PRO Jansampark Vidisha

PRO Jansampark Vidisha PRO Jansampark Vidisha, Government of Madhya Pradesh

उप जेल गंजबासौदा में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, बंदियों को दी गई कानूनी जानकारी .उप जेल गंजबासौदा में मंगलवार को एक दि...
01/09/2026

उप जेल गंजबासौदा में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, बंदियों को दी गई कानूनी जानकारी .
उप जेल गंजबासौदा में मंगलवार को एक दिवसीय विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में न्यायाधीश श्री अवधेश गुप्ता, एडीजे एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (जेएमएफसी) श्रीमती पूजा गोले उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान जेल में निरुद्ध बंदियों को उनके विधिक अधिकारों एवं उपलब्ध कानूनी सहायता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। शिविर के दौरान न्यायाधीशों द्वारा बंदियों से संवाद कर उनकी व्यक्तिगत एवं कानूनी समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई। बंदियों को बताया गया कि प्रत्येक व्यक्ति को न्याय पाने का अधिकार है तथा आर्थिक अथवा अन्य कारणों से अधिवक्ता की सुविधा उपलब्ध नहीं होने पर पात्र बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
जिन बंदियों के पास अपने प्रकरण की पैरवी के लिए अधिवक्ता उपलब्ध नहीं थे, उनके लिए निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने की कार्यवाही की गई। साथ ही बंदियों से उनकी समस्याएं पूछकर संबंधित मामलों में आवश्यक निराकरण की कार्यवाही के लिए जानकारी ली गई।

शिविर का उद्देश्य बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों, न्यायिक प्रक्रिया तथा विधिक सहायता की सुविधाओं के प्रति जागरूक करना रहा। न्यायिक अधिकारियों ने बंदियों को कानून के प्रति जागरूक रहने और उपलब्ध विधिक सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सब जेल गंजबासौदा के जेलर श्री आलोक कुमार भार्गव सहित जेल का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा। शिविर के माध्यम से बंदियों को यह भरोसा दिलाया गया कि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें नियमानुसार विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षा का उद्देश्य ही स्वावलंबन है - डॉ अहिरवार.राजमाता विजयाराजे सिंधिया शासकीय कन्या (अग्रणी) स्नातकोत्तर महाविद्यालय,...
01/09/2026

शिक्षा का उद्देश्य ही स्वावलंबन है - डॉ अहिरवार.
राजमाता विजयाराजे सिंधिया शासकीय कन्या (अग्रणी) स्नातकोत्तर महाविद्यालय, विदिशा में मध्य प्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग भोपाल के निर्देशानुसार स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के तत्वाधान में 25 दिवसीय अल्पावधि स्वरोजगार प्रशिक्षण के अंतर्गत ब्यूटीपार्लर प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण का शुभारंभ संस्था प्रमुख प्राचार्य डॉ. बीडी अहिरवार एवं डॉ. विनिता प्रजापति द्वारा स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया । प्राचार्य डॉ. बी. डी. अहिरवार ने अपने उद्बोधन में कहा हुनर और कौशल से ही आत्मनिर्भरता आती है, अपने पैरों पर खड़े होने एवं अर्थोपार्जन से युवाओं को जोड़ने के लिए ऐसे अल्पावधि स्वरोजगार प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है।

यह उच्च शिक्षा विभाग की भी प्राथमिकता है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि ब्यूटीपार्लर का प्रशिक्षण प्राप्त कर वे इसे अपने रोजगार के लिए भी प्रयोग में लाएँ। शिक्षा का उद्देश्य ही स्वावलंबन है। प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ॰ विनिता प्रजापति ने संचालन करते हुए प्रकोष्ठ के उद्देश्यों एवं कार्यक्रम की रूपरेखा विस्तार से प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि इस रोजगार परक अभिनव योजना को छात्राओं तक पहुंचाने हेतु कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ दृढ़ संकल्पित है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ मलखान सिंह समाज शास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ संध्या जैन प्रो किरण जैन, अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष एवं प्रशासनिक अधिकारी डॉ सीमा चक्रवर्ती, डॉ किरण जैन, डॉ साधना कुमारी, डॉ ऋचा शर्मा प्रो अदिती तिवारी एवं समस्त स्टॉफ उपस्थित रहे। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहयोग किया।

माता-पिता की मृत्यु के बाद बेसहारा हुए पाँच भाई-बहनों को मिला संरक्षण.बाल कल्याण समिति ने बड़े भाई को बनाया संरक्षक, शिक...
01/09/2026

माता-पिता की मृत्यु के बाद बेसहारा हुए पाँच भाई-बहनों को मिला संरक्षण.
बाल कल्याण समिति ने बड़े भाई को बनाया संरक्षक, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित दस्तावेजी कार्रवाई के दिए निर्देश.
ग्राम अबुपुर कुचोली, गंजबासौदा निवासी पाँच भाई-बहनों के माता-पिता के निधन के बाद बच्चों के सामने उत्पन्न हुई कठिन परिस्थितियों को देखते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा उन्हें आवश्यक संरक्षण एवं सहायता उपलब्ध कराने की पहल की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार पाँचों भाई-बहनों के पिता का निधन लगभग पाँच वर्ष पूर्व हो गया था। इसके बाद बच्चों की माता ही उनका पालन-पोषण कर रही थीं, लेकिन 30 जुलाई 2026 को करंट लगने से उनकी भी मृत्यु हो गई। माता-पिता दोनों के निधन के बाद पाँचों बच्चे बेसहारा हो गए।

बच्चों की स्थिति की जानकारी मिलने पर महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक श्रीमती ऋतु शर्मा द्वारा पाँचों बच्चों को आवश्यक संरक्षण एवं आर्थिक सहायता के लिए बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बाल कल्याण समिति द्वारा बच्चों की स्थिति का संवेदनशीलता से संज्ञान लेते हुए बड़े भाई राजा सहरिया को बच्चों का संरक्षक नियुक्त किया गया। समिति द्वारा सभी बच्चों के आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने, शासकीय योजनाओं से जोड़ने तथा बच्चों को नियमानुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए परियोजना अधिकारी, गंजबासौदा को निर्देशित किया गया।

बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री रामबाबू प्रजापति, सदस्य श्रीमती सुनीता दांगी, श्रीमती लक्ष्मी शर्मा, श्री चंद्रभान सिंह बघेल श्री दीवान सिंह मीणा द्वारा पाँचों बच्चों की काउंसलिंग की गई। इस दौरान बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं संरक्षण से संबंधित जानकारी प्राप्त की गई तथा उनके बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया गया। समिति द्वारा बच्चों की शिक्षा निरंतर जारी रखने, स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं का ध्यान रखने तथा उन्हें शासन की पात्र योजनाओं एवं सुविधाओं से लाभान्वित कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग एवं बाल कल्याण समिति की इस पहल का उद्देश्य माता-पिता को खो चुके इन बच्चों को सुरक्षित वातावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आवश्यक संरक्षण उपलब्ध कराते हुए उनके भविष्य को संवारना है।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान: नटेरन जनपद के दो क्लस्टरों के 25 ग्रामों में 5 सितंबर को लगेंगे विशेष शिविर .मुख्यमंत्री ...
01/09/2026

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान: नटेरन जनपद के दो क्लस्टरों के 25 ग्रामों में 5 सितंबर को लगेंगे विशेष शिविर .
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिले की ग्राम पंचायतों में विशेष शिविरों के आयोजन का सिलसिला लगातार जारी है। शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले के विभिन्न जनपदों में निर्धारित क्लस्टरों के अंतर्गत आने वाले ग्रामों में शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याओं, शिकायतों और मांगों का मौके पर निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। अभियान के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शिविर आयोजित किए जाने हैं। इस क्रम में शुक्रवार 4 सितंबर को जन्माष्टमी पर्व पर सामान्य अवकाश घोषित होने के कारण शिविरों का आयोजन अगले दिन शनिवार 5 सितंबर को किया जाएगा। इस दिन नटेरन जनपद पंचायत के दो चिन्हित क्लस्टरों के अंतर्गत आने वाले कुल 25 ग्रामों में विशेष शिविर आयोजित होंगे।

कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के अनुमोदन के उपरांत जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ओपी सनोडिया द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार नटेरन जनपद पंचायत के सतपाड़ाहाट क्लस्टर के अंतर्गत आने वाले ग्राम सतपाड़ाहाट, बाढ़ेर, साढ़ेर, हिनोतियामाली, भरनाखेड़ा, करमेड़ी, लखार, रमपुराकलां, नानकपुर, जीरापुर, हीरापुर और नादिया में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी प्रकार पमारिया क्लस्टर के अंतर्गत पमारिया, नरखेड़ाखड्या, इमलियाजागीर, आमखेड़ासूखा, महुआखेड़ा, पिपरिया, आमखेड़ाकालू, बींझ, बरखेड़ामाखू, पिपलधार, अमरपुरा, वर्धा और धोबीखेड़ा ग्राम में विशेष शिविर आयोजित होंगे।

इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराना तथा स्थानीय स्तर पर प्राप्त आवेदनों और समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है। शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहकर ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों की जानकारी लेंगे और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोड़ने की कार्यवाही करेंगे। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं की पहुंच और सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के साथ ही आमजन की समस्याओं के निराकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। निर्धारित तिथि पर संबंधित ग्रामों के ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं, आवेदनों एवं योजनाओं से संबंधित प्रकरण प्रस्तुत करें और अभियान का लाभ उठाएं।

जनसुनवाई में 156 आवेदन प्राप्त, 75 का मौके पर निराकरण शेष 81 आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को दिए गए निर्देश...
01/09/2026

जनसुनवाई में 156 आवेदन प्राप्त, 75 का मौके पर निराकरण शेष 81 आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को दिए गए निर्देश .
जिला मुख्यालय पर मंगलवार को कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता द्वारा आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। जनसुनवाई के दौरान कुल 156 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 75 आवेदनों का निराकरण किया गया। शेष 81 आवेदन निराकरण के लिए लंबित हैं। जनसुनवाई में नागरिकों ने राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सामाजिक न्याय, नगर पालिका, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं और शिकायतों के आवेदन प्रस्तुत किए। अधिकारियों द्वारा आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को प्रकरणों का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना है। प्राप्त आवेदनों में से जिन प्रकरणों का तत्काल समाधान संभव था, उनका निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजकर समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कर आमजन को राहत प्रदान की जा सके।

रेलवे फाटक क्रमांक-273 दो दिन रहेगा बंद, अनुरक्षण कार्य के चलते सड़क यातायात प्रभावित .2 एवं 3 सितंबर को सुबह 11 से दोपह...
01/09/2026

रेलवे फाटक क्रमांक-273 दो दिन रहेगा बंद, अनुरक्षण कार्य के चलते सड़क यातायात प्रभावित .
2 एवं 3 सितंबर को सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक बंद रहेगा रेलवे गेट, समपार फाटक क्रमांक-274 से आवागमन की व्यवस्था .
रेलवे प्रशासन द्वारा रेलवे ट्रैक के आवश्यक अनुरक्षण कार्य के चलते रेलवे फाटक क्रमांक-273 को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है। रेलवे विभाग से प्राप्त सूचना के अनुसार सोराई यार्ड–सुमेर सेक्शन के किमी 896/28-30 पर स्थित समपार फाटक क्रमांक-273 पर बीसीएम (BCM) मशीन द्वारा आवश्यक अनुरक्षण कार्य किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 2 से 3 सितंबर तक प्रतिदिन प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक रेलवे फाटक क्रमांक-273 सड़क यातायात के लिए बंद रहेगा। इस दौरान उक्त मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को आवागमन में असुविधा हो सकती है।

रेलवे प्रशासन ने आमजन से अनुरोध किया है कि अनुरक्षण कार्य के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें। रेलवे फाटक क्रमांक-273 के बंद रहने की अवधि में आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग के रूप में समपार फाटक क्रमांक-274 का उपयोग किया जा सकेगा। रेलवे प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों एवं आम नागरिकों को उक्त व्यवस्था की जानकारी देते हुए निर्धारित समयावधि में सहयोग करने की अपील की गई है, ताकि रेलवे के आवश्यक अनुरक्षण कार्य को सुरक्षित एवं सुचारू रूप से पूरा किया जा सके।

अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 410 पाव मदिरा जब्त .पूरनपुरा में रिहायशी मकान से 73.8 बल्क लीटर शराब ब...
01/09/2026

अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 410 पाव मदिरा जब्त .
पूरनपुरा में रिहायशी मकान से 73.8 बल्क लीटर शराब बरामद, आरोपी न्यायालय से जेल भेजा गया .
जिले में अवैध मदिरा के धारण, परिवहन, निर्माण एवं विक्रय पर प्रभावी रोकथाम के लिए कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशानुसार आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने वार्ड क्रमांक 39, पूरनपुरा विदिशा में कार्रवाई करते हुए एक रिहायशी मकान से बड़ी मात्रा में अवैध मदिरा बरामद की है। जिला आबकारी अधिकारी श्री विकास त्रिपाठी ने बताया है कि प्राप्त जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर पूरनपुरा क्षेत्र में विधिवत तलाशी कार्रवाई की। तलाशी के दौरान गोलू यादव, पिता मोहर सिंह यादव, उम्र 37 वर्ष, निवासी पूरनपुरा विदिशा के कब्जे वाले रिहायशी मकान से 240 पाव देशी मसाला मदिरा तथा 170 पाव गोवा अंग्रेजी मदिरा, इस प्रकार कुल 410 पाव मदिरा बरामद की गई।

जब्त की गई मदिरा की कुल मात्रा 73.8 बल्क लीटर (BL) पाई गई। बरामद मदिरा का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 48,260 रुपये आंका गया है। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से मदिरा रखने के संबंध में आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण करने के बाद आरोपी गोलू यादव को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।

आबकारी टीम का सराहनीय योगदान -
अवैध मदिरा के विरुद्ध की गई इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक संजय इवने के साथ आरक्षक पवन गौर, राहुल राठौर, प्रमोद धुर्वे, आशीष कौरव एवं प्रीति परिहार का सराहनीय योगदान रहा। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है। विभाग द्वारा आगे भी मुखबिर तंत्र एवं प्राप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।

सफलता की कहानी: निःशुल्क फिजियोथेरेपी से मरीजों को मिल रही राहत, जिला चिकित्सालय का फिजियोथेरेपी विभाग बना वरदान .श्रीमं...
01/09/2026

सफलता की कहानी: निःशुल्क फिजियोथेरेपी से मरीजों को मिल रही राहत, जिला चिकित्सालय का फिजियोथेरेपी विभाग बना वरदान .
श्रीमंत माधवराव सिंधिया शासकीय जिला चिकित्सालय का फिजियोथेरेपी विभाग इन दिनों जिले सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों के लिए बड़ी राहत का केंद्र बन गया है। विभाग में मरीजों को आधुनिक तकनीकों और उपकरणों के माध्यम से पूरी तरह निःशुल्क फिजियोथेरेपी उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। निजी क्लीनिकों में उपचार की महंगी फीस से परेशान मरीजों के लिए सरकारी अस्पताल की यह सुविधा काफी लाभदायक साबित हो रही है।
वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. राहुल मारोथिया एवं डॉ. प्रियंका सिंह की देखरेख में मरीजों को उनकी बीमारी और शारीरिक स्थिति के अनुसार उपचार एवं आवश्यक व्यायाम कराए जा रहे हैं। निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण उपचार की सुविधा के कारण फिजियोथेरेपी विभाग की ओपीडी में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में यहां प्रतिदिन लगभग 50 से 60 मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।

आधुनिक उपकरणों से हो रहा उपचार -
जिला चिकित्सालय के फिजियोथेरेपी विभाग में शॉर्टवेव डायाथर्मी (SWD), अल्ट्रासाउंड थेरेपी, ट्रैक्शन मशीन और आईएफटी (IFT) सहित आधुनिक उपकरण उपलब्ध हैं। इन उपकरणों के माध्यम से दर्द, मांसपेशियों की जकड़न और अन्य शारीरिक समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को उपचार दिया जा रहा है। डॉ. राहुल मारोथिया ने बताया कि आधुनिक मशीनों और विशेषज्ञ फिजियोथेरेपी तकनीकों की मदद से पुराने एवं गंभीर दर्द से पीड़ित मरीजों को उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। नियमित फिजियोथेरेपी, आवश्यक व्यायाम और चिकित्सकीय मार्गदर्शन से मरीजों की शारीरिक गतिशीलता एवं कार्यक्षमता में सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है।

इन बीमारियों के मरीजों की संख्या अधिक -
फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. प्रियंका सिंह के अनुसार विभाग की ओपीडी में सबसे अधिक मरीज कमर एवं गर्दन के दर्द, स्पॉन्डिलाइटिस, स्लिप डिस्क, घुटनों के दर्द, गठिया एवं ऑस्टियोआर्थराइटिस जैसी समस्याओं के उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। इसके अलावा लकवा (पैरालिसिस) के बाद अंगों की गतिशीलता वापस लाने, हड्डी के फ्रैक्चर एवं दुर्घटना के बाद होने वाली शारीरिक जकड़न से पीड़ित मरीज भी नियमित रूप से फिजियोथेरेपी करा रहे हैं। खेलों के दौरान होने वाली स्पोर्ट्स इंजरी के मरीज भी विभाग में उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।

स्टाफ और एडवांस मशीनें बढ़ाने का प्रस्ताव -
जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. अनूप वर्मा ने बताया कि जिला चिकित्सालय में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना अस्पताल प्रबंधन की प्राथमिकता है। फिजियोथेरेपी विभाग में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आने वाले समय में स्टाफ की संख्या बढ़ाने तथा कुछ अन्य एडवांस रिहैबिलिटेशन मशीनें उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना तथा उन्हें उपचार के लिए अधिक समय तक इंतजार न करना पड़े, यह सुनिश्चित करना है।

निःशुल्क सुविधा बनी ग्रामीण मरीजों की बड़ी उम्मीद -
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों के लिए जिला चिकित्सालय की फिजियोथेरेपी सेवा आर्थिक रूप से भी महत्वपूर्ण साबित हो रही है। निजी केंद्रों पर फिजियोथेरेपी के लिए होने वाले खर्च की तुलना में यहां निःशुल्क उपचार मिलने से मरीजों और उनके परिजनों को आर्थिक राहत मिल रही है। मरीजों की बढ़ती संख्या इस बात का संकेत है कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में उपलब्ध यह सुविधा लोगों के बीच अपनी उपयोगिता और विश्वास स्थापित कर रही है। जिला चिकित्सालय का फिजियोथेरेपी विभाग अब केवल दर्द से राहत देने का माध्यम नहीं, बल्कि दुर्घटना, फ्रैक्चर और लकवे के बाद मरीजों को दोबारा सामान्य जीवन की ओर लौटने में मदद करने वाली महत्वपूर्ण पुनर्वास सेवा के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।

01/09/2026

Address

जिला जनसंपर्क कार्यालय राजीव नगर
Vidisha
464001

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when PRO Jansampark Vidisha posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Organization

Send a message to PRO Jansampark Vidisha:

Shortcuts

Share