ठहरने की व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी। प्रशिक्षण के उपरांत प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे और प्रमाण-पत्र के आधार पर प्रशिक्षित युवाओं को स्वरोज़गार स्थापित करने के लिए आवश्यकतानुसार बैंक ऋण भी उपलब्ध करवाएगी।

उपायुक्त ने कहा कि प्रशिक्षण संस्थान द्वारा बेरोज़गार ग्रामीण युवाओं को रुचि के अनुसार विभिन्न विषयों में प्रशिक्षण प्राप्त करने के अवसर प्रदान होंगेे। उन्होंने कहा कि संस्थान से प्रशिक्षण प्रदान करने के उपरांत युवा अपना स्वरोज़गार सृजित कर सकेंगे और दूसरो को भी रोज़गार दे सकेंगे।

कार्यकारी निदेशक यूको बैंक राजेन्द्र कुमार साबू ने इस अवसर पर कहा कि यह प्रशिक्षण संस्थान युवाओं को स्वरोज़गारी, स्वावलम्बी व सम्पन्न बनाने के लिए प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा ब्यूटी पार्लर प्रबंधन, जूट उत्पाद उद्यमी, मशरूम खेती, महिला टेलर, सामान्य उद्यमिता विकास कार्यक्रम, कम्प्यूटरीकृत लेखाकन, मधुमक्खी पालन, फास्ट फूड स्टॉल उद्यमी, मधुमक्खी पालन, डेयरी फार्मिंग और वर्मी कम्पोस्ट, कृषि उद्यमी, सॉफ्ट खिलौने निर्माता और विक्रेता, एलएमवी चालक, सूक्ष्म उद्यमियों के लिए उद्यमिता कार्यक्रम, दुकानदार बनने के लिए उद्यमिता विकास कार्यक्रम और हाउस वायरिंग विषय पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय यादव, ज़िला ग्रामीण विकास प्राधिकरण की परियोजना अधिकारी रजनी गौतम, ज़िला विकास प्रबंधक नाबार्ड अशोक चैहान, अंचल प्रबंधक यूको बैंक शिमला प्रदीप कुमार केसरी, राज्य निदेशक आरसेटी हिमाचल प्रदेश जे.पी.सिंह, निदेशक यूको आरसेटी सोलन शशि गर्ग, ज़िला प्रबंधक अनुसूचितजाति, जनजाति विभाग सोलन प्रेम सुल्तानपुरी, अग्रणी ज़िला प्रबंधक तमन्नता मोदगिल, खादी बोर्ड सोलन के प्रभारी जसवीर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।0.

18/05/2023

क्रमांक 350/2023 सोलन दिनांक 18.05.2023

प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के तहत ई.के.वाई.सी, लैण्ड सीडिंग व आधार सीडिंग आवश्यक

प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के तहत मिलने वाली 14वीं किस्त उन्हीं किसानों को प्रदान की जाएगी जिनकी ई.के.वाई.सी (ई-नो योर कस्टमर), लैण्ड सीडिंग व आधार सीडिंग बैंक अकाउंट के साथ पूर्ण हो चुकी है। यह जानकारी उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने दी।

मनमोहन शर्मा ने कहा कि ज़िला सोलन में प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के तहत ई.के.वाई.सी 84 प्रतिशत, लैण्ड सीडिंग 86 प्रतिशत तथा आधार सीडिंग 87 प्रतिशत हुई है। उन्होंने कहा कि सभी पात्र किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना का लाभ प्रदान करने के लिए प्रतिदिन तहसील व उप तहसील स्तर पर लोगों को ई.के.वाई.सी, लैण्ड सीडिंग व आधार सीडिंग की सुविधा प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह कार्य शतप्रतिशत पूर्ण किया जाना है ताकि सभी पात्र किसान इससे लाभान्वित हो सकें।

उपायुक्त ने कहा कि किसान अपना ई.के.वाई.सी स्वयं भी कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें पी.एम. किसान पोर्टल पर ऑनलाइन यह कार्य करना होगा।

मनमोहन शर्मा ने सभी पात्र किसानों से आग्रह किया कि वह अपनी ई.के.वाई.सी, लैण्ड सीडिंग व आधार सीडिंग के कार्यों को पूरा करने के लिए अपने तहसील व उप तहसील कार्यालयों में जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ई.के.वाई.सी, लैण्ड सीडिंग व आधार सीडिंग के कार्य पूरा होने के उपरांत ही भारत सरकार द्वारा इस योजना के तहत प्रदान की जाने वाली आगामी 14वीं किस्त किसानों को दी जा सकेगी।
0.

18/05/2023

क्रमांक 349/2023 सोलन दिनांक 18.05.2023

दुकानधारक वस्तुओं की मूल्य सूची प्रदर्शित करना करें सुनिश्चित

ज़िला नियन्त्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले सोलन नरेन्द्र कुमार धीमान ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हिमाचल प्रदेश वस्तु मूल्याकंन व प्रदर्शन आदेश, 1977 तथा हिमाचल प्रदेश जमाखोरी व मुनाफाखोरी उन्नमूलन आदेश, 1977 को बहाल कर दिया है।

उन्होंने कहा कि इन आदेशों के अनुसार प्रत्येक दुकानधारक को बिक्री के लिए रखे गए फल व सब्जियों की मूल्य सूची सहज दृश्य स्थल पर प्रदर्शित करना व इसके समस्त खरीद से सम्बन्धित बिल दुकानदार द्वारा रखना अनिवार्य है। दुकानधारक निर्धाारित लाभांश ही वसूल कर सकते हंै।

उन्होंने ज़िला के सभी करयाना, फल व सब्जी विक्रेताओं से आग्रह किया कि वे अपनी दुकान पर सब्जियों व फलों की मूल्य सूची दैनिक तौर पर अनिवार्य रुप से प्रदर्शित करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि भविष्य में यदि कोई दुकानदार नियमों का उल्लंघन करता हुआ पाया गया तो उनके विरुद्ध सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
0.

क्रमांक 348/2023     सोलन     दिनांक 16.05.2023नशामुक्त भारत अभियान-2 की ज़िला स्तरीय समिति की बैठक आयोजितनशामुक्त अभियान...
16/05/2023

क्रमांक 348/2023 सोलन दिनांक 16.05.2023

नशामुक्त भारत अभियान-2 की ज़िला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित
नशामुक्त अभियान में सभी का समन्वय आवश्यक - अजय यादव
समुदाय स्तर पर जागरूकता के लिए तैयार होंगे स्वंयसेवी

नशामुक्त भारत अभियान-2 के तहत ज़िला स्तरीय समिति की प्रथम बैठक आज यहां अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में नशामुक्त भारत अभियान-2 के तहत वर्ष 2023-24 के लिए कार्य योजना तैयार करने के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

अजय यादव ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि नशामुक्त अभियान में विभिन्न विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आमजन का समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नशाखोरी की समस्या से आज विभिन्न स्तरों पर युवाओं सहित उनके परिवारों और समाज को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के लिए जहां युवाओं को जागरूक किया जाना आवश्यक है वहीं विद्यालय, महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय स्तर पर अध्यापकों और युवाओं के अभिभावकों का समन्वय भी आवश्यक है।

अतिरिक्त उपायुक्त ने निर्देश दिए कि इस समिति में अन्य महत्वपूर्ण विभागों को भी शामिल किया जाए ताकि अभियान को और तीव्रता के साथ ज़मीनी स्तर पर कार्यान्वित किया जा सके। उन्होंने कहा कि ज़िला में सभी विभाग मनाये जाने वाले विशेष दिवसों और कार्यक्रमों में नशा निवारण अभियान को सम्मिलित करें।
अजय यादव ने कहा कि वर्तमान में विभिन्न माध्यमों से नशा पीड़ित व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी सहायता की जा सकती है। हिमाचल पुलिस की ड्रग फ्री एप के माध्यम से भी नशे से ग्रस्त व्यक्ति तक पहुंचकर उसका उचित उपचार सुनिश्चित बनाकर पीड़ित को समाज की मुख्यधारा में पुनः शामिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य युवाओं व लोगो में नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाली शारीरिक समस्याओं, समाज में इस कारण फैलने वाली कुरीतियों व इस कारण होने वाली असामायिक मौतों के बारे में जागरूकता लाना है।

उन्होंने कहा कि यह समिति ज़िला नशामुक्त अभियान के कार्यान्वयन को सफल बनाएगी। समिति ज़िला के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में छात्रों, अध्यापकों और अभिभावकों के लिए नशा निवारण के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि नशे के कारकों और नशा निवारण के विषय में जागरूकता उत्पन्न करने और विचार-विमर्श के लिए महाविद्यलाय स्तर पर छात्र क्लब स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि समिति नशा पीड़ितों की पहचान कर उन्हें परामर्श एवं उपचार के लिए नशामुक्ति केन्द्र एवं अस्पतालों तक पहंुचाएगी।

उन्होंने कहा कि समिति यह सुनिश्चित बनाएगी कि नियमानुसार किसी भी शिक्षण संस्थान के 100 मीटर के दायरे में सिग्रेट इत्यादि की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध की अनुपालना हो। उन्होंने कहा कि समिति ज़िला में नशीले पदार्थों की उपलब्धतता और बिक्री की जानकारी प्राप्त कर संबंधित विभाग द्वारा इस दिशा में की गई कार्रवाई की समीक्षा करेगी। समिति ऐसे संस्थानों और अस्पतालों का दौरा करेगा जहां नशामुक्ति सेवाएं प्रदान की जाती हैं।

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि समिति ज़िला एवं उपमण्डल स्तर पर नशामुक्ति के संबंध में सेवाएं प्रदान करने वालों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि समिति नशामुक्ति अभियान में सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने की दिशा में कार्य करेगी और यह सुनिश्चित बनाएगी कि इस पुनीत कार्य में आमजन की सहभागिता बढ़े। समिति ज़िला स्तरीय अभियान में सोशल मीडिया के समुचित उपयोग की नीति तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि समिति, अभियान के संबंध में राज्य स्तरीय अभियान समिति तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय को फीडबैक भी प्रदान करेगी।

अजय यादव ने कहा कि समिति ऐसे स्वंयसेवियों की पहचान करेगी जो समुदाय में नशाखोरी एवं नशा निवारण के विषय में जागरूकता उत्पन्न कर सकें। ऐसे स्वंयसेवियों को प्रशिक्षण प्रदान कर पहचान पत्र अथवा बैज दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वंयसेवियों को मंत्रालय द्वारा ऑनलाइन प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

ज़िला स्तरीय नशामुक्त भारत आभियान-2 के सदस्य सचिव एवं ज़िला कल्याण अधिकारी सोलन गिरधारी लाल शर्मा ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी एवं ज़िला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव आकांक्षा डोगरा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ. राजन उप्पल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बद्दी रमेश शर्मा, उपनिदेशक उच्च शिक्षा जगदीश चन्द्र नेगी, ज़िला पंचायत अधिकारी जोगिन्द्र प्रकाश राणा, उप पुलिस अधीक्षक सोलन अनिल धौल्टा, डाईट के प्रधानाचार्य डाॅ. शिव कुमार शर्मा, सीडीपीओ सोलन कविता गौतम, स्वंय सेवी संस्था सारथी के सुभाष चन्द्र सकलानी, गुजंन के संदीप, हेल्पऐज इंडिया के मनोज राज वर्मा, विभिन्न संस्थाओं के अन्य प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। 0.

16/05/2023

क्रमांक 347/2023 सोलन दिनांक 16.05.2023

20 मई को विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित

हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड लिमिटिड से प्राप्त सूचना के अनुसार 20 मई, 2023 को आवश्यक रखरखाव एवं मुरम्मत के दृष्टिगत सोलन के विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी प्रदेश विद्युत बोर्ड के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता राहुल वर्मा ने दी।

राहुल वर्मा ने कहा कि इसके दृष्टिगत 20 मई, 2023 को प्रातः 10.00 बजे से सांय 05.00 बजे तक शामती, क्वागड़ी, धराजंटी, बागड, चिल्लां, डमरोग, बलाना, खुंडीधार, सूर्य विहार, बी.एस.एन.एल कालोनी, आयकर कार्यालय एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।

उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति अथवा किसी अन्य अपरिहार्य कारणों से उपरोक्त तिथि व समय में बदलाव किया जा सकता है।

उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
0.

क्रमांक 346/2023     सोलन     दिनांक 16.05.2023उद्योग मंत्री तथा स्वास्थ्य मंत्री ने जखड़ीयूं में किया औद्योगिक क्षेत्र क...
16/05/2023

क्रमांक 346/2023 सोलन दिनांक 16.05.2023

उद्योग मंत्री तथा स्वास्थ्य मंत्री ने जखड़ीयूं में किया औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण

उद्योग, संसदीय कार्य तथा आयुष मंत्री हर्षवर्धन चैहान ने आज स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री डाॅ. कर्नल धनीराम शांडिल के साथ सोलन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ममलीग के जखड़ीयंू गांव में औद्योगिक क्षेत्र के लिए चयनित भूमि का निरीक्षण किया और अधिकारियों को औद्योगिक क्षेत्र के विकास के संबंध में उचित दिशा-निर्देश जारी किए।

उद्योग मंत्री तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने इससे पूर्व बशील स्थित कृष्ण मंदिर में पूजा अर्चना की तथा सभी के सुखद जीवन की कामना की।

हर्षवर्धन चैहान ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में स्थापित औद्योगिक क्षेत्र के साथ नवीन औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिए प्रयासरत है। इसके लिए प्रदेश के ज़िलों में क्षमता के अनुसार नए औद्योगिक क्षेत्रों के लिए भूमि बैंक तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सोलन ज़िला को पूरे देश में औद्योगिक विकास के लिए जाना जाता है। राज्य सरकार ज़िला में नए औद्योगिक क्षेत्रों का विकास इस प्रकार कर रही है कि एक ही स्थान पर उद्योग विशेष की विभिन्न आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके।

उद्योग मंत्री ने कहा कि कण्डाघाट उपमण्डल की ग्राम पंचायत ममलीग के जखड़ीयूं गांव में 99 बीघा भूमि औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए चिन्हित है। उन्होंने कहा कि यहां पूर्व में 12 औद्योगिक प्लाॅट आबंटित किए गए थे। किंतु काफी समय के उपरांत भी यहां किसी भी प्रकार का औद्योगिक कार्य आरम्भ नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि इन आंबटन को अब निरस्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग जखड़ीयूं स्थित औद्योगिक क्षेत्र का नवीन सर्वेक्षण करेगा ताकि इस क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई दिशा प्रदान की जा सके।

हर्षवर्धन चैहान ने कहा कि कण्डाघाट क्षेत्र में सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र को समर्पित औद्योगिक केन्द्र विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर रोज़गार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए निजी एवं उद्योग क्षेत्र का समुचित लाभ उठाना आवश्यक है। इसी सोच के साथ प्रदेश सरकार राज्य में नवीन औद्योगक क्षेत्र के विकास की दिशा में कार्यरत है। उन्होंने कहा कि उद्योग विशेष को समर्पित औद्योगिक क्षेत्र जहां युवाओं को बेहतर रोज़गार प्रदान करने में सक्षम होंगे वहीं समूचे क्षेत्र की आर्थिकी को सम्बल भी प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नए उद्योग स्थापित करने के लिए प्रदेश सरकार उद्योगपतियों को हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध करवाएगी।

डाॅ. शांडिल ने इस अवसर पर कहा कि सोलन ज़िला में नए औद्योगिक क्षेत्र का विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सोलन ज़िला में औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिए उचित पर्यावरण, स्वच्छ वातावरण और बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि जखड़ीयूं के साथ-साथ कण्डाघाट, कुनिहार एवं अन्य क्षेत्रों में नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने पर बल दिया जाएगा।

श्रम एवं रोज़गार मंत्री ने कहा कि युवाओं को रोज़गार के साथ-साथ स्वरोज़गार के अवसर प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए ऐसे व्यवसायिक पाठ्यक्रम आरम्भ करने पर बल दिया जा रहा है जो वर्तमान आवश्यकताओं को पूर्ण करने में सक्षम हों। उन्होंने कहा कि ऐसे पाठ्यक्रमों के माध्यम से युवाओं के कौशल को बेहतर तरीके से निखारा जा सकता है।

उन्होंने ममलीग में औद्योगिक क्षेत्र के निरीक्षण के लिए उद्योग मंत्री का आभार प्रकट किया।

डाॅ. शांडिल ने इससे पूर्व जल शक्ति विभाग के निरीक्षण कुटीर ममलीग तथा उप स्वास्थ्य केंद्र बशील में लोगों की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को इन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस महासचिव रमेश ठाकुर, खंड कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, निदेशक उद्योग राकेश प्रजापति, ज़िला महाप्रबंधक उद्योग सोलन केवल शर्मा, उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट सिद्धार्थ आचार्य, हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम के अधिशाषी अभियंता राजेश मिन्हास, ग्राम पंचायत ममलीग के प्रधान हरिचंद ठाकुर, पूर्व प्रधान द्रोपदी राठौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
0.

क्रमांक 267/2023     सोलन     दिनांक 21.04.2023डाॅ. शांडिल ने पर्वतारोही बलजीत कौर के माता-पिता से की भेंट स्वास्थ्य एंव...
21/04/2023

क्रमांक 267/2023 सोलन दिनांक 21.04.2023

डाॅ. शांडिल ने पर्वतारोही बलजीत कौर के माता-पिता से की भेंट

स्वास्थ्य एंव परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री डाॅ. कर्नल धनी राम शांडिल ने आज सोलन विधानसभा क्षेत्र के ममलीग के समीप पंझरोल गांव में पर्वतारोही बलजीत कौर की माता शांति देवी और पिता अमरीक सिंह से मुलाकात की।

डाॅ. शांडिल ने कहा कि बलजीत कौर देश तथा प्रदेश की बेहतरीन पर्वतारोही है और उनकी उपलब्धियों पर हम सबको गर्व है। उन्होंने कहा कि हाल ही में नेपाल में अन्नपूर्णा पर्वत चोटी पर अभियान के दौरान बलजीत कौर ने विषम परिस्थितियों का साहस और दृढ़ता के साथ सामना किया। उनकी जीजीविषा ही उनका सबसे बड़ा सहारा बनी और आज वह हम सभी के मध्य सुरक्षित हैं।

उन्होंने आशा जताई कि शीघ्र ही बलजीत कौर काठमाण्डू में स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर हम सभी के मध्य पहंुचेगी।
डाॅ. शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार बलजीत कौर के साथ है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि बलजीत कौर को सरकारी नौकरी दिलवाने के लिए वह मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से आग्रह करेंगे।

उन्होंने बलजीत कौर के माता-पिता बलजीत कौर के अभियानों के संबंध में विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत सतड़ोल के प्रधान हरविंदर सिंह, उप प्रधान संदीप कुमार, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, ग्राम पंचायत सतड़ोल की पूर्व प्रधान सुखदेई तनवर, ग्राम पंचायत ममलीग की पूर्व प्रधान सत्या ठाकुर, द्रौपदी देवी, खण्ड कांग्रेस समिति के सह सचिव के.डी. तनवर, बीडीसी उपाध्यक्ष हेमा तनवर, उत्तम सिंह कश्यप, राजेश कश्यप, उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट सिद्धार्थ आचार्य, खण्ड चिकित्सा अधिकारी सायरी डाॅ. अल्पना कौशल सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
0.

Address

DPRO Solan
Solan
173212

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when District Public Relations Office Solan posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Organization

Send a message to District Public Relations Office Solan:

Share