02/12/2021
राजस्थान सरकार
सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय,टोंक
जलदाय विभाग के अधिकारी आमजन के लिए फोन पर 24x7 उपलब्ध रहें - श्री सुधांश पंत
टोंक,2 दिसम्बर। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुधांश पंत ने कहा कि जलदाय विभाग के अधिकारी आमजन की पेयजल संबंधी शिकायतों का निस्तारण शीघ्रता से करें। पानी लोगों की मूलभूत आवश्यकता है। इसलिए जलदाय विभाग के अधिकारी आमजन के लिए फोन पर 24ग7 उपलब्ध रहें। जल वितरण के समय अधिकारी फिल्ड में रहे ताकि आमजन की समस्याओं व शिकायतों की ठीक से मॉनिटरिंग हो सके। एसीएस श्री पंत ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन के तहत जिला जल और स्वच्छता मिशन की बैठक में जिला स्तरीय एवं पीएचईडी के अधिकारियों को यह निर्देश दिए।
बैठक में एसीएस ने टोंक जिले में जल जीवन के अन्तर्गत घर-घर नल कनेक्शन में स्वीकृत कार्यों, स्कूल, आंगनबाडी केन्द्र, ग्राम पंचायत भवन व स्वास्थ्य केन्द्रों में पेयजल पाइप लाइन से नल कनेक्शन में प्रगति व एक्शन प्लान की समीक्षा की। इसके अतिरिक्त ग्राम जल और स्वच्छता कमेटी (वीडब्ल्यूएससी) के गठन, ग्राम कार्य योजना एवं आईएसए द्वारा किए जा रहे कार्यो की जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता राजसिंह से जानकारी ली।
जिला कलेक्टर की कार्यशैली को सराहा
एसीएस ने जल जीवन मिशन की क्रियान्विति के लिए प्रो-एक्टिव होकर कार्य कर रही जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल की सराहना की। उन्होंने जिला कलेक्टर को निर्देश दिए कि वे और उनकी प्रशासनिक टीम फिल्ड में रहने के दौरान जल जीवन मिशन के कार्यों की मॉनिटरिंग व समीक्षा करें, ताकि काम की गुणवत्ता बनी रहें।
पीएचईडी अधिकारियों को दिए समयबद्ध सीमा में काम करने के निर्देश
एसीएस ने पीएचईडी के अधिकारियों को कहा कि जल जीवन मिशन टाइम लाइन प्रोजेक्ट है। इसलिए मार्च 2024 तक हर घर में नल कनेक्शन पहुंचाने को ध्यान में रखकर कार्य करें। अभी तक जिले के जिन स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, पंचायत भवनों एवं स्वास्थ्य केन्द्रों में पेयजल कनेक्शन नहीं हो पाया है, वहां शीघ्र पेयजल सप्लाई सुनिश्चित की जाए।
जल जीवन मिशन में जिले के शत प्रतिशत गांवों के कार्यो की स्वीकृति
एसीएस ने कहा कि यह बड़ी सुखद स्थिति है कि टोंक जिले में जल जीवन मिशन के तहत शत प्रतिशत गांवों के कार्यो की स्वीकृति हो चुकी है। एक स्कीम में तकनीकी स्वीकृति शेष रही है, वह भी राज्य स्तर से जल्द हो जाएगी। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन की मॉनिटरिंग के लिए विभाग के अधिकारियों के अलावा जिले में जिला परियोजना प्रबंधन इकाई (डीपीएमयू) के 4 अधिकारी लगाए गए है। 2 अधिकारियों ने कार्यग्रहण कर लिया है। शेष इस माह आने से काम को गति मिलेगी।
बैठक में सीईओ डॉ.सौम्या झा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर मुरारी लाल शर्मा, जलदाय विभाग (बीसलपुर) राजेश कुमार गोयल, सीएमएचओ डॉ.अशोक कुमार यादव, आईसीडीएस के उपनिदेशक डॉ.धर्मवीर, जिला शिक्षा अधिकारी रामनिवास शर्मा, अधीक्षण अभियंता वाटरशैड हीरालाल राय सहित जलदाय विभाग के उपखण्ड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।