08/09/2026
ग्राम सभा झाला में दूरगामी फैसले: प्लास्टिक मुक्ति, धरोहर संरक्षण से लेकर परंपराओं को सहेजने पर बनी सहमति
झाला, उत्तरकाशी:
आज ग्राम पंचायत झाला में आयोजित ग्राम सभा की बैठक में गांव के विकास, पर्यावरण और संस्कृति को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। ग्रामीणों की मौजूदगी में हुई इस बैठक में मुख्य रूप से निर्णय लिए गए:
1. ऐतिहासिक और पर्यावरण संरक्षण संबंधी मुख्य निर्णय:
'वीर सिंह हाउस' का संरक्षण: ग्राम सभा ने एकमत से फैसला किया कि जब तक गांव के ऐतिहासिक पंचपुरा ('वीर सिंह हाउस') का उचित संरक्षण नहीं हो जाता, तब तक गांव के विकास का मुख्य और एकमात्र मुद्दा इस धरोहर को बचाना ही रहेगा।
प्लास्टिक मुक्त गांव: गांव को पूरी तरह से प्लास्टिक मुक्त बनाने और पर्यावरण की रक्षा के लिए सभी ग्रामीणों ने एकजुट होकर संकल्प लिया।
2. परंपरा, खेती और स्थानीय विकास संबंधी चर्चा:
पारंपरिक रास्ते व मेले: गांव के पुराने पारंपरिक रास्तों के जीर्णोद्धार और आगामी पारंपरिक मेले के भव्य आयोजन की तैयारियों पर रूपरेखा बनाई गई।
कृषि एवं उद्यान घेरबाड़: किसानों की फसलों की सुरक्षा के लिए कृषि और उद्यान विभाग की घेरबाड़ (तारबंदी) योजना पर चर्चा की गई।
नशा मुक्ति एवं ग्राम विकास: युवाओं को नशे से बचाने के लिए सामाजिक पहल और ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) के तहत गांव के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर सहमति बनी।