06/08/2026
मधुबनी: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की 'गाँव-गाँव पदयात्रा' हरलाखी में शुरू: केंद्र और बिहार सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ फूटा जनआक्रोश
हरलाखी, 06 अगस्त 2026
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय आह्वान पर आज हरलाखी विधानसभा क्षेत्र के हिसार पंचायत अंतर्गत मुसहरी टोल से 'गाँव-गाँव पदयात्रा' की जोरदार शुरुआत की गई। भारी बारिश के बावजूद इस पदयात्रा में कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने भारी संख्या में शिरकत कर सरकार की विफलताओं के खिलाफ हुंकार भरी। यह पदयात्रा हिसार गाँव के विभिन्न टोल-मोहल्लों से होते हुए गुजरी, जहाँ आम जनता ने उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
पदयात्रा के समापन के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए हरलाखी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं राज्य परिषद सदस्य का० राकेश कुमार पाण्डेय ने मीडिया के माध्यम से केंद्र और बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज देश और राज्य की जनता डबल इंजन सरकार की गलत नीतियों के कारण त्रस्त है। केंद्र और राज्य सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। आए दिन होने वाले पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी ने युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है, जबकि सरकार रोजगार देने के नाम पर सिर्फ छलावा कर रही है। उन्होंने मीडिया कर्मियों के समक्ष आगे कहा कि सरकारी कार्यालयों से लेकर विकास कार्यों तक में भ्रष्टाचार और घूसखोरी की होड़ मची है। अंचल कार्यालय और अनुमंडल कार्यालयों में बिना रिश्वत दिए आम जनता का कोई भी काम नहीं होता है। चंदा चोरी और घोटालों ने सरकारी तंत्र को खोखला कर दिया है। ग्रामीण स्तर पर पेयजल की भारी समस्या बनी हुई है, लेकिन पीएचईडी विभाग का रवैया पूरी तरह उदासीन है और अधिकारी व कर्मचारी सिर्फ अपनी तिजोरी भरने में लगे हैं। इसके अलावा, हरलाखी प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बदहाली चरम पर है जहाँ सांप काटने के इलाज तक के लिए जरूरी दवाइयां उपलब्ध नहीं हैं, जिससे गरीब मरीजों को मजबूरन महंगे प्राइवेट अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। प्रदेश में लगातार बढ़ रहे अपराध और महिला सुरक्षा पर मंडराता खतरा यह साबित करता है कि सरकार कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह असफल रही है।
भाकपा नेताओं ने मीडिया के जरिए केंद्र और राज्य सरकार की इन जनविरोधी, गरीब विरोधी और किसान-मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ जनता से एकजुट होने की जोरदार अपील की। वक्ताओं ने घोषणा की कि इन तमाम बुनियादी सवालों और देश को बचाने के लिए आगामी एक सितंबर को दिल्ली में एक विशाल राष्ट्रीय रैली का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने हरलाखी क्षेत्र के सभी नागरिकों, युवाओं, किसानों और मेहनतकशों से अपील की कि वे भारी से भारी संख्या में दिल्ली पहुँचकर इस ऐतिहासिक रैली को पूरी तरह सफल बनावें। इस सफल एवं जनसमर्थित कार्यक्रम में भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और पार्टी के प्रमुख साथी उपस्थित रहे, जिनमें सहायक अंचल मंत्री का० बलराम यादव, का० शिव शंकर ठाकुर, का० वैद्यनाथ ठाकुर, का० रामचन्द्र दास, का० राम लाल महतो, का० परमेश्वर पासवान, का० श्रवण महतो, का० बेचन मंडल, का० लक्ष्मी मंडल, का० राम सोगारथ ठाकुर, का० प्रसादी मंडल सहित सैकड़ो साथीगण मौजूद थे।