14/07/2026
District Magistrate,Fatehpur
सेवा में,
जिलाधिकारी महोदया,
जनपद– फतेहपुर (उ.प्र.)
विषय: अमौली–कोरिया मार्ग (टी-10) के निर्माण कार्य में अत्यधिक विलंब, फर्जी निस्तारण एवं निर्माण कार्य बंद किए जाने के संबंध में जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई किए जाने हेतु।
महोदया,
सविनय निवेदन है कि अमौली–कोरिया मार्ग (टी-10) का निर्माण कार्य अनुबंध के अनुसार 06 दिसम्बर 2025 तक पूर्ण किया जाना था, किन्तु आज दिनांक तक लगभग 7 माह बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य पूर्ण होना तो दूर, विधिवत प्रारम्भ भी नहीं किया गया है।
जब ग्रामवासियों द्वारा इस गंभीर समस्या के संबंध में IGRS (मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल) पर शिकायतें दर्ज कराई गईं, तब ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, फतेहपुर द्वारा बिना वास्तविक निर्माण कार्य कराए ही फर्जी निस्तारण करते हुए यह उल्लेख कर दिया गया कि मई माह में निर्माण कार्य करा दिया जाएगा। जबकि वास्तविकता यह है कि मई माह में भी कोई कार्य नहीं कराया गया।
इसके उपरांत ग्रामवासी श्री अनुज कुमार, श्री ललित कुमार एवं एडवोकेट सिद्धार्थ शंकर सहित सैकड़ों ग्रामीणों द्वारा पुनः IGRS पर शिकायतें दर्ज कराई गईं। शिकायतों के दबाव में ठेकेदार एवं ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के जे.ई. द्वारा केवल लगभग 150 मीटर एक साइड सड़क बनाकर उसकी फोटो खींची गई तथा कार्य प्रारम्भ होने का दिखावा कर पुनः निर्माण कार्य बंद कर दिया गया। वर्तमान में निर्माण स्थल पर कोई कार्य नहीं चल रहा है।
उक्त घटनाक्रम से स्पष्ट प्रतीत होता है कि ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, फतेहपुर एवं संबंधित ठेकेदार की मिलीभगत से शासन एवं जनता को गुमराह किया जा रहा है तथा मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल की शिकायतों का भी वास्तविक समाधान किए बिना फर्जी निस्तारण किया जा रहा है।
अतः आपसे विनम्र निवेदन है कि कृपया निम्नलिखित कार्यवाही करने की कृपा करें—
1. अमौली–कोरिया मार्ग (टी-10) के निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए।
2. IGRS पर किए गए फर्जी निस्तारण की जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर विभागीय एवं विधिक कार्रवाई की जाए।
3. संबंधित ठेकेदार की कार्यप्रणाली की जांच कर आवश्यक दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
4. निर्माण कार्य को तत्काल पुनः प्रारम्भ कराकर निर्धारित गुणवत्ता एवं समय सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए।
5. जांच पूर्ण होने तक निर्माण कार्य की नियमित निगरानी हेतु सक्षम अधिकारी नामित किए जाएं।
हमें पूर्ण विश्वास है कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर आप शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई करेंगी, जिससे क्षेत्र की हजारों जनता को आवागमन की गंभीर समस्या से राहत मिल सके।
भवदीय,
किसान मजदूर युवा शक्ति
तथा समस्त ग्रामवासी
अमौली–कोरिया मार्ग (टी-10) क्षेत्र
तहसील बिंदकी, जनपद फतेहपुर (उ.प्र.)