03/09/2026
☑️कलेक्टर सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों का किया भ्रमण
☑️शासकीय संस्थाओं का किया निरीक्षण
☑️ मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने जिले के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों का भ्रमण कर शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनबाड़ी भवन, आरोग्य केंद्र, उचित मूल्य दुकान, पशु औषधालय , छात्रावास एवं शैक्षणिक संस्थाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा संचालित गतिविधियों के विषय में पूछताछ की । इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभय सिंह, अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार सेन गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
☑️कलेक्टर ने तहसील कार्यालय चंदिया का निरीक्षण किया तथा भवन की जर्जर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि इसे वैकल्पिक तौर पर अन्यत्र शिफ्ट किया जाए। उन्होने तहसील भवन के समीप ही निर्मित बस स्टैंड के भवन में अस्थाई रूप से तहसील भवन को शिफ्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदार को निर्देशित किया कि एक सप्ताह में भवन से सामग्री शिफ्ट की जाए। कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देश दिए कि बस स्टैंड भवन के सामनें मुरूम आदि डालकर आवागमन व पार्किग स्थल की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं । साथ ही उन्होंने कहा कि कंपोजिट तहसील भवन की कार्य योजना अविलंब प्रस्तुत करें ताकि शासन स्तर से स्वीकृति की कार्यवाही कराई जा सके। कलेक्टर ने कन्या विद्यालय चंदिया में पठन पाठन की व्यवस्था का अवलोन कर मध्यान्ह भोजन की जानकारी प्राप्त की। उन्होने किचन शेड निर्माण कराने के निर्देश देते हुए विद्यालय की अधूरी बाउण्ड्रीवाल को बनाने के निर्देश दिए। बालक उमावि के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों के फर्नीचर सुधरवाने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए।
☑️भ्रमण के क्रम में कलेक्टर ने उचित मूल्य दुकान लोढ़ा का निरीक्षण किया । ग्रामवासियों ने वार्ड क्रमांक 9 में अवरूध्द रास्ता को प्रारंभ कराने की मांग कलेक्टर से की। कलेक्टर ने नायब तहसीलदार को मौका मुआयना कर समुचित कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होने आरोग्य केंद्र लोढ़ा का निरीक्षण कर उपचार व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ग्राम पंचायत भरौला में पूर्व माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया । इस दौरान कलेक्टर सहित सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह, अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार सेन गुप्ता एवं एसडीएम बांधवगढ अंबिकेश प्रताप सिंह ने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता चखी।उन्होने ग्रामवासियो से खाद्यान्न वितरण एवं नल जल योजना संचालन की जानकारी प्राप्त की।
☑️आरोग्य केंद्र भरौला में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओ के पंजीयन, उनके नियमित उपचार तथा अनमोल पोर्टल में इंट्री के संबंध में पूछताछ की। उन्होने पशु उपचार केंद्र भरौला का निरीक्षण किया तथा निर्देश दिए कि गांव में जाकर पशुओ के उपचार की समुचित व्यवस्था करें । कलेक्टर ने अरोग्य केंद्र व पशु औषधालय भवनों के छत सुधार कार्य करानें के निर्देश भी दिए। उन्होंने आगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान विद्युत व्यवस्था कराने व शौचालय निर्माण शीघ्र कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। भ्रमण के क्रम मे उचित मूल्य दुकान का भी निरीक्षण कलेक्टर ने किया।
☑️कलेक्टर सहित अधिकारियों ने क्रीड़ा परिसर भरौला का निरीक्षण किया । परिसर में अव्यवस्था पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की तथा अधीक्षक अरविंद शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्रीडा परिसर में छात्रों को प्राप्त होने वाली खेल सुविधाओं की जानकारी ली तथा छात्रावास का निरीक्षण किया । उन्होने हाई स्कूल भरौला का भ्रमण कर छात्र छात्राओ से पठन पाठन एवं खेल सुविधाओं के संबंध में पूछताछ की। संपूर्ण क्रीड़ा परिसर की देखरेख में शिथिलता बरतने पर जन जातीय कार्य विभाग को नोटिस जारी करने के निर्देश कलेक्टर व्दारा दिए गए। भ्रमण के दौरान डिप्टी कलेक्टर कमलेश नीरज, प्रत्युष श्रीवास्तव, सीईओ जनपद पंचायत करकेली, सीएमओ किशन सिंह, तहसीलदार बांधवगढ दिलीप सोनी, तहसीलदार चंदिया सतीश सोनी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh
ुक्रवार_जनता_के_नाम
#उमरिया