26/07/2026
नागरिक अधिकार मंच का प्रथम द्विवार्षिक सम्मेलन संपन्न, अनिल शर्मा बने प्रधान व नरेश गौतम महासचिव
हिसार। नागरिकों के अधिकारों की रक्षा और जनहित के मुद्दों पर कार्य करने के उद्देश्य से गठित नागरिक अधिकार मंच का प्रथम द्विवार्षिक सम्मेलन रविवार को राजगुरु मार्केट स्थित पंजाबी धर्मशाला में आयोजित किया गया। सम्मेलन में मंच की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें अनिल शर्मा को प्रधान और नरेश गौतम को महासचिव चुना गया।
सम्मेलन की संयुक्त अध्यक्षता अनु सूरा ढींगड़ा एवं होशियार खान ने की, जबकि मंच का संचालन रवि आहूजा और त्रिलोक बंसल ने किया। मुख्य वक्ता के रूप में सेवानिवृत्त मंडल आयुक्त अशोक गर्ग तथा यूको बैंक के सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्रबंधक ओमप्रकाश उपस्थित रहे। सम्मेलन में हिसार शहर के सैकड़ों गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
मुख्य वक्ता अशोक गर्ग ने भारतीय संविधान के तहत नागरिकों को प्राप्त अधिकारों की जानकारी देते हुए जागरूक रहने का आह्वान किया। वहीं ओमप्रकाश ने शहर में बढ़ रही सामाजिक बुराइयों पर चिंता जताते हुए सभी से एकजुट होकर इनके खिलाफ कार्य करने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, नशामुक्ति और शहर में सौहार्दपूर्ण वातावरण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
नई कार्यकारिणी में अनुसूरा ढींगड़ा को वरिष्ठ उपप्रधान बनाया गया। मंगल ढालिया, अशोक असीजा, होशियार खान, सरवजीत कौर, सतीश आहूजा और त्रिलोक बंसल को उपप्रधान, सीमा रानी और राजेश बागड़ी को उपमहासचिव, संजय तिसावर, बबली लांबा, एडवोकेट कुसुम प्रजापति, धर्मपाल पुनिया, रमेश आहूजा और सुभाष कांगड़ा को सचिव, रितिंद्र बागड़ी, लीलूराम जांगड़ा, संजीव मांजराय और सुरेंद्र मान को संगठन सचिव तथा रवि आहूजा को प्रेस सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।